भारत में ज्यादातर नई बीमारियों के आने का द्वार बनने वाला केरल एक बार फिर एक वायरस की चपेट में आता हुआ दिखाई दे रहा है। जी हां काफी दिन पहले अपना कहर मचा चुका मंकीपॉक्स वायरस एक बार फिर अपना कहर दिखाने की तैयारी कर रहा है। केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि बीते बुधवार केरल में मंकीपॉक्स के 2 मामले सामने आए हैं। वहीं इन लोगों की ट्रैवल हिस्ट्री की जांच करने पर पता चला कि ये लोग UAE की यात्रा से वापस लौटे थे। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से...
संक्रमित लोगों की निगरानी
केरल की स्वास्थ्य मंत्री वीणा जॉर्ज ने बताया कि राज्य के वायनाड जिले में एक शख्स में मंकीपॉक्स का संक्रमण पाया गया है। जिसके बाद कन्नूर जिले में भी एक दूसरे व्यक्ति की जांच में भी संक्रमण की पुष्टि हुई है। सरकार ने एहतियात के तौर पर स्वास्थ्य विभाग ने उन लोगों को खुद को अलग रहने की सलाह दी है जो बीते दिनों रोगियों के संपर्क में आए थे। उन्हें भी अपनी सेहत की लगातार निगरानी करने और किसी तरह के लक्षण दिखने पर तुरंत रिपोर्ट करने को कहा है। आपकी जानकारी के लिए बता दें कि केरल में इस साल सितंबर माह में मंकीपॉक्स के कुछ मामले रिपोर्ट किए गए थे।
मंकीपॉक्स के लक्षण
मंकीपॉक्स वायरस के लक्षणों में कई तरह के लक्षण शामिल हैं, जिसमें तेज बुखार, गंभीर सिरदर्द, जोड़ों में सूजन और दर्द, शरीर की मांसपेशियों में दर्द, बहुत अधिक थकान शामिल हैं। इसके अलावा मंकीपॉक्स के मुख्य लक्षणों के रूप में चेहरे, और हथेलियों और जननांगों पर छाले जैसे निकलते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
