मध्य प्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव प्रदेश के 102 प्रतिभाशाली छात्र-छात्राओं को 'भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति' देंगे। इस योजना के तहत प्रत्येक चयनित विद्यार्थी को एक लाख रुपये की नकद राशि और प्रमाण पत्र दिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने सभी विजेताओं को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।
भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन से जोड़ने की पहल
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण मेधावी छात्रवृत्ति योजना का उद्देश्य भावी पीढ़ी को भगवान श्रीकृष्ण के जीवन-दर्शन, व्यक्तित्व, भारतीय ज्ञान परंपरा, संस्कृति, शिक्षा और जीवन-मूल्यों से जोड़ना है। उन्होंने विश्वास जताया कि विद्यार्थियों की प्रतिभा और परिश्रम विकसित भारत के निर्माण में अहम भूमिका निभाएंगे। मुख्यमंत्री ने कामना की कि सभी विद्यार्थी भगवान श्रीकृष्ण के आदर्शों से प्रेरणा लेकर जीवन में नई ऊंचाइयां हासिल करें और मध्यप्रदेश का गौरव बढ़ाएं।
63 हजार से ज्यादा विद्यार्थियों ने लिया हिस्सा
मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार और श्रीकृष्ण पाथेय न्यास के मुख्य कार्यपालक अधिकारी श्रीराम तिवारी ने बताया कि छात्रवृत्ति के लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता 11 अगस्त से 30 सितंबर 2026 तक आयोजित की गई थी। इसमें कुल 63,736 विद्यार्थियों ने रजिस्ट्रेशन कराया, जबकि 58,099 प्रतिभागियों ने प्रश्नपत्र हल किया। प्रतियोगिता की अवधि में वेबसाइट पर 7,94,700 से अधिक विजिट दर्ज किए गए।
मेरिट सूची से लॉटरी के जरिए चुने गए 102 विद्यार्थी
श्रीराम तिवारी के अनुसार, 23 अक्टूबर 2026 को दोनों वर्गों के प्रतिभागियों की मेरिट सूची तैयार की गई। इसमें सर्वाधिक अंक प्राप्त करने और न्यूनतम समय में प्रश्नपत्र हल करने वाले कुल 5,514 प्रतिभागियों को शामिल किया गया। इसके बाद नियमानुसार लॉटरी के जरिए 102 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया। यह चयन विद्यालय और महाविद्यालय/विश्वविद्यालय, दोनों वर्गों में किया गया है।
खंडवा से सबसे ज्यादा छह विद्यार्थी चयनित
जिलावार चयन में खंडवा जिले के सबसे अधिक 6 विद्यार्थी विजेता बने हैं। अशोकनगर, बड़वानी, नर्मदापुरम, सिवनी, सिंगरौली और उमरिया से चार-चार विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं, बुरहानपुर, छतरपुर, गुना, झाबुआ, कटनी, मऊगंज, सागर, सतना, श्योपुर और उज्जैन से तीन-तीन विद्यार्थी चुने गए हैं। छात्रवृत्ति के सभी विजेताओं के नाम श्रीकृष्ण पाथेय न्यास की आधिकारिक वेबसाइट https://shrikrishnapatheynyas.com/ पर अपलोड कर दिए गए हैं।
