देश

'समाज में जहर घोल रहे राहुल गांधी', खरगे के 'शुद्धिकरण' विवाद पर सियासी घमासान; BJP ने कांग्रेस पर बोला हमला

उत्तराखंड में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे के बाद हुए कथित 'शुद्धिकरण' विवाद पर भाजपा ने पलटवार किया है। भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि वायरल वीडियो में कोई जातिगत कोण नहीं है।

Image

उत्तराखंड विवाद पर गरमाई राजनीति

Photo : ANI

उत्तराखंड के हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के दौरे के बाद हुए कथित 'शुद्धिकरण' विवाद ने तूल पकड़ लिया है। इस मुद्दे पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी द्वारा SC/ST एक्ट के तहत FIR दर्ज करने की मांग के बाद भारतीय जनता पार्टी ने करारा पलटवार किया है। शनिवार को नई दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा सांसद और राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने साफ किया कि वायरल वीडियो में दूर-दूर तक कोई जातिगत कोण (Caste Angle) नहीं है।

सुधांशु त्रिवेदी ने राहुल गांधी और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि उनके पास अब कोई नए विचार नहीं बचे हैं, इसलिए वे बार-बार जाति, भाषा, क्षेत्र और लिंग जैसे मुद्दों को उठाकर भारतीय समाज में विभाजन पैदा करने की कोशिश करते हैं। त्रिवेदी ने तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस का एकमात्र मकसद हिंदुओं को आपस में लड़ाना है और वे पर्दे के पीछे से मैकाले, मार्क्स और मौलाना के एजेंडे को आगे बढ़ा रहे हैं।

राहुल गांधी के दलित प्रेम पर उठाए सवाल?

राहुल गांधी के दलित प्रेम पर सवाल उठाते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कांग्रेस शासित राज्यों की पुरानी घटनाओं का जिक्र किया। उन्होंने 2019 और 2021 में राजस्थान के भिवाड़ी, अलवर और झालावाड़ में दलित युवकों पर हुए जानलेवा हमलों का हवाला देते हुए पूछा कि उस समय कांग्रेस की सरकार ने क्या कदम उठाए थे? इसके अलावा, उन्होंने कर्नाटक के पूर्व कांग्रेस विधायक अखंड श्रीनिवास मूर्ति के घर पर हुए हमले का जिक्र करते हुए कहा कि दलित समुदाय से आने वाले अपने ही नेता का कांग्रेस ने साथ नहीं दिया और उन्हें कोर्ट में अकेले लड़ाई लड़नी पड़ी।

कांग्रेस सांसद ने पीएम मोदी से की कार्रवाई की मांग

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मौजूद भाजपा के एक अन्य प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने भी कांग्रेस पर 'दलित विरोधी' मानसिकता रखने का आरोप लगाया। यह पूरी बहस तब शुरू हुई जब राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मांग की कि उत्तराखंड में शुद्धिकरण का कर्मकांड करने वालों के खिलाफ तुरंत सख्त कानूनी कार्रवाई की जाए। फिलहाल इस पूरे वाकये ने दोनों दलों के बीच सियासी पारे को और चढ़ा दिया है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article