बिजनेस

भारती एयरटेल ने जियो प्लेटफॉर्म्स को पछाड़ा, मार्केट कैप में बनी देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी, पहले नंबर पर कौन?

Bharti Airtel Market Cap: भारती एयरटेल ने जियो प्लेटफॉर्म्स को पीछे छोड़ते हुए 13 लाख करोड़ रुपये के बाजार पूंजीकरण के साथ देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी का स्थान फिर से हासिल कर लिया है।

Image

भारती एयरटेल बाजार पूंजीकरण के लिहाज से दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बनी

Photo : iStock

Bharti Airtel Market Cap : भारतीय शेयर बाजार में शुक्रवार को बड़ी हलचल देखने को मिली। दिग्गज दूरसंचार कंपनी भारती एयरटेल ने बाजार पूंजीकरण (Market Capitalization) के मामले में जियो प्लेटफॉर्म्स को पीछे छोड़ दिया है। इस बढ़त के साथ ही भारती एयरटेल एक बार फिर देश की दूसरी सबसे मूल्यवान कंपनी बन गई है। शुक्रवार को बीएसई (BSE) पर भारती एयरटेल का शेयर 1.66 प्रतिशत की मजबूती के साथ 2,096.25 रुपये पर बंद हुआ। दिन में कारोबार के दौरान शेयर ने 2.81 प्रतिशत तक की शानदार तेजी दर्ज की और यह 2,120 रुपये के स्तर तक पहुंच गया था।

जियो के शेयरों में गिरावट से बदला समीकरण

एक तरफ जहां एयरटेल के शेयरों में खरीदारी का रुझान देखने को मिला, वहीं दूसरी तरफ जियो प्लेटफॉर्म्स के शेयरों पर दबाव नजर आया। शुक्रवार के कारोबारी सत्र में जियो प्लेटफॉर्म्स का शेयर 0.90 प्रतिशत गिरकर 1,405.75 रुपये पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान जियो के शेयर में 2 प्रतिशत तक की गिरावट आई थी और यह 1,390 रुपये तक नीचे चला गया था। शेयर की इस गिरावट के चलते जियो के कुल बाजार मूल्यांकन में कमी आई, जिसका सीधा फायदा भारती एयरटेल को मिला और उसने रैंकिंग में बढ़त बना ली।

बाजार मूल्यांकन का नया आंकड़ा

शुक्रवार को कारोबार खत्म होने के बाद दोनों कंपनियों के बाजार पूंजीकरण का अंतर स्पष्ट हो गया। कारोबार की समाप्ति पर भारती एयरटेल का कुल बाजार मूल्यांकन 13 लाख करोड़ रुपये (सटीक रूप से 13,08,165.03 करोड़ रुपये) दर्ज किया गया। इसके मुकाबले जियो प्लेटफॉर्म्स का बाजार पूंजीकरण 12.94 लाख करोड़ रुपये (सटीक रूप से 12,94,559.51 करोड़ रुपये) रहा। इस तरह एयरटेल ने जियो के मुकाबले बढ़त बनाते हुए बाजार में अपनी मजबूत स्थिति दोबारा साबित की।

जियो की शेयर बाजार में हालिया शुरुआत

गौर हो कि रिलायंस इंडस्ट्रीज के समर्थन वाली डिजिटल सेवा कंपनी जियो प्लेटफॉर्म्स ने हाल ही में 28 अक्टूबर को शेयर बाजार में धमाकेदार कदम रखा था। अपनी लिस्टिंग के तुरंत बाद कंपनी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बाजार पूंजीकरण के मामले में देश की दूसरी सबसे बड़ी कंपनी का दर्जा हासिल कर लिया था। हालांकि, बाजार की नई हलचल और शेयरों की कीमतों में बदलाव के कारण जियो को यह पद थोड़े ही समय में एयरटेल के हाथों गंवाना पड़ा है।

देश की टॉप 5 सबसे मूल्यवान कंपनियां

वर्तमान में भारतीय शेयर बाजार की शीर्ष कंपनियों पर नजर डालें तो रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (RIL) 17,83,723.93 करोड़ रुपये के विशाल बाजार पूंजीकरण के साथ देश की सबसे मूल्यवान कंपनी के रूप में पहले स्थान पर कायम है। बाजार पूंजीकरण के हिसाब से देश की टॉप 5 कंपनियों की लिस्ट इस प्रकार है:-

  • रिलायंस इंडस्ट्रीज: 17,83,723.93 करोड़ रुपये
  • भारती एयरटेल: 13,08,165.03 करोड़ रुपये
  • जियो प्लेटफॉर्म्स: 12,94,559.51 करोड़ रुपये
  • एचडीएफसी बैंक: 12,14,530.78 करोड़ रुपये
  • आईसीआईसीआई बैंक: 11,26,722.63 करोड़ रुपये

भारतीय दूरसंचार और वित्तीय क्षेत्र की ये शीर्ष कंपनियां देश के शेयर बाजार में अपना मजबूत दबदबा बनाए हुए हैं।

Ramanuj Singh
रामानुज सिंहauthor

रामानुज सिंह पत्रकारिता में दो दशकों का व्यापक और समृद्ध अनुभव रखते हैं। उन्होंने टीवी और डिजिटल—दोनों ही प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए बिजनेस, पर्सनल फाइनेंस, शेयर बाजार, इनकम टैक्स, बैंकिंग, बुलियन और कमोडिटी मार्केट जैसे विषयों पर गहरी विशेषज्ञता विकसित की है। जर्नलिज्म में एमए की डिग्री और वर्षों के अनुभव से विकसित विश्लेषणात्मक दृष्टिकोण के साथ, रामानुज जटिल वित्तीय विषयों को सरल, विश्वसनीय और प्रभावी तरीके से पाठकों तक पहुंचाने के लिए जाने जाते हैं। अब तक वे 22,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article