दुनिया

बढ़ते तनाव के बीच कनाडा ने अपडेट की ट्रैवल एडवाइजरी, जानिए इस बार क्या कहा

  • Authored by: अमित कुमार मंडल
  • Updated Sep 26, 2023, 07:09 AM IST

ब्रिटिश कोलंबिया में खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों के शामिल होने के कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के विस्फोटक आरोपों के बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया है।

Image

कनाडा ने अपडेट की एडवाइजरी

Photo : PTI

India Canada Row: बढ़ते राजनयिक तनाव के बीच कनाडा ने भारत में अपने नागरिकों के लिए ट्रैवल एडवायजरी को अपडेट किया है। कनाडा ने हाल के घटनाक्रमों के मद्देनजर अपने नागरिकों से सतर्क रहने और सावधानी बरतने के लिए कहा है। सोशल मीडिया पर कनाडा को लेकर विरोध प्रदर्शन को देखते हुए एडवाइजरी अपडेट की गई है। इससे पहले भारत ने भी अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की थी।

सोशल मीडिया का दिया हवाला

कनाडा सरकार ने रविवार को एक अपडेट में कहा, कनाडा और भारत में हाल के घटनाक्रमों के संदर्भ में विरोध प्रदर्शन के आह्वान और सोशल मीडिया पर कनाडा के प्रति कुछ नकारात्मक भावनाएं हैं। कृपया सतर्क रहें और सावधानी बरतें। ग्लोबल न्यूज की रिपोर्ट के अनुसार, यह नई दिल्ली द्वारा कनाडा में रहने वाले भारतीय नागरिकों और छात्रों के लिए इसी तरह की सलाह जारी करने और वीजा सेवाओं को रोकने के बाद आया है।

हरदीप सिंह निज्जर की हत्या पर बढ़ा तनाव

18 जून को ब्रिटिश कोलंबिया में 45 वर्षीय खालिस्तानी चरमपंथी हरदीप सिंह निज्जर की हत्या में भारतीय एजेंटों की संभावित संलिप्तता के कनाडाई प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो के विस्फोटक आरोपों के बाद भारत और कनाडा के बीच तनाव बढ़ गया है। भारत ने 2020 में निज्जर को आतंकवादी घोषित किया था। इसे मुद्दे पर दोनों देश एक-एक राजनयिक को बाहर भी निकाल चुके हैं। भारत ने आरोपों को बेतुका और राजनीति से प्रेरित कहकर खारिज कर दिया और इस मामले पर ओटावा के एक भारतीय अधिकारी को निष्कासित करने के बदले में एक वरिष्ठ कनाडाई राजनयिक को निष्कासित कर दिया था।

भारतीय मिशनों की बढ़ाई सुरक्षा

खालिस्तानी समूह सिख फॉर जस्टिस (SFJ) के विरोध प्रदर्शन के आह्वान के बाद कनाडा के ओटावा, टोरंटो और वैंकूवर में भारतीय मिशनों को बैरिकेड्स से घेर दिया गया। चरमपंथी संगठन ने कनाडा के प्रमुख शहरों में भारतीय राजनयिक मिशनों के बाहर विरोध प्रदर्शन का आह्वान किया है इसके अलावा, स्थिति पर नजर रखने के लिए स्थानीय पुलिस और संघीय पुलिस कर्मियों को भी तैनात किया गया है।

अमित कुमार मंडल
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article