दिवाली पर पटाखे फोड़ने दौरान छोटी सी लापरवाही भी चोट की वजह बन सकती है। हाथ, चेहरा और आंखें पटाखों से होने वाली चोट के लिहाज से खास तौर पर संवेदनशील होते हैं। जलने की स्थिति में सबसे जरूरी है कि घबराने के बजाय सही फर्स्ट एड दिया जाए। लेकिन अक्सर लोग जल्दबाजी में ऐसे घरेलू उपाय करने लगते हैं, जो जले हुए हिस्से को और नुकसान पहुंचा सकते हैं।
जलने पर सबसे पहले क्या करें?
डॉक्टर्स के मुताबिक, जलने के तुरंत बाद प्रभावित हिस्से को साफ, ठंडे बहते पानी के नीचे करीब 20 मिनट तक रखें। पानी बहुत ठंडा या बर्फ जैसा नहीं होना चाहिए। इससे त्वचा में बनी गर्मी कम करने और दर्द घटाने में मदद मिलती है।
अगर कपड़ों में आग लगी हो तो सबसे पहले आग बुझाना और व्यक्ति को सुरक्षित जगह पर ले जाना जरूरी है। इसके बाद जले हुए हिस्से को ठंडे बहते पानी से ठंडा किया जा सकता है।
टूथपेस्ट लगाने की गलती न करें
जलने पर टूथपेस्ट लगाने का चलन काफी आम है। टूथपेस्ट लगाने से कुछ देर ठंडक महसूस हो सकती है, लेकिन यह जलन का इलाज नहीं है। इसमें मौजूद केमिकल और खुशबू वाले पदार्थ जली हुई त्वचा को परेशान कर सकते हैं। इससे संक्रमण का खतरा भी बढ़ सकता है और डॉक्टर के लिए चोट की गहराई का सही आकलन करना मुश्किल हो सकता है।
घी, तेल और मक्खन भी न लगाएं
कई लोग जलने पर घी, मक्खन या खाना पकाने का तेल लगाने की सलाह देते हैं। ऐसा नहीं करना चाहिए। ये चीजें त्वचा पर परत बना सकती हैं और गर्मी को अंदर फंसा सकती हैं। इससे चोट ज्यादा गंभीर हो सकती है।
बर्फ सीधे त्वचा पर न लगाएं
जलन होने पर बर्फ लगाने से थोड़ी देर के लिए राहत मिल सकती है, लेकिन सीधे बर्फ लगाने से त्वचा को नुकसान पहुंच सकता है। इसलिए बर्फ या बहुत ठंडे पानी की बजाय सामान्य ठंडे बहते पानी का इस्तेमाल बेहतर है।
फफोले को खुद न फोड़ें
जलने के बाद अगर त्वचा पर फफोला बन जाए तो उसे सुई से फोड़ने या उसकी ऊपरी त्वचा खींचने की कोशिश न करें। फफोला नीचे की त्वचा को सुरक्षा देता है। उसे फोड़ने से संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। इसी तरह अगर कपड़ा जली त्वचा से चिपक गया है तो उसे खींचकर अलग न करें।
कब तुरंत डॉक्टर के पास जाएं?
जलने के बाद प्रभावित हिस्से को ठंडा करने के बाद उसे साफ, ढीली और नॉन-फ्लफी ड्रेसिंग या स्टेराइल कपड़े से ढक सकते हैं। अंगूठी, घड़ी या चूड़ी जैसी चीजें सूजन आने से पहले निकाल दें, लेकिन अगर वे त्वचा से चिपकी हैं तो उन्हें जबरदस्ती न खींचें।
अगर जलन गहरी या ज्यादा फैली हुई है, फफोले बन गए हैं या चोट चेहरे, हाथ, पैर, जोड़ या निजी अंगों पर लगी है, तो डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है। चेहरे पर जलने के साथ सांस लेने में परेशानी, बेहोशी या गंभीर चोट की स्थिति में तुरंत इमरजेंसी मेडिकल मदद लेनी चाहिए।
हमेशा याद रखें कि पटाखे से जलने पर सबसे पहले पानी, न कि टूथपेस्ट, घी, तेल या बर्फ। सही फर्स्ट एड शुरुआती नुकसान को कम करने में अहम भूमिका निभा सकता है।
