हेल्थ

शुगर लेवल बिगड़े बिना रखें नवरात्रि व्रत, डॉक्टर ने बताई डायबिटीज वालों के लिए स्पेशल डाइट टिप्स

Navratri Fast Tips For Diabetes Patient In Hindi: जिन लोगों को डायबिटीज या हाई शुगर की समस्या रहती है उनके साथ अक्सर यह समस्या देखने को मिलती है कि वे नवरात्रि व्रत के दौरान उपवास रखने में काफी कतराते हैं, क्योंकि इससे उनका शुगर लेवल अनियंत्रित हो सकता है। लेकिन क्या आप जानते हैं, नवरात्रि का व्रत डायबिटीज के मरीज भी रख सकते हैं, बस सही डाइट और सावधानियां बरतना जरूरी है। चलिए डॉक्टर से जानते हैं कैसे रखें डायबिटीज रोगी नवरात्रि व्रत...

Image

Navratri Fast Tips For Diabetes

Navratri Fast Tips For Diabetes Patient In Hindi: नवरात्रि का समय भक्ति, आस्था और व्रत का होता है। इस दौरान लोग उपवास करके मां दुर्गा की पूजा करते हैं, लेकिन डायबिटीज वाले लोगों के लिए यह समय थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है। लगातार खाली पेट रहना, ज्यादा मीठे फल खाना या तली-भुनी चीजों का सेवन करने से शुगर लेवल तेजी से बढ़ भी सकता है और गिर भी सकता है। लेकिन चिंता की जरूरत नहीं है। शारदा हॉस्पिटल में इंटरनल मेडिसिन विभाग के सीनियर कंसल्टेंट डॉ. श्रेय श्रीवास्तव कहते हैं 'डायबिटीज वाले लोग भी श्रद्धा के साथ नवरात्रि का व्रत रख सकते हैं, बस उन्हें अपनी डाइट और जीवनशैली पर ध्यान देने की जरूरत है।' आइए जानते हैं डॉक्टर द्वारा बताए गए कुछ खास टिप्स जिनसे आप सेहत का ध्यान रखते हुए व्रत का आनंद ले सकते हैं।

सही फल चुनें

नवरात्रि में फल खाना आम बात है, लेकिन डायबिटीज मरीजों को सोच-समझकर फल चुनने चाहिए। केला और शकरकंदी जैसे फल ज्यादा शुगर वाले होते हैं, इसलिए इन्हें कम मात्रा में खाएं। बेहतर होगा कि आप सेव, खीरा और तरबूज जैसे कम ग्लाइसेमिक इंडेक्स वाले फल चुनें। ये ब्लड शुगर लेवल को अचानक बढ़ने नहीं देते।

नमक का सेवन सीमित करें

व्रत के दौरान सेंधा नमक का उपयोग किया जाता है, लेकिन कई बार इसका सेवन जरूरत से ज्यादा हो जाता है। डायबिटीज के साथ-साथ जिन लोगों को ब्लड प्रेशर की दिक्कत है, उन्हें खास ध्यान रखना चाहिए। नमक की अधिकता किडनी और हार्ट पर बुरा असर डाल सकती है।

प्रोटीन को करें शामिल

डायबिटीज मरीजों के लिए प्रोटीन बेहद जरूरी है क्योंकि यह शुगर लेवल को स्थिर रखने में मदद करता है। आप दूध, दही, पनीर और नट्स को व्रत के दौरान अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं। ये शरीर को एनर्जी देने के साथ-साथ लंबे समय तक पेट भरा रखने का काम भी करते हैं।

चावल और आलू से दूरी

नवरात्रि में चावल और आलू का सेवन आम है, लेकिन डायबिटीज मरीजों को इससे बचना चाहिए। इनमें हाई कार्बोहाइड्रेट होता है जो ब्लड शुगर तेजी से बढ़ा देता है। इसकी जगह आप कुट्टू का आटा, सिंघाड़े का आटा या साबूदाना चुन सकते हैं, जो हल्के और पचने में आसान होते हैं।

हाइड्रेटेड रहना न भूलें

डॉ. श्रेय श्रीवास्तव कहते हैं 'व्रत के दौरान शरीर को हाइड्रेटेड रखना बहुत जरूरी है। पानी की कमी होने पर ब्लड शुगर लेवल अस्थिर हो सकता है।' इसलिए दिनभर पर्याप्त मात्रा में पानी पिएं। चाहें तो नारियल पानी या छाछ का भी सेवन कर सकते हैं।

नवरात्रि का व्रत डायबिटीज मरीज भी पूरे उत्साह और श्रद्धा से रख सकते हैं, बशर्ते वे संतुलित डाइट और सही लाइफस्टाइल का पालन करें। फल, प्रोटीन और हेल्दी आटे का सही चुनाव करने से शुगर लेवल कंट्रोल में रहेगा और आप बिना किसी परेशानी के त्योहार का आनंद उठा पाएंगे।

नोट: यह आर्टिकल स्पेशलिस्ट डॉक्टर्स के साथ बातचीत के आधार पर बनाया गया है, साथ ही उनके द्वारा सत्यापित किया गया है।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article