Narendra Modi : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे हो गए हैं। सात अक्टूबर 2001 को पहली बार उन्होंने गुजरात के मुख्यमंत्री पद की कमान संभाली। इसके बाद से वह लगातार गुजरात के सीएम और फिर देश के प्रधानमंत्री रहे हैं। सार्वजनिक जीवन में यह खास उपलब्धि हासिल करने के लिए भारतीय जनता पार्टी (BJP) देश भर में कई कार्यक्रम आयोजित कर रही है। आज से देश भर में एक महीने तक 'सेवा संकल्प अभियान' की शुरुआत होगी। पीएम मोदी के जन्मस्थान वडनगर से उनके संसदीय क्षेत्र वाराणसी तक यात्रा भी निकाली जाएगी।
दिल्ली के आईजी इंडोर स्टेडियम में ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बीजेपी देशभर में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित कर रही है। इसी कड़ी में दिल्ली बीजेपी की ओर से आज आईजी इंडोर स्टेडियम में ‘सेवा ज्योति’ कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। PM इस कार्यक्रम को संबोधित करेंगे। रिपोर्टों के मुताबिक इस आयोजन में करीब 5 हजार लोगों के जुटने की उम्मीद है। प्रधानमंत्री के संबोधन का देश के अलग-अलग हिस्सों में लाइव प्रसारण भी किया जाएगा।
‘सेवा ज्योति यात्रा’ में शामिल होंगे अमित शाह
बीजेपी की ओर से कई राज्यों में अलग-अलग कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह गुरुग्राम में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और हरियाणा प्रभारी स्मृति ईरानी भी मौजूद रहेंगी। गाजियाबाद में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह प्रधानमंत्री के लाइव संबोधन के कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। पटना में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ आयोजित की जाएगी, जिसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन नवीन वर्चुअली संबोधित करेंगे। मुंबई में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ‘संकल्प सभा’ और ‘सेवा ज्योति यात्रा’ में शामिल होंगे।
वडोदरा में 60 हजार युवा गरबा करेंगे
प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे होने के मौके पर गुजरात के वडोदरा में भी बड़ा कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। यहां 60 हजार से अधिक युवा एक साथ गरबा करेंगे। आयोजकों के मुताबिक, इतने बड़े स्तर पर एक साथ गरबा किए जाने का यह विश्व रिकॉर्ड बनाने का प्रयास होगा। इसके अलावा अहमदाबाद में रिवरफ्रंट से ‘जल कक्ष यात्रा’ निकाली जाएगी। वहीं, वाराणसी से वडनगर तक चलाए जा रहे अभियान के समापन समारोह में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और गुजरात के मुख्यमंत्री भूपेंद्र पटेल मौजूद रहेंगे।
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने दी बधाई
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अपने बधाई संदेश में कहा कि 'श्री @narendramodi जी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे हो रहे हैं। पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में 13 वर्ष और अब भारत के प्रधानमंत्री के रूप में पिछले 12 वर्षों से मोदी जी निरंतर जनसेवा में समर्पित हैं। मैं मोदी जी को इस सफल यात्रा के लिए हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देता हूं। 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी यात्रा राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है। इस पूरी यात्रा का मूल मंत्र हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ रहा है। मोदी जी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनकल्याणकारी कार्यों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और करोड़ों लोगों को घर, पानी, शौचालय, गैस कनेक्शन और बैंकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं मिली हैं।'
25 वर्षों की उपलब्धियों की तारीफ की गई
केंद्रीय मंत्रिमंडल ने मंगलवार को एक प्रस्ताव पारित किया, जिसमें प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की पिछले 25 वर्षों की उपलब्धियों की तारीफ की गई, जिनमें पहले गुजरात के मुख्यमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल और बाद में प्रधानमंत्री के तौर पर उनका कार्यकाल शामिल है। कैबिनेट ने एक प्रस्ताव में यह भी कहा कि गुजरात में तीन बार मिले भारी जनादेश और लगातार तीन लोकसभा चुनावों में मिला समर्थन, प्रधानमंत्री मोदी में जनता के 'अटूट भरोसे’ को दर्शाता है। मंत्रिमंडल की बैठक में पारित किए गए प्रस्ताव के बारे में पत्रकारों को जानकारी देते हुए, सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि कैबिनेट ने सरकार के प्रमुख के तौर पर प्रधानमंत्री के लगातार 25 साल के नेतृत्व के लिए उन्हें बधाई देने वाला प्रस्ताव पारित किया।
प्रस्ताव में मोदी की लगातार जनसेवा का जिक्र
प्रस्ताव में पहले इस बात की प्रशंसा की गई कि प्रधानमंत्री मोदी ने किस तरह गुजरात की सफल पहल राष्ट्रीय स्तर पर पहुंचाई। इसमें 'स्वागत’ का उदाहरण दिया गया, जिसके माध्यम से वह नागरिकों की शिकायतों को व्यक्तिगत रूप से सुनते थे। सूचना और प्रसारण मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बैठक के बारे में संवाददाताओं को जानकारी देते हुए बताया कि यह प्रस्ताव सात अक्टूबर 2001 से छह अक्टूबर 2026 के बीच मोदी की लगातार जनसेवा को रेखांकित करता है। प्रस्ताव में मोदी द्वारा लिये गए उन कई फैसलों का जिक्र किया गया, जिन्होंने आम लोगों के जीवन को प्रभावित किया है और देश में आत्मविश्वास जगाया है। वैष्णव ने कहा कि इसी तरह, ज्योतिग्राम योजना के तहत कृषि के लिए अलग बिजली फीडर लगाने के गुजरात के अनुभव को पूरे भारत में लागू किया गया।
