हेल्थ

बिना बीमार पड़े लेना है बरसाती मौसम का मजा, मॉनसून डाइट में जरूर शामिल करें ये हेल्दी फूड, बढ़ेगी इम्यूनिटी

Healthy Foods For Rainy Season: बारिश के मौसम में वायरल संक्रमण, फूड और मौसमी एलर्जी जैसी समस्याएं लोगों को बहुत जल्दी चपेट में ले लेती हैं। ज्यादातर लोग इस दौरान बहुत जल्दी बीमारी पड़ जाते हैं। आपको बरसात में अगर बीमारियों से बचना है तो इन हेल्दी फूड्स को अपनी डाइट में शामिल करें। जानिए कौन से फूड्स आपकी इम्यूनिटी को बरसात में बनाएंगे मजबूत।

Image

Healthy Foods For Rainy Season

Healthy Foods For Rainy Season: जैसे ही बरसात शुरू होती है, मन भी खिल उठता है। बाहर की ठंडी हवा, चाय के साथ पकौड़े और हरियाली देख दिल खुश हो जाता है। लेकिन इसी मौसम में बीमारियां भी चुपचाप दस्तक देने लगती हैं सर्दी, खांसी, वायरल, पेट खराब होना आम बात है। ऐसे में मजा तभी है जब सेहत बनी रहे। अगर आप चाहते हैं कि बिना बीमार पड़े इस मौसम का पूरा मजा लिया जाए, तो अपनी डाइट में कुछ खास हेल्दी चीजें जरूर जोड़ें। ये फूड न सिर्फ आपको बीमारियों से बचाएंगे, बल्कि आपकी इम्यूनिटी भी मजबूत करेंगे। चलिए जानते हैं कौन-कौन से हैं ये फूड।

बारिश के मौसम के लिए हेल्दी फूड्स - Healthy Foods For Rainy Season In Hindi

हरी सब्जियों को नजरअंदाज न करें

बरसात में भले ही सब्जियों पर मिट्टी और कीड़े दिखें, लेकिन अच्छी तरह धोकर इन्हें खाना जरूरी है। पालक, मेथी, सहजन के पत्ते जैसी सब्जियां हमारे शरीर को जरूरी विटामिन और मिनरल देती हैं, जिससे बीमारियों से लड़ने की ताकत मिलती है। इन्हें हल्का पकाकर खाएं और कोशिश करें कि ताजा सब्जियां ही लें।

अदरक-तुलसी की चाय

बरसात में सर्दी-खांसी जल्दी हो जाती है। ऐसे में रोज सुबह या शाम को अदरक और तुलसी वाली चाय पीने से गले को राहत मिलती है और इम्यूनिटी भी बढ़ती है। ये नेचुरल एंटी-वायरल गुणों से भरपूर होती हैं और शरीर को अंदर से गर्म रखती हैं।

खिचड़ी और सूप

इस मौसम में भारी खाना जल्दी पचता नहीं है और पेट भी जल्दी खराब हो जाता है। ऐसे में मूंग दाल की खिचड़ी या सब्जियों वाला सूप एक अच्छा ऑप्शन होता है। ये पेट के लिए हल्के होते हैं और शरीर को जरूरी पोषण भी देते हैं।

विटामिन C से भरपूर फल

बरसात में इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाए रखने के लिए नींबू, संतरा, आंवला और अमरूद जैसे फल ज़रूर खाने चाहिए। इनमें मौजूद विटामिन C शरीर को वायरस और बैक्टीरिया से लड़ने की ताकत देता है। कोशिश करें कि ये फल ताजे और साफ-सुथरे हों।

हल्दी और लहसुन

हल्दी वाला दूध या खाने में लहसुन डालकर खाने से इम्यूनिटी बढ़ती है। ये दोनों ही एंटीसेप्टिक और एंटीबायोटिक गुणों से भरपूर होते हैं जो मौसम बदलने पर होने वाली बीमारियों से बचाते हैं। रात को हल्दी वाला दूध पीना काफी फायदेमंद रहता है।

दही और छाछ

बरसात में पाचन गड़बड़ होना आम है। ऐसे में दही और छाछ जैसे प्रोबायोटिक फूड्स पेट में अच्छे बैक्टीरिया बढ़ाते हैं जो पाचन को बेहतर बनाते हैं। कोशिश करें कि ये फूड्स दिन में ही खाएं ताकि इनका असर सही से हो।

डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article