क्रिकेट

Asian Games: शेफाली का धमाल, भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने जापान को 8 विकेट से रौंदा, सेमीफाइनल में जगह बनाई

Asian Games 2026, India vs Japan Women Cricket Quarter Final Highlights: जापान में चल रहे एशियन गेम्स 2026 के महिला क्रिकेट क्वार्टर फाइनल मैच में भारतीय टीम ने मेजबान जापान को आसानी से 8 विकेट से मात देकर सेमीफाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है।

Image

शेलाफी वर्मा के शानदार प्रदर्शन से भारत ने जापान को हराया (X/BCCIWomen)

KEY HIGHLIGHTS
  • एशियन गेम्स 2026- महिला क्रिकेट
  • भारत ने जापान को 8 विकेट से हराया
  • शेफाली वर्मा का धमाल, भारत सेमीफाइनल में पहुंचा

Asian Games, IND vs JPN Women Cricket QF Highlights: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने एशियन गेम्स में जीत के साथ शुरुआत की है। ओपनर शेफाली वर्मा के ऑलराउंड प्रदर्शन और बायें हाथ की स्पिनर श्री चरणी की शानदार गेंदबाजी के दम पर डिफेंडिंग चैम्पियन भारतीय टीम ने अनुभवहीन जापान को 8 विकेट से हराकर एशियाई खेलों की महिला क्रिकेट स्पर्धा के सेमीफाइनल में प्रवेश कर लिया है। अब भारत का सामना 20 सितंबर को बांग्लादेश से होगा।

श्री चरणी ने 10 रन देकर चार विकेट लिये जो टी20 क्रिकेट में उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। शेफाली वर्मा ने 13 रन देकर दो विकेट चटकाये। जापान की टीम 19.5 ओवर में 57 रन पर आउट हो गई। भारत ने यह लक्ष्य पांच ओवर में हासिल कर लिया।

शेफाली ने 15 गेंद में नाबाद 40 रन बनाये जबकि रिचा घोष ने छह गेंद में 12 रन का योगदान दिया । जापान ने सलामी बल्लेबाज जी कमलिनी और तीसरे नंबर पर उतरी भारती फुलमाली को आउट किया।

इससे पहले श्री चरणी की अगुवाई में भारत के अनुभवी स्पिनरों ने जापानी बल्लेबाजों की अनुभवहीनता का पूरा फायदा उठाते हुए उन्हें 57 रन पर आउट कर दिया। पहले गेंदबाजी का फैसला करने वाली भारतीय टीम ने जापान के बल्लेबाजों को हाथ खोलने ही नहीं दिये और पूरी पारी में सिर्फ तीन चौके लगे।

जापान के बल्लेबाजों को शीर्ष टीमों से खेलने या नियमित अभ्यास का मौका नहीं मिलता है और उनके लिये टर्न और उछाल लेती पिच पर भारत के गेंदबाजों का सामना कर पाना काफी मुश्किल था।

पावरप्ले में 24 रन ही बने जिसमें दो चौके लगे । श्री चरणी ने सलामी बल्लेबाज हारूना इवासाकी (10) और कप्तान माइ यानागिडा को लगातार दो गेंदों पर पवेलियन भेजा। शेफाली ने 15वें ओवर में अयाका कातो और 17वें ओवर में शिमाको कातो के विकेट लिये । कुछ बल्लेबाज रन आउट भी हुए जिससे जापान की मुश्किलें और बढ गई।

(भाषा)

Shivam Awasthi
शिवम अवस्थीauthor

शिवम् अवस्थी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स डेस्क के इंचार्ज हैं। इनको खेल पत्रकारिता में तकरीबन 17 सालों का अनुभव है। इनको क्रिकेट, फुटबॉल और टेनिस में खास रुचि है। उन्हें खेलना भी पसंद है और वो देहरादून में फुटबॉल व क्रिकेट इंटर डिस्ट्रिक्ट चैंपियनशिप में विजेता टीम के कप्तान भी रहे। पत्रकारिता में कदम रखने के कुछ समय बाद कॉमनवेल्थ गेम्स 2010 का संपूर्ण फील्ड कवरेज किया और कई ब्रेकिंग न्यूज दी। कई चर्चित भारतीय एथलीटों के इंटरव्यू लिए हैं। 2011 वनडे क्रिकेट वर्ल्ड कप का ऑनफील्ड रहकर शहर-शहर घूमते हुए पूरा टीवी कवरेज किया। विश्व कप से पहले युवा विराट कोहली का इंटरव्यू किया। डिजिटल जैसे-जैसे आगे बढ़ा उन्हें ब्रेट ली, सुनील गावस्कर, राहुल द्रविड़, जैसे तमाम धुरंधरों के साक्षात्कार किए और 16 वर्षीय ऋषभ पंत का पहला डिजिटल इंटरव्यू किया जिसे इंग्लिश और हिंदी वेबसाइट पर काफी रीडरशिप मिली। उन्होंने स्पोर्ट्स मल्टी पॉडकास्ट भी किया। आईपीएल के 18 सीजन से ऑनफील्ड जुड़े रहे। अब तक तकरीबन 6000 से ज्यादा एक्सक्लूसिव स्टोरीज लिख चुके हैं। साल 2025 में खेल जगत के तमाम बड़े रिकॉर्ड्स व आंकड़ों को ट्रैक किया है और उन पर आर्टिकल तैयार किए हैं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!