लगातार खराब होता खानपान और बिगड़ती दिनचर्या ने गैस, एसिडिटी और कब्ज की समस्या को काफी आम कर दिया है। इससे आज बहुत से लोग परेशान दिखाई देते हैं। पेट की ये समस्याएं आपके सामान्य जीवन को प्रभावित करने के साथ-साथ आपको कई तरह के गंभीर रोगों का भी शिकार बना सकती हैं। क्योंकि पेट को तमाम रोगों का जनक भी कहा जाता है, इसलिए पेट से जुड़ी समस्याओं को नजरअंदाज करने की भूल न करें। आज हम आपको बाबा रामदेव का कब्ज के लिए बताया एक घरेलू नुस्खा बताने जा रहे हैं, जो आपके पेट को साफ करने में रामबाण साबित हो सकता है। आइए जानते हैं कब्ज के लिए बाबा रामदेव का बताया देसी नुस्खा...
कब्ज के लिए बाबा रामदेव का नुस्खा
बाबा रामदेव की मानें तो कब्ज से निजात पाने के लिए आप गुलाब की खुशबूदार पंखुड़ियों का सेवन कर सकते हैं। गुलाब का फूल न केवल आपके मन को शांति देता है बल्कि ये आपकी सेहत को भी दुरुस्त करने का काम करता है। गुलाब की पंखुड़ियों से बना गुलकंद आपको गैस, कब्ज, एसिडिटी, और पेट से जुड़ी अन्य समस्याओं में तेजी से लाभ देता है। आइए जानते हैं इसके बारे में विस्तार से....
गुलकंद कैसे करें तैयार?
गुलकंद तैयार करने के लिए आपको गुलाब के पंखुड़ियों को तोड़कर एक ओखली में डालकर पीस लेना है। इसके बाद इसमें मिश्री को डालकर उसे भी अच्छी तरह कूट लें आप इसमें जरूरत के हिसाब से थोड़ा शहद भी डाल सकते हैं। इसे और भी हेल्दी बनाने के लिए थोड़ी काली मिर्च मिक्स करके अच्छी तरह पीस लें। अब इस मिश्रण को कांच या मिट्टी के बर्तन में भरकर धूप में रख दें। इस तरह आपका गुलकंद तैयार है।
गुलकंद बनाने के लिए आवश्यक सामग्री
- गुलाब की पंखुड़ियां
- मिश्री
- शहद
- काली मिर्च
गुलकंद के सेवन का तरीका
बाबा रामदेव की मानें तो गुलकंद का सेवन बिना किसी समस्या के भी किया जा सकता है। लेकिन कब्ज की समस्या से निजात पाने के लिए गुलकंद एक शानदार औषधि है। इसके अलावा जो लोग कोलाइटिस की समस्या से परेशान हैं, उनके लिए भी गुलकंद काफी फायदेमंद है। स्वामी रामदेव की मानें तो पेट की सभी समस्याओं से लिए गुलकंद रामबाण हैं।
