हेल्थ

क्या लीची गर्मियों में बच्चों के लिए Energy Booster है या इसमें छिपा है कोई हेल्थ रिस्क, जानिए क्या कहते हैं एक्सपर्ट

Litchi For Children: गर्मियों में लीची खाना तो बच्चों को बहुत पसंद होता है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि गर्मी में बच्चों को लीची खिलाना कितना सुरक्षित है? चलिए एक्सपर्ट से जानते हैं इसके बारे में...

Image

बच्चों को लीची खिलाना कितना फायदेमंद या सुरक्षित है, एक्सपर्ट से जानिए

Litchi For Children: गर्मी आते ही बाजार में लीची की बहार आ जाती है। मीठी, रसीली और स्वाद से भरपूर लीची बच्चों की सबसे पसंदीदा फलों में से एक है। कई माता-पिता मानते हैं कि गर्मी में लीची बच्चों को तुरंत एनर्जी देती है और उन्हें तरोताजा रखती है। यह बात काफी हद तक सही भी है। लेकिन क्या लीची सिर्फ फायदे ही देती है या इसके साथ कुछ सावधानियां भी जुड़ी हैं?

यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद की चीफ डाइटिशियन (रजिस्टर्ड डायटीशियन) सुजाता स्टीफन के अनुसार, लीची एक पौष्टिक फल है और सही तरीके से खाने पर बच्चों के लिए फायदेमंद हो सकती है। हालांकि इसे गलत समय या गलत तरीके से खाने पर कुछ स्वास्थ्य समस्याओं का खतरा भी बढ़ सकता है।

बच्चों को एनर्जी और ताजगी दे सकती है लीची

डाइटिशियन सुजाता स्टीफन बताती हैं कि लीची में विटामिन C, प्राकृतिक मिठास और भरपूर पानी होता है। यही वजह है कि गर्मी के दिनों में यह शरीर को हाइड्रेट रखने में मदद कर सकती है। इसके अलावा यह बच्चों को तुरंत ऊर्जा देने और उनकी रोग प्रतिरोधक क्षमता को सपोर्ट करने में भी मददगार हो सकती है। अगर बच्चा स्वस्थ है और संतुलित मात्रा में पकी हुई लीची खाता है, तो आमतौर पर यह सुरक्षित मानी जाती है।

खाली पेट ज्यादा लीची खाना पड़ सकता है भारी - litchi health risks

लीची को लेकर सबसे जरूरी बात यह है कि इसे कभी भी भोजन की जगह नहीं देना चाहिए। विशेषज्ञ के अनुसार, अगर कोई बच्चा खाली पेट बहुत ज्यादा लीची खा ले और उसके बाद खाना न खाए, तो शरीर में शुगर का स्तर अचानक गिर सकता है। खासतौर पर कमजोर या कुपोषित बच्चों में यह खतरा ज्यादा देखा गया है।

इन लक्षणों को बिल्कुल नजरअंदाज न करें

अगर शरीर में शुगर बहुत कम हो जाए तो बच्चे को कमजोरी महसूस हो सकती है। वह सुस्त पड़ सकता है, ज्यादा नींद आ सकती है या उसका व्यवहार अचानक बदल सकता है। कुछ गंभीर मामलों में दौरे पड़ने जैसी स्थिति भी बन सकती है। ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत डॉक्टर की सलाह लेनी चाहिए।

बच्चों को लीची खिलाने का सही तरीका क्या है

डाइटिशियन का कहना है कि बच्चों को हमेशा अच्छी तरह पकी हुई लीची ही खिलानी चाहिए। सबसे अच्छा तरीका है कि इसे खाने के बाद या किसी हेल्दी स्नैक के साथ दिया जाए। इससे शरीर को जरूरी पोषण भी मिलता रहता है और शुगर का स्तर भी संतुलित रहता है।

किन बच्चों को बरतनी चाहिए ज्यादा सावधानी?

जिन बच्चों को बार-बार एलर्जी होती है, पेट जल्दी खराब हो जाता है या पाचन संबंधी समस्याएं रहती हैं, उन्हें लीची खिलाते समय थोड़ा ध्यान रखना चाहिए। अगर लीची खाने के बाद कोई परेशानी महसूस हो तो इसका सेवन रोककर डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होगा।

एक्सपर्ट क्या देती हैं सलाह

लीची कोई खतरनाक फल नहीं है, बल्कि यह गर्मियों का एक स्वादिष्ट और पौष्टिक फल है। लेकिन हर अच्छी चीज की तरह इसे भी सही मात्रा और सही समय पर खाना जरूरी है। बच्चों को कभी भी खाली पेट ज्यादा लीची न दें और इसे नियमित भोजन का विकल्प न बनाएं। थोड़ी सी सावधानी के साथ बच्चे लीची का स्वाद भी ले सकते हैं और इसके फायदे भी पा सकते हैं।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article