देश

JNU के बराक हॉस्टल में खूनी संघर्ष, छात्रा से दोस्ती को लेकर छात्र पर चाकू से हमला, चली गई एक आंख की रोशनी

Jawaharlal Nehru University Knife Attack: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (JNU) के बराक हॉस्टल में एक छात्रा से दोस्ती को लेकर दो छात्रों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। आरोपी छात्र ने साथी पर चाकू से हमला कर दिया।

Image

JNU के बराक हॉस्टल में खूनी संघर्ष, छात्रा से दोस्ती को लेकर छात्र पर चाकू से हमला, चली गई एक आंख की रोशनी

JNU Student Attack News: जवाहरलाल नेहरू विश्वविद्यालय (जेएनयू) के एक छात्र ने कथित तौर पर एक छात्रा से दोस्ती को लेकर अपने साथी पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया और उसकी एक आंख की रोशनी भी चली गई है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना पांच नवंबर को अपराह्न करीब तीन बजे परिसर में बने बराक छात्रावास के कमरा संख्या-119 में हुई।

पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की पहचान भाषा के दूसरे वर्ष के छात्र सौरभ के रूप में हुई है, जिस पर बृहस्पतिवार को अजय नाम के छात्र ने हमला किया था। पुलिस ने बताया कि अजय को कथित तौर पर एक छात्रा के साथ सौरभ की दोस्ती पर आपत्ति थी।

आरोप है कि अजय ने सौरभ पर धारदार हथियार से हमला किया, जिससे उसके सिर, चेहरे, हाथ और आंख पर गंभीर चोटें आईं।

'दाईं आंख की रोशनी चली गई'

अधिकारियों ने बताया कि घटना के तुरंत बाद सौरभ को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) के ट्रामा सेंटर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने पुलिस को बताया कि उसकी दाईं आंख की रोशनी चली गई है। उन्होंने बताया कि सौरभ की सर्जरी हुई और शनिवार शाम तक उसका ट्रॉमा सेंटर में इलाज चल रहा था।

पुलिस के अनुसार, विश्वविद्यालय में स्नातकोत्तर पाठ्यक्रम में पंजीकृत अजय को भी इस घटना में चोटें आईं। उसने बताया कि हाथापाई के दौरान तीन अन्य छात्र भी घायल हो गए, जिससे घायल छात्रों की कुल संख्या चार हो गई है।

महिला मित्र (छात्रा) ने पुलिस से की शिकायत

घटना के बाद सौरभ की महिला मित्र (छात्रा) ने पुलिस को मामले की शिकायत की। छात्रा की शिकायत पर वसंत कुंज उत्तर थाना में शुक्रवार को हत्या के प्रयास सहित कई धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने बताया कि शनिवार शाम तक इस मामले में कोई गिरफ्तारी नहीं हुई थी।

पुलिस उपायुक्त (दक्षिण-पश्चिम) अमित गोयल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और जांच चल रही है। इस बीच प्रॉक्टोरियल जांच पूरी होने तक, आरोपी छात्रों के विश्वविद्यालय परिसर में प्रवेश करने पर तत्काल रोक लगा दी गई है।

Nitin Arora
नितिन अरोड़ाauthor

नितिन अरोड़ा टाइम्स नाउ नवभारत में न्यूज डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया में उनका 6 वर्षों का अनुभव है। वह राजनीति, देश–विदेश की बड़ी घटनाओं और समसामयिक मुद्दों को गहराई से समझकर उन्हें सटीक और सरल भाषा में प्रस्तुत करने में माहिर हैं। उन्होंने अपने करियर में लगातार करंट अफेयर्स, पॉलिटिकल डेवलपमेंट्स, डिप्लोमैटिक घटनाएं और डिफेंस सेक्टर से जुड़े विषयों पर प्रभावशाली कॉन्टेंट तैयार किया है और अबतक 6 हजार से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। विभिन्न टॉपिक्स पर एक्सप्लेनेर, डेटा-आधारित रिपोर्ट्स और विश्लेषणात्मक कॉपी लिखने में उनकी मजबूत पकड़ है।

और पढ़ें
End of Article