शहर

बालकनी से थूका गुटखा, 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आया बुजुर्ग, छज्जे पर मिला शव

Vidisha MP News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले के गंजबासौदा में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग की 11 केवी हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से दर्दनाक मौत हो गई। बुजुर्ग मकान के छज्जे से गुटखा थूकने पहुंचे थे।

Image

हाई-टेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत

Photo : Times Now Digital

Vidisha News: मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में गुटखे की लत ने एक और जान ले ली लेकिन यहां कारण कोई बीमारी नहीं बल्कि लापरवाही थी। विदिशा के गंजबासौदा में एक निर्माणाधीन मकान में रहने वाले 60 वर्षीय बुजुर्ग की 11 हजार वोल्ट की हाई-टेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बुजुर्ग मकान की ऊपरी मंजिल के छज्जे पर गुटखा थूकने के लिए पहुंचे थे, तभी वहां से बेहद करीब से गुजर रही नंगी बिजली लाइन से उनका संपर्क हो गया। करंट का झटका इतना भीषण था कि बुजुर्ग की मौके पर ही सांसें थम गईं और उनका शव छज्जे पर ही लटकता रह गया।

वार्ड नंबर 6 की घटना, निर्माणाधीन मकान में रहते थे बुजुर्ग

यह खौफनाक हादसा गंजबासौदा शहर के वार्ड नंबर 6 में घटित हुआ। मृतक की उम्र लगभग 60 वर्ष थी। वे संबंधित निर्माणाधीन मकान में किराए से रहते थे और वहीं पर काम भी संभाल रहे थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, बुजुर्ग मुंह में गुटखा दबाए हुए उसे थूकने के उद्देश्य से छज्जे के कोने पर पहुंचे। मकान के बिल्कुल पास से 11 हजार वोल्ट की बिजली की लाइन गुजर रही थी। थूकने के दौरान वे अनजाने में उस हाई-टेंशन लाइन के संपर्क में आ गए। जोरदार करंट लगते ही उनकी तुरंत मौत हो गई।

छज्जे पर लटका रहा शव, इलाके में फैली सनसनी

हादसे के बाद का दृश्य बेहद भयानक था। करंट लगने के बाद बुजुर्ग का बेजान शरीर छज्जे की दीवार के सहारे ही अटका रह गया। यह नजारा देखकर आसपास के निवासियों में हड़कंप मच गया और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत इस बात की सूचना गंजबासौदा शहर थाना पुलिस और विद्युत विभाग को दी। बिजली आपूर्ति कटवाने के बाद पुलिस और राहत टीम ने शव को छज्जे से नीचे उतारा।

पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की

सूचना मिलते ही गंजबासौदा शहर थाना पुलिस की टीम दलबल के साथ घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। थाना पुलिस के अनुसार, घटना के संबंध में मर्ग कायम कर लिया गया है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि निर्माणाधीन मकान के इतने करीब से 11 केवी की खतरनाक लाइन गुजरने के बावजूद सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था या नहीं। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और दहशत का माहौल है।

Nishant Tiwari
निशांत तिवारीauthor

निशांत तिवारी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में कॉपी एडिटर हैं। शहरों से जुड़ी खबरों, स्थानीय मुद्दों और नागरिक सरोकार को समझने की उनकी गहरी दृष्टि उन्हें इस बीट का एक भरोसेमंद और प्रभावी कंटेंट राइटर बनाती है। वे जटिल लोकल इश्यूज को सहज, स्पष्ट और असरदार अंदाज में पेश करने में दक्ष हैं और अबतक 2,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट लिख चुके हैं। उनकी लेखन शैली शहर की नब्ज पकड़ते हुए ऐसे कंटेंट पर केंद्रित रहती है, जो सीधे पाठकों के जीवन और उनकी रोजमर्रा की चिंताओं से जुड़ा होता है।

और पढ़ें
End of Article