हेल्थ

गर्भावस्था में पैरासिटामोल: क्या यह बच्चों में ऑटिज्म का खतरा बढ़ाती है? ट्रंप सरकार के बड़े दावे पर छिड़ी बहस

अमेरिका में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने कुछ ऐसे ही बड़े दावे किए हैं, जिसने दुनिया भर के स्वास्थ्य विशेषज्ञों और गर्भवती महिलाओं की चिंता बढ़ा दी है। कहा गया है कि गर्भावस्था में पैरासिटामोल का प्रयाेग सुरक्षित नहीं है। इससे बच्चों में ऑटिज्म का खतरा बढ़ता है। जानें इस बारे में विस्तार से।

Image

क्या प्रेग्नेंसी में सेफ नहीं पैरासिटामोल (Pic: Canva)

Paracetamol use in pregnancy risk: क्या गर्भावस्था के दौरान इस्तेमाल होने वाली सबसे आम और सुरक्षित मानी जाने वाली दवा पैरासिटामोल (Tylenol) सच में बच्चों में ऑटिज्म का खतरा बढ़ा सकती है? अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने कुछ ऐसे ही बड़े दावे किए हैं, जिसने दुनिया भर के स्वास्थ्य विशेषज्ञों और गर्भवती महिलाओं की चिंता बढ़ा दी है।

डोनाल्ड ट्रंप ने हाल ही में एक कार्यक्रम में कहा कि उनकी सरकार ऑटिज्म का हल ढूंढ रही है और जल्द ही इस पर एक बड़ी घोषणा करेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, ट्रंप प्रशासन की एक रिपोर्ट में यह दावा किया गया है कि गर्भवती महिलाओं द्वारा पैरासिटामोल का इस्तेमाल बच्चों में ऑटिज्म का जोखिम बढ़ा सकता है। यह दावा उस समय आया है, जब अमेरिका में इस दवा को सबसे ज्यादा स्तेमाल किया जाता है, और भारत में भी यह पैरासिटामोल के नाम से घर-घर में मौजूद है।

क्या ऑटिज्म का इलाज मिल गया है?

ट्रंप प्रशासन की रिपोर्ट में केवल पैरासिटामोल को लेकर चेतावनी ही नहीं दी गई है, बल्कि यह भी दावा किया गया है कि उन्होंने ऑटिज्म का इलाज करने वाली एक 'चमत्कारी दवा' (Miracle Drug) भी खोज निकाली है। इस मिशन की अगुवाई खुद अमेरिका के हेल्थ सेक्रेटरी रॉबर्ट एफ. केनेडी जूनियर कर रहे हैं। ट्रंप ने अपनी 'Make America Healthy Again' योजना के तहत ऑटिज्म पर विशेष ध्यान दिया है।

मेडिकल जगत में मची हलचल

ट्रंप सरकार के इन दावों ने मेडिकल और वैज्ञानिक समुदाय में एक बड़ी बहस छेड़ दी है। कई प्रमुख स्वास्थ्य संगठन और विशेषज्ञ इन दावों को लेकर संदेह जता रहे हैं। अमेरिकन कॉलेज ऑफ ऑब्सटेट्रिशियन एंड गायनेकोलॉजिस्ट (ACOG) जैसी प्रतिष्ठित संस्थाओं का कहना है कि अभी तक ऐसा कोई ठोस और वैज्ञानिक प्रमाण नहीं मिला है जो पैरासिटामोल को ऑटिज्म से जोड़ता हो। वे गर्भवती महिलाओं को ज़रूरत पड़ने पर इस दवा का इस्तेमाल करने की सलाह देते हैं, क्योंकि इसका इस्तेमाल बुखार और दर्द को नियंत्रित करने के लिए सुरक्षित माना जाता है।

शोध में नहीं मिला कोई कनेक्शन

स्वीडन में 20 लाख बच्चों पर की गई एक बड़ी रिसर्च में भी पैरासिटामोल और ऑटिज्म के बीच कोई सीधा संबंध स्थापित नहीं हो सका है। इस पूरे मामले पर, Tylenol बनाने वाली कंपनी Kenvue Inc. ने भी तुरंत प्रतिक्रिया दी है। कंपनी का कहना है कि स्वतंत्र वैज्ञानिक शोधों से यह बात स्पष्ट है कि एसिटामिनोफेन (जो कि पैरासिटामोल का मुख्य घटक है) ऑटिज्म का कारण नहीं बनता।

ट्रंप प्रशासन के दावों ने एक तरफ जहां आम लोगों में चिंता पैदा की है, वहीं दूसरी तरफ वैज्ञानिक समुदाय में संदेह भी बढ़ा दिया है।

यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या ट्रंप सरकार के ये दावे ठोस वैज्ञानिक आधार पर टिक पाते हैं या फिर ये सिर्फ एक राजनीतिक चाल साबित होते हैं। जब तक वैज्ञानिक प्रमाण सामने नहीं आते, तब तक गर्भावस्था के दौरान किसी भी दवा का इस्तेमाल करने से पहले डॉक्टर की सलाह लेना ही सबसे सुरक्षित रास्ता है।

bhawana gupta
भावना किशोरauthor

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर मूल की भावना ने देश के प्रतिष्ठित संस्थान IIMC से 2014 में पत्रकारिता की पढ़ाई की. 12 सालों से मीडिया में काम कर रही हैं. न्यूज़ नेशन, इंडिया न्यूज़, टीवी 9 भारतवर्ष और ज़ी न्यूज़, न्यूज 18 में काम करने का अनुभव. अभी Times Now में Special correspondent हैं.दिल्ली सरकार, स्वास्थ्य ,रेल, कल्चरल, शिक्षा मंत्रालयों के साथ दिल्ली क्राइम ,पॉलिटिक्स और राजधानी की हर छोटी बड़ी खबरों पर खास तौर से नजर रखती हैं. लोगों से जुड़ी खबरों पर काम करने और लोगों तक सही और सटीक खबरें पहुंचाने को अपना मकसद मानती हैं।

और पढ़ें
End of Article