दिन में तेज धूप और सुबह-शाम की बर्फीली हवाएं, जानें इस मौसम में इम्यूनिटी बूस्ट करने के कारगर नुस्खे
- Authored by: गुलशन कुमार
- Updated Jan 27, 2026, 07:28 AM IST
Home Remedies For Immunity Boosting: सर्दियों में हमारी इम्यूनिटी ऐसे भी कमजोर हो जाती है, जिससे हमें बीमारियां आसानी से घेर लेती हैं। लेकिन आज कल दिन में निकलने वाली तेज धूप और सुबह शाम चलने वाली ठंडी हवाएं हमें बीमार करने का पूरा माहौल तैयार कर रही हैं। आइए जानते हैं ऐसे में इम्यूनिटी को बूस्ट करने के कारगर उपाय...
इम्यूनिटी बूस्ट करने के कारगर नुस्खे
Home Remedies For Immunity Boosting: दिनभर निकली तेज धूप और सुबह-शाम की ठंडी हवाएं आपको बीमार करने का पूरा प्लान बनाती हैं। ऐसे मौसम में सबसे पहले नाक बहने लगती है, गले में खराश होती है और फिर ये सीधे खांसी में बदल जाती है। यदि आपके साथ ऐसा अक्सर होता है तो समझिए आपकी इम्यूनिटी कमजोर पड़ रही है। आज हमारी प्राकृतिक रक्षा प्रणाली पर काफी बुरा असर देखने को मिला है। लेकिन अच्छी बात ये है कि कुछ सही आदतों और घरेलू नुस्खों को अपनाकर सर्दी-खांसी के खिलाफ इम्यूनिटी को मजबूत बनाया जा सकता है। आज हम आपको इम्यूनिटी बूस्ट करने के कुछ कारगर नुस्खे बताने जा रहे हैं, जो आपको इन मौसमी बीमारियों से बचा सकते हैं।
इम्यूनिटी है शरीर की पहली ढाल
मौसम का असर या कोई बैक्टीरिया और वायरस हमारे शरीर में घुसकर हमें बीमार करेगा या नहीं इस बात का फैसला हमारी इम्यूनिटी करती है। यदि आपकी इम्यूनिटी मजबूत है, तो आपका शरीर खुद ही सर्दी-खांसी के वायरस से लड़ लेता है, और कमजोर इम्यूनिटी में ये साधारण बीमारियां भी आपको काफी दिन तक परेशान कर सकती हैं। आइए जानते हैं कुछ असरदार इम्यूनिटी बूस्टर नुस्खे...
काढ़े का इस्तेमाल
सर्दी-खांसी से बचाव के लिए हर्बल काढ़ा सदियों पुराना और कारगर नुस्खा है। इसे तैयार करने के लिए आपको 1 कप पानी में 5-7 तुलसी के पत्ते, 1 इंच अदरक, 3-4 काली मिर्च, 1 इंच दालचीनी को कूटकर डाल देना है। इस पानी को आधा रह जाने तक उबालें और फिर इसे छानकर इसमें 1 चम्मच शहद मिक्स करके पिएं। यह आपके इम्यून सिस्टम को एक्टिवेट करता है।
हल्दी और दूध
हल्दी को नेचुरल एंटीबायोटिक भी कहा जाता है। यह आपकी इम्यूनिटी को बूस्ट करने में काफी मददगार हो सकती है। रात में सोने से पहले 1 गिलास गर्म दूध के साथ 1/2 चम्मच हल्दी मिलाकर पिएं। ये हेल्दी ड्रिंक आपकी इम्यूनिटी को बूस्ट करके संक्रमण से लड़ने में मदद करता है। हल्दी में मौजूद करक्यूमिन आपकी इंफ्लेमेशन को कम करता है और सर्दी-खांसी से भी बचाता है।
अदरक और शहद
यदि आपको गले का इन्फेक्शन और खांसी की समस्या है, तो अदरक और शहद का हेल्दी कॉम्बिनेशन आपकी काफी मदद कर सकता है। 1 चम्मच शहद और आधा चम्मच अदरक का रस इन दोनों को मिलाकर दिन में 1-2 बार लें। शहद आपके शरीर में मौजूद बैक्टीरिया से लड़ता है और अदरक शरीर को गर्म रखकर संक्रमण के खतरे को कम करता है।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।