Bad habits for health: धूम्रपान करने से हमारे सेहत को बेहद नुकसान पहुंचता है। लेकिन कुछ गलत आदतें धूम्रपान (Cigarette) से भी अधिक घातक हो सकती हैं। हेल्दी लाइफ़स्टाइल (Healthy Lifestyle) के लिए गलत आदतों को छोड़ देना ही बेहतर होगा। क्योंकि उनकी वजह से जीवन के सही दिशा में प्रयासों के बावजूद भी कई बाधाएं उत्पन्न होती हैं। अगर इसके बारे में जानने के बाद भी आप इसे अनदेखा करते हैं तो आप कई गंभीर बीमारियों को खुद बुलावा देंगे।
1- तनाव या चिंता
तनाव अच्छे से अच्छे व्यक्ति को भी बीमार कर सकने में सक्षम होता है। जो लोग तनाव और चिंता को अपनी आदत में डाल लेते हैं उन्हें दिमाग से जुड़ी कई बिमारीयां घेर लेती हैं। स्ट्रेस लेने वाले लगों को डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर अधिक होने का खतरा होता है। तनाव लेने से इसका हमारे स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ता है।
2- रात को लेट डिनर करना
डॉक्टर्स बताते हैं कि सोने से कम से कम 2 से 3 घंटे पहले अपने रात के खाने को समाप्त कर लेना चाहिए। वरना पेट में जमा एसिड आपको बेचैन और अनिद्रा की शिकायत देते हैं। सोने के तुरंत पहले खाना खाने से हमारा पाचन तंत्र भी धीमा हो जाता है। इसलिए रात को जल्दी डिनर करने की हरसंभव कोशिश करनी चाहिए। अपने भोजन और सोने के बीच 3 घंटे का अंतर जरूर रखना चाहिए। इससे आपका डाइजेशन बेहतर होगा और आपको गैस बनना, पेट फूलना, अनिद्रा जैसी शिकायतों से छुटकारा मिलेगा।
3- जंक फूड से बनाएं दूरी
आजकल जंक फूड हमारे जीवन का अहम हिस्सा बन चुका है। इसके प्रेमियों की तादाद दिन पर दिन बढ़ती ही जा रही है। बच्चों से लेकर बड़ों तक इसे खाने के लिए बेहद उत्साहित रहते हैं। यह स्वाद में तो अच्छे होते हैं लेकिन हमारे स्वास्थ्य के लिए बेहद नुकसानदायक होते हैं। ये आपकी भूख को मारने का काम करते हैं और इसके साथ ही जंक फूड आपके शरीर पर गलत असर डालते हैं।
4- मोबाइल या लैपटॉप का अधिक इस्तेमाल
इंटरनेट के जमाने में मोबाइल और लैपटॉप के बिना रहना एक मजाक जैसा लगता है। जो लोग इन उपकरणों से अधिक चिपके रहते हैं। उनको कई गंभीर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। इसलिए इनका कम से कम उपयोग करें और यदि इनका उपयोग करना आपकी मजबूरी है तो कुर्सी से चिपक कर हमेशा नहीं रहे, बल्कि थोड़ी-थोड़ी देर बाद उठकर अपने शरीर और आंखों को इधर-उधर भटकाते रहें। ऐसा करने से आपको सर्वाइकल और आंखों से जुड़ी समस्याओं का सामना कम करना पड़ेगा।
5- नींद पूरी ना होना
जिन लोगों की नींद अच्छे से पूरी नहीं होती है उनके शरीर का ग्रोथ धीमा हो जाता है। वहीं, ऐसे लोग गुस्से और चिड़चिड़ापन का शिकार हो जाते हैं। दिमाग शांत रखने और मूड फ्रेश करने के लिए पर्याप्त नींद लेना जरूरी है। व्यक्ति को रोजाना 6-8 घंटे जरूर सोना चाहिए। जो लोग नींद अच्छे से नहीं लेते हैं। उनकी प्रतिरक्षा प्रणाली धीमी हो जाती है और नींद में कमी होने पर पाचन तंत्र प्रभावित होता है।
(डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता।)
