हेल्थ

दिमाग के लिए सबसे जरूरी न्यूट्रिएंट है Vitamin b12, दिमाग की इन 5 एक्टिविटीज के लिए है आवश्यक

Most Important Vitamin For Brain: क्या आपको बार-बार भूलने की समस्या, ब्रेन फॉग या ध्यान लगाने में परेशानी होती है? बता दें ऐसा विटामिन बी12 की कमी से भी हो सकता है, जानिए ब्रेन के लिए क्यों जरूरी यह विटामिन।

Image

दिमाग के लिए सबसे जरूरी विटामिन

Most Important Vitamin For Brain: आजकल कई लोग शिकायत करते हैं कि उन्हें बार-बार बातें भूल जाती हैं, काम में मन नहीं लगता या हर समय दिमाग थका-थका सा महसूस होता है। अक्सर लोग इसे तनाव, बढ़ती उम्र या ज्यादा काम का असर मान लेते हैं। लेकिन कई बार इसके पीछे शरीर में विटामिन बी12 (Vitamin b12) की कमी भी हो सकती है। हेल्थ इन्फ्लूएंसर, न्यूरोलॉजिस्ट और जनरल फिजिशियन डॉ. प्रियंका सेहरावत के अनुसार, विटामिन बी12 दिमाग और नसों की सेहत (Brain Health) के लिए सबसे जरूरी पोषक तत्वों में से एक है। इसकी कमी सिर्फ याददाश्त ही नहीं, बल्कि शरीर की कई दूसरी जरूरी गतिविधियों को भी प्रभावित कर सकती है।

याददाश्त और सोचने-समझने की क्षमता पर असर

डॉ. प्रियंका बताती हैं कि विटामिन बी12 दिमाग को सही तरीके से काम करने में मदद करता है। जब शरीर में इसकी कमी होने लगती है तो व्यक्ति को चीजें याद रखने में परेशानी हो सकती है। कई बार ऐसा लगता है कि दिमाग पहले जितना तेज नहीं चल रहा। रोजमर्रा के छोटे-छोटे काम भी मुश्किल लगने लगते हैं।

ध्यान लगाने में होती है परेशानी

अगर काम करते समय या पढ़ाई के दौरान बार-बार ध्यान भटकता है, तो इसके पीछे भी विटामिन बी12 की कमी एक वजह हो सकती है। यह पोषक तत्व दिमाग को एक्टिव रखने में मदद करता है। इसकी कमी होने पर फोकस कम हो सकता है और व्यक्ति को किसी एक काम पर लंबे समय तक ध्यान लगाना मुश्किल लग सकता है।

हाथ-पैरों में झनझनाहट को न करें नजरअंदाज

विटामिन बी12 केवल दिमाग के लिए ही नहीं, बल्कि नसों की सेहत के लिए भी जरूरी है। इसकी कमी होने पर हाथों और पैरों में झनझनाहट, सुन्नपन या सुई चुभने जैसा एहसास हो सकता है। कई लोग इन संकेतों को सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, जबकि ये शरीर का चेतावनी संकेत हो सकते हैं।

चलने-फिरने में संतुलन भी बिगड़ सकता है

डॉ. प्रियंका सेहरावत के मुताबिक, विटामिन बी12 की कमी कुछ लोगों में शरीर का संतुलन भी प्रभावित कर सकती है। चलते समय लड़खड़ाहट महसूस होना या बैलेंस बनाए रखने में परेशानी होना इसके संकेत हो सकते हैं। ऐसा इसलिए होता है क्योंकि दिमाग और शरीर के बीच संदेश पहुंचाने वाली नसें प्रभावित होने लगती हैं।

क्यों जरूरी है विटामिन बी12 का ध्यान रखना

विटामिन बी12 दिमाग, याददाश्त, ध्यान और नसों को स्वस्थ रखने में अहम भूमिका निभाता है। अगर आपको बार-बार भूलना, ध्यान न लगना, हाथ-पैरों में झनझनाहट या संतुलन से जुड़ी परेशानी महसूस हो रही है, तो इसे नजरअंदाज न करें। सही समय पर जांच और डॉक्टर की सलाह से समस्या का पता लगाया जा सकता है। स्वस्थ दिमाग और बेहतर मानसिक क्षमता के लिए शरीर में विटामिन बी12 का पर्याप्त स्तर बनाए रखना बेहद जरूरी है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article