लंबी आयु अच्छी किस्मत नहीं, बल्कि रोज की छोटी-छोटी अच्छी आदतों पर निर्भर करती है, जैसे सादा और संतुलित खाना खाना, रोज थोड़ा चलना-फिरना, पूरी नींद लेना, ज्यादा तनाव न लेना, नशे से दूर रहना, हंसना-बात करना और मन को खुश रखना, क्योंकि जब शरीर स्वस्थ और मन शांत रहता है, तो इंसान ज्यादा समय तक खुशहाल और लंबा जीवन जी पाता है। बेशक ही लंबी आयु के लिए ये सारे कारक बहुत ही महत्वपूर्ण होते हैं, लेकिन इनके अलावा भी एक कारक ऐसा है, जिसका आयु को लंबा करने पर आपकी सोच से भी ज्यादा गहरा प्रभाव पड़ता है।
प्रोसीडिंग्स ऑफ द नेशनल एकेडमी ऑफ साइंसेज नामक जर्नल में प्रकाशित हुई एक हालिया रिसर्च के अनुसार व्यक्ति की लंबी आयु उसके जीन पर बहुत हद तक निर्भर करती है। इस विषय पर पहले भी कई अध्ययन किए गए हैं, लेकिन हालिया स्टडी में जीन के उम्र पर प्रभाव पर खास प्रकाश डाला गया है। शोधकर्ताओं ने 40 करोड़ से अधिक लोगों के ऑनलाइन फैमिली ट्री को स्टडी किया गया, जो 19वीं और 20वीं सदी में रह चुके हैं। शोध करने पर यह साबित हुआ कि, आपके जीन पर आयु कितनी और कैसे निर्भर करती है। यानि आपकी उम्र आपके दादा-परदादा तो पूर्वजों की कितनी आयु रही थी, पर खासतौर से निर्भर करती है।
जीन पर आयु कितनी निर्भर करती है
पहले की रिसर्च के अनुसार जीन पर आयु की निर्भरता करीब करीब 6 से 33 प्रतिशत बताया जाता रहा है। हालांकि इस नई रिसर्च के मुताबिक ये आंकड़ा अब 55 प्रतिशत तक पहुंच गया है।
अध्ययन की मुख्य बातें
फैमिली पैटर्न: लंबी उम्र अक्सर परिवारों में देखी गई। जिन लोगों के माता-पिता, दादा-दादी या भाई-बहन लंबे समय तक जिए, उनके लंबी उम्र पाने की संभावना भी अधिक थी।
जीन की भूमिका: शोधकर्ताओं का अनुमान है कि मनुष्यों की उम्र में होने वाले अंतर के लगभग 50 से 55% तक जिम्मेदार आनुवंशिकता (जीन) हो सकती है। यह आंकड़ा पहले के अनुमानों से काफी अधिक है।
जीवनसाथी का प्रभाव: दिलचस्प बात यह है कि लोगों की उम्र पर उनके जीवनसाथी की उम्र का सीधा प्रभाव नहीं देखा गया। इससे पता चलता है कि लंबी उम्र मुख्य रूप से जीन्स और आपकी संतुलित और स्वथ्य जीवनशैली के कारण है, न कि आपके पार्टनर के प्रभाव से।
हालांकि, शोधकर्ता इस बात पर जोर देते हैं कि यह निष्कर्ष किसी भी तरह से स्वस्थ जीवनशैली के महत्व को कम नहीं करते। अध्ययन के सह-लेखक डॉ. यानिव एर्लिच ने कहा, 'हां, लंबी उम्र परिवारों में चलती है, लेकिन इसका यह मतलब नहीं कि अगर आपके परिवार में लंबी उम्र नहीं रही है, तो आप लंबे समय तक नहीं जी सकते। स्वस्थ आदतें हर किसी के लिए फायदेमंद होती हैं।'
विशेषज्ञों का मानना है कि यह अध्ययन भविष्य के लिए एक महत्वपूर्ण आधार तैयार करता है। अब शोधकर्ता यह समझने की कोशिश करेंगे कि वे कौन से विशिष्ट जीन हैं जो लंबी उम्र से जुड़े हुए हैं। फिलहाल, डॉक्टरों की सलाह यही है कि अपने जीन्स को दोष न दें और संतुलित आहार, नियमित व्यायाम, धूम्रपान से परहेज और तनाव प्रबंधन जैसी अच्छी आदतों को अपनाकर अपनी सेहत और उम्र पर सकारात्मक प्रभाव डालें।
