Morning Health Mistakes: अक्सर हम सोचते हैं कि सेहत खराब होने की वजह सिर्फ गलत खानपान या व्यायाम की कमी होती है। लेकिन सच यह है कि दिन की शुरुआत कैसे होती है, इसका भी हमारे स्वास्थ्य पर बड़ा असर पड़ता है। आयुर्वेदिक डॉक्टर और हेल्थ इन्फ्लुएंसर डॉ. चैतली राठौर के मुताबिक, सुबह की कुछ आम आदतें ऐसी हैं जो धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचा सकती हैं। कई लोग रोज ये गलतियां करते हैं, लेकिन उन्हें इसका एहसास भी नहीं होता। अगर आप दिनभर खुद को फिट और ऊर्जावान रखना चाहते हैं, तो इन आदतों पर ध्यान देना जरूरी है।
मोबाइल और देर तक सोना बिगाड़ सकता है दिन की शुरुआत
आजकल बहुत से लोग आंख खुलते ही मोबाइल उठा लेते हैं। सोशल मीडिया, मैसेज या खबरें देखने से दिमाग पर सुबह-सुबह ही दबाव पड़ने लगता है। इससे मन बेचैन हो सकता है। वहीं देर तक सोने की आदत भी शरीर की रोजमर्रा की लय को बिगाड़ देती है। इसलिए कोशिश करें कि समय पर उठें और दिन की शुरुआत शांत माहौल में करें।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सिकल सेल और एनीमिया में क्या फर्क है, कौन सी बीमारी ज्यादा खतरनाक हो सकती है
भूखे रहना और बेड टी पीना नहीं है सही
कई लोग सुबह भूख लगने के बावजूद नाश्ता छोड़ देते हैं। ऐसा करने से शरीर को जरूरी ऊर्जा नहीं मिल पाती। वहीं खाली पेट चाय पीने की आदत भी अच्छी नहीं मानी जाती। इससे पेट से जुड़ी परेशानियां बढ़ सकती हैं। सुबह हल्का और पौष्टिक नाश्ता करना बेहतर माना जाता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: शादी से पहले सिकल सेल ट्रेट टेस्ट क्यों है जरूरी, जानिए डॉक्टर की सलाह
जीभ की सफाई और पेट साफ होना भी है जरूरी
डॉ. चैतली राठौर के अनुसार, सुबह सिर्फ दांत साफ करना ही काफी नहीं है। जीभ की सफाई भी जरूरी है, क्योंकि रातभर उसमें गंदगी जमा हो सकती है। इसके अलावा पेट साफ किए बिना व्यायाम करने से शरीर को पूरा फायदा नहीं मिल पाता और असहजता महसूस हो सकती है।
ज्यादा पानी और ज्यादा एक्सरसाइज दोनों से बचें
अक्सर लोग मान लेते हैं कि सुबह जितना ज्यादा पानी पिएंगे, उतना फायदा होगा। लेकिन जरूरत से ज्यादा पानी पीना भी सही नहीं है। इसी तरह जरूरत से ज्यादा व्यायाम करना भी शरीर को थका सकता है। हर चीज संतुलित मात्रा में करना ही सबसे अच्छा तरीका है।
नाश्ते के बाद नहाना और शुक्रिया कहना भूलना भी गलती
आयुर्वेद में नाश्ते के तुरंत बाद नहाने की सलाह नहीं दी जाती। वहीं दिन की शुरुआत भगवान, प्रकृति या जीवन के प्रति आभार व्यक्त करके करने से मन सकारात्मक रहता है। यह छोटी-सी आदत पूरे दिन को बेहतर बना सकती है।
स्वस्थ रहने के लिए सिर्फ अच्छी डाइट या जिम जाना ही काफी नहीं है। सुबह की सही आदतें (ayurvedic morning routine) भी उतनी ही जरूरी हैं। अगर आप इन 10 छोटी गलतियों से बच जाएं, तो शरीर और मन दोनों को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है। जैसा कि डॉ. राठौर बताती हैं, अच्छी सेहत की शुरुआत एक अच्छी सुबह से होती है।
