सर्दियों का मौसम अपने साथ ठंडक के अलावा बहुत सारी बीमारियां भी लेकर आता है। इसमें आपको सर्दी-जुकाम जैसी सामान्य बीमारियों के अलावा हार्ट अटैक जैसी जानलेवा बीमारियों तक का खतरा बढ़ जाता है। जी हां सर्दियों में हाई कोलेस्ट्रॉल से बहुत से लोग परेशान दिखाई देते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि कोलेस्ट्रॉल का लेवल ठंड में क्यों बढ़ जाता है। आइए जानते हैं इसके मुख्य कारण और साथ ही विस्तार से जानिए सर्दियों में हार्ट पेशेंट कैसे रखें अपनी सेहत का ख्याल।
एक्सरसाइज है जरूरी
सर्दी के दिनों में बाहर तापमान कम होने से हम ज्यादा घर में रहना ही पसंद करते हैं। इसके अलावा कुछ लोग तो बैड से उठना तक पसंद नहीं करते हैं। यही कारण है कि इस समय शरीर में फैट जमा होने लगता है। जो बैड कोलेस्ट्रॉल के बढ़ने का सबसे अहम कारण बन जाता है। इससे बचने के लिए आपको दिन में कम से कम 20-30 मिनट रोजाना एक्सरसाइज जरूर करनी चाहिए।
ऑयली फूड का सेवन
सर्दियों का मौसम शुरू होते ही लोग तला भुना खाना काफी पसंद करते हैं। इस मौसम में लोग समोसे, पकौड़े, हलवा और पराठे भरपूर मात्रा में खाते हैं। कैलोरी से भरपूर ये चीजें आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा को बढ़ाने का काम करती हैं। इससे बचने के लिए आप सर्दियों में फाइबर फूड को डाइट का हिस्सा जरूर बनाएं।
भरपूर विटामिन-डी लें
सर्दियों में रहने वाला कोहरा धूप की कमी का कारण बन जाता है। जिससे हमारे शरीर में विटामिन-डी की मात्रा कम होने लगती है। शरीर में बिगड़ा विटामिन-डी का लेवल आपके शरीर में कोलेस्ट्रॉल के लेवल को बढ़ा सकता है। इसलिए जरूरी है कि आप सर्दियों में कम से कम 30 मिनट की धूप जरूर लें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
