हेल्थ

गर्भावस्था संबंधी स्वास्थ्य जटिलताओं का पहले पता लगाएगा नया रक्त परीक्षण, रिसर्च में पास हुआ नया सेंसर

ऑस्ट्रेलिया में हेल्‍दी प्रेग्‍नेंसी को एक लेकर नए ब्‍लड टेस्‍ट का सफल परीक्षण किया गया है। इस सेंसर के जरिए गर्भावस्था संबंधी स्वास्थ्य जटिलताओं का समय रहते पता लगाया जा सकेगा। इससे मां और बच्‍चे - दोनों की हेल्‍थ सुनिश्चित की जा सकेगी।

Image

pregnancy test

Health News: ऑस्ट्रेलिया के वैज्ञानिकों की एक टीम ने एक नया रक्त परीक्षण विकसित किया है, जो गर्भावस्था के शुरुआती चरण में ही संभावित स्वास्थ्य समस्याओं का पता लगाने में सक्षम है। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के अनुसार, क्वींसलैंड विश्वविद्यालय (यूक्यू) के शोधकर्ताओं ने गुरुवार को प्रकाशित अपने अध्ययन में बताया कि उनका "नैनोफ्लावर सेंसर" नवजात शिशुओं के अस्पताल में भर्ती होने की संभावना को कम कर सकता है।

यह परीक्षण गर्भवती महिला के रक्त में विशेष जैविक संकेतकों (बायोमार्कर्स) की जांच करता है। यह गर्भकालीन मधुमेह, समय से पहले जन्म का खतरा और उच्च रक्तचाप जैसी जटिलताओं का पता 11 सप्ताह की गर्भावस्था में ही लगा सकता है। यूक्यू के क्लिनिकल रिसर्च सेंटर के वैज्ञानिक कार्लोस सालोमोन गैल्लो ने बताया कि उनकी टीम ने इस सेंसर को 201 गर्भवती महिलाओं के रक्त सैंपल पर आजमाया और उनमें संभावित जटिलताओं का सफलतापूर्वक पता लगाया।

गैल्लो ने कहा कि अभी अधिकतर गर्भावस्था संबंधी समस्याओं का पता दूसरी या तीसरी तिमाही में चलता है, जिससे समय पर इलाज कर पाना मुश्किल हो जाता है। लेकिन इस नई तकनीक की मदद से गर्भवती महिलाएं पहले ही डॉक्टर से सलाह ले सकती हैं। हमने पाया कि हमारा बायोसेंसर 90% से अधिक सटीकता के साथ जटिलताओं की पहचान कर सकता है।

उन्होंने यह भी बताया कि यह तकनीक एनआईसीयू में भर्ती होने वाले बच्चों की संख्या कम कर सकती है और आपातकालीन सिजेरियन जैसी गर्भावस्था से जुड़ी जटिलताओं को रोकने में मदद कर सकती है। इससे स्वास्थ्य व्यवस्था को हर साल करोड़ों डॉलर की बचत हो सकती है।

इस शोध में शामिल ऑस्ट्रेलियन इंस्टीट्यूट फॉर बायोइंजीनियरिंग एंड नैनो टेक्नोलॉजी के वैज्ञानिक मुस्तफा कमाल मसूद ने बताया कि यह तकनीक नैनोसेंसर का उपयोग करके ऐसे संकेतकों की पहचान करती है, जो मौजूदा परीक्षणों में पकड़ में नहीं आते। यह शोध प्रतिष्ठित पत्रिका 'साइंस एडवांसेज' में प्रकाशित हुआ है।

इनपुट : आईएएनएस

Medha Chawla
मेधा चावलाauthor

मेधा चावला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सीनियर एसोसिएट एडिटर हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन की लीड हैं। लाइफस्टाइल पत्रकारिता में 20 वर्षों का अनुभव रखने वाली मेधा की विशेषज्ञता हेल्थ, वेलनेस, फिटनेस, मेंटल हेल्थ, डेली लाइफ इम्प्रूवमेंट, ह्यूमन-इंटरेस्ट फीचर्स और रिसर्च-बेस्ड स्टोरीज तक फैली है। उनकी लेखन शैली पाठकों को जटिल स्वास्थ्य और जीवनशैली संबंधी विषयों को आसान, समझने योग्य और व्यवहारिक रूप में प्रस्तुत करती है, जिससे उनका कंटेंट व्यापक पाठक समूह से जुड़ता है। अबतक 30,000 से अधिक कंटेंट पीस लिख चुकी मेधा की कई एक्सक्लूसिव स्टोरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म पर ट्रेंड सेट कर चुकी हैं।

और पढ़ें
End of Article