स्पोर्ट्स

IOA Election: पुरुष वर्ग में हुआ गगन नारंग सहित चार का निर्विरोध निर्वाचन, महिला वर्ग में रेस में पीटी उषा सहित छह उम्मीदवार

आईओए के पांच दिसंबर को होने वाले चुनावों से पहले उत्कृष्ट खिलाड़ियों के चार पद के लिए महिला वर्ग में पीटी उषा सहित छह खिलाड़ी मैदान में है जबकि पुरुष वर्ग में सभी निर्वाचन निर्विरोध हो गए हैं।

Image

गगन नारंग (फोटो क्रेडिट Gagan Narang X)

नई दिल्ली: भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पांच दिसंबर को होने वाले चुनावों से पहले उत्कृष्ट खिलाड़ियों (एसओएम) के चार पद के लिए महिला वर्ग में पीटी उषा सहित छह खिलाड़ी मैदान में है जबकि पुरुष वर्ग में आठ पूर्व खिलाड़ियों के नाम वापस लेने से ओलंपिक पदक विजेता गगन नारंग, विजेंदर सिंह और योगेश्वर दत्त के साथ-साथ पूर्व टेबल टेनिस खिलाड़ी कमलेश मेहता को शनिवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया।

चुनाव अधिकारी संजय कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि पुरुष वर्ग में चार एसओएम (स्पोर्ट्सपर्सन ऑफ मेरिट) के लिए सोमवार को चुनाव कराने की कोई जरूरत नहीं है क्योंकि शनिवार को दो बजे तक नाम वापस लेने की समय सीमा खत्म होने के बाद केवल चार उम्मीदवार ही मैदान में हैं। लेकिन महिला वर्ग में पांच पूर्व खिलाड़ियों के नाम वापस लेने के बावजूद चार पदों के लिए छह उम्मीदवार मैदान में है और उनके लिए चुनाव करना होगा।

आईओए की मौजूदा प्रमुख पीटी उषा, ओलंपिक पदक विजेता बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल, विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता लंबी कूद की एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज, पूर्व तीरंदाज डोला बनर्जी, भारतीय महिला हॉकी टीम की पूर्व कप्तान रानी रामपाल और पूर्व बास्केटबॉल खिलाड़ी अनीता पॉल दुरई दौड़ में बनी हुई हैं।

आठ एसओएम (चार पुरुष और चार महिला) के लिए चुनाव का महत्व इसलिए भी बढ़ जाता है क्योंकि कार्यकारी परिषद के सदस्य बनने के बाद वह शीर्ष पदों के लिए अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं जिसमें भारतीय ओलंपिक संघ के अध्यक्ष का पद भी शामिल है। निर्वाचित आठ एसओएम आईओए महासभा के सदस्य बन जाएंगे, जिससे वे मतदान करने के साथ ही पांच दिसंबर को होने वाले नए आईओए कार्यकारी परिषद के चुनावों में उम्मीदवार के रूप में खड़े होने के पात्र हो जाएंगे। उषा को 2022 में एसओएम बनने के बाद आईओए अध्यक्ष के रूप में चुना गया था।

दो एसओएम (एक पुरुष और एक महिला) भी आईओए कार्यकारी परिषद के सदस्य बनेंगे। दत्त और बनर्जी 2022 के आईओए चुनावों से पहले एसओएम के रूप में चुने जाने के बाद निवर्तमान कार्यकारी परिषद में थे। नाम वापस लेने वाले आठ पूर्व खिलाड़ियों में विश्व एथलेटिक्स के उपाध्यक्ष आदिल सुमारीवाला, टेबल टेनिस के दिग्गज अचंता शरथ कमल, पूर्व शटलर बी साई प्रणीत, पूर्व भारोत्तोलक सतीश कुमार शिवलिंगम, 1980 के ओलंपिक हॉकी स्वर्ण पदक विजेता सुरिंदर सिंह शोकर और पूर्व निशानेबाज रोंजन सोढ़ी, मनशेर सिंह और मोराद अली खान शामिल हैं।

महिला वर्ग में जिन पूर्व खिलाड़ियों ने नाम वापस लिया उनमें एथलीट अश्विनी नचप्पा, पूर्व तीरंदाज चेक्रोवोलू स्वुरो, पूर्व शटलर तृप्ति मुर्गुंडे, भारोत्तोलन से नीलम सेट्टी लक्ष्मी और कैनो और कयाकिंग से रागिना किरो शामिल हैं।

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article