बॉलीवुड

'हॉलीवुड से भी बेहतर है रामायण'- Sunny Deol ने की रणबीर कपूर-यश की फिल्म की जमकर तारीफ

  • Authored by: अभय
  • Updated Nov 8, 2026, 10:01 AM IST

Sunny Deol on Ramayana Movie: 'रामायण' देखने के बाद सनी देओल (Sunny Deol) इसके मुरीद हो गए हैं। एक्टर ने फिल्म की तारीफ में कुछ ऐसा कहा, जिसने सबका ध्यान खींच लिया।

Image

'हर हिंदुस्तानी जाकर देखे', हनुमान बने सनी देओल ने 'रामायण' को लेकर की खास अपील (Image Source: IMDb)

Sunny Deol on Ramayana Movie: बॉलीवुड एक्टर सनी देओल (Sunny Deol) इन दिनों अपनी फिल्मों के साथ-साथ 'रामायण' (Ramayana) को लेकर भी चर्चा में हैं। नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर (Ranbir Kapoor), यश (Yash) और साई पल्लवी (Sai Pallavi) जैसे बड़े सितारे नजर आ रहे हैं। फिल्म की रिलीज के बाद से ही इसके भव्य सेट, विजुअल इफेक्ट्स और स्टार्स की एक्टिंग को लेकर सोशल मीडिया पर खूब बातें हो रही हैं। अब सनी देओल ने भी फिल्म देखने के बाद अपना अनुभव साझा किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर किया, जिसमें फिल्म को लेकर उनका उत्साह साफ नजर आया। एक्टर ने इस वीडियो में फिल्म की तारीफ करने के साथ दर्शकों से इसे बड़े पर्दे पर देखने की अपील भी की है।

सनी देओल ने रामायण को हॉलीवुड फिल्मों से बेहतर बताया

इंस्टाग्राम पर शेयर किए गए वीडियो में सनी देओल फिल्म देखने के बाद अपना अनुभव बताते नजर आए। उन्होंने कहा, 'मैं अभी अपनी रामायण देखकर लौटा हूं और मुझे ये बहुत पसंद आई। मैं चाहता हूं कि हर इंडियन जाकर यह फिल्म देखे, क्योंकि यह किसी भी हॉलीवुड फिल्म से कम नहीं है। बल्कि यह उनसे भी बेहतर है। स्पेशल इफेक्ट्स देखकर आपको एहसास ही नहीं होगा कि आप उस दौर का हिस्सा नहीं हैं। यह आपको सीधे उसी समय में पहुंचा देते हैं।' सनी ने फिल्म में सभी कलाकारों के काम की भी तारीफ की। उन्होंने दर्शकों से फिल्म देखने की अपील करते हुए कहा, 'इसलिए मैं आप सभी से गुजारिश करता हूं, बल्कि गुजारिश नहीं, मैं पूरे हक से कह रहा हूं, क्योंकि यह सच में एक शानदार फिल्म है। आप सब इसे जरूर देखने जाएं।'

दीपिका चिखलिया ने दिया रिएक्शन

'रामायण' में साई पल्लवी के सीता के किरदार में एक्शन सीन दिखाए जाने को लेकर सोशल मीडिया पर काफी चर्चा हो रही है। कुछ लोगों ने इन सीन्स पर सवाल भी उठाए हैं। अब टीवी के मशहूर शो 'रामायण' में सीता का किरदार निभाने वाली एक्ट्रेस दीपिका चिखलिया (Dipika Chikhlia) ने इस पर अपनी बात रखी है। The Free Press Journal को दिए इंटरव्यू में दीपिका ने बताया कि उन्होंने अभी तक 'रामायण' का पहला पार्ट नहीं देखा है। हालांकि, इंस्टाग्राम पर फिल्म के कुछ सीन जरूर देखे हैं। इनमें सीता के कुछ एक्शन सीन भी शामिल हैं। इन सीन्स को लेकर ऑनलाइन काफी विरोध देखने को मिला है। इस पर दीपिका ने कहा, 'वाल्मीकि रामायण और तुलसीदास की रामायण की जो यादें मेरे मन में हैं, जो हमारी रामायण का भी मुख्य हिस्सा थीं, उनमें मुझे याद नहीं आता कि कहीं इस तरह के सीन थे। लेकिन हमारे देश में 300 से ज्यादा रामायण हैं। हर कहानी और हर रामायण एक-दूसरे से थोड़ी अलग है। हो सकता है कि मेकर्स ने किसी ऐसी रामायण से कुछ लिया हो, जिसके बारे में मुझे जानकारी नहीं है।'

रामायण में भगवान हनुमान बने हैं सनी देओल

नितेश तिवारी (Nitesh Tiwari) की इस दो पार्ट में बनने वाली फिल्म में सनी देओल भगवान हनुमान का किरदार निभा रहे हैं। फिल्म के पहले पार्ट के पोस्ट-क्रेडिट सीन में कहानी किष्किंधा की ओर बढ़ती है, जो वानरों का राज्य है। रामायण के अनुसार, जब रावण सीता का हरण करके ले जाता है, तो रास्ते में सीता के गहने नीचे गिर जाते हैं। सुग्रीव को ये गहने मिलते हैं। सीता की खोज के दौरान ये गहने अहम सुराग साबित होते हैं और आखिर में सुग्रीव इन्हें हनुमान को सौंप देते हैं। फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी सीता और यश रावण के किरदार में हैं। वहीं, रवि दुबे (Ravie Dubey) लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं।

Abhay
अभयauthor

अभय टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट डेस्क पर चीफ कॉपी एडिटर हैं। टीवी पत्रकारिता में डिप्लोमा हासिल करने वाले अभय मनोरंजन जगत की खबरों पर मजबूत पकड़ रखते हैं। वे फिल्म, टीवी, ओटीटी और सेलिब्रिटी अपडेट्स को सरल भाषा में और सटीक जानकारी के साथ पेश करने के लिए जाने जाते हैं। अभय अबतक 9,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं। तेजी से बदलती एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में खबरों को पकड़ने, रिसर्च करने और समय पर प्रकाशित करने में उनकी खास दक्षता है।

और पढ़ें
End of Article