देश

राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले में आज फैसला सुनाएगी सुलतानपुर की अदालत, दिल्ली से हुए रवाना

यह मामला 2018 में भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन अध्‍यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गांधी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसे लेकर एक स्थानीय भाजपा नेता ने मुकदमा दर्ज कराया था।

Image

राहुल की आज सुलतानपुर कोर्ट में पेशी

Photo : ANI

Rahul Gandhi Sultanpur Court: लोकसभा विपक्ष के सांसद और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि मामले सुलतानपुर की एक विशेष सांसद/विधायक अदालत आज फैसला सुनाएगी। 2018 के आपराधिक मानहानि मामले में फैसले के लिए सुल्तानपुर स्थित विशेष सांसद/विधायक न्यायालय में पेश होंगे। राहुल अपने आवास से सुल्तानपुर के लिए रवाना हो गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि राहुल गांधी अदालत में मौजूद रहेंगे।

क्या है मामला?

यह मामला 2018 में भारतीय जनता पार्टी के तत्कालीन अध्‍यक्ष और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के खिलाफ गांधी की कथित आपत्तिजनक टिप्पणियों से जुड़ा है, जिसे लेकर एक स्थानीय भाजपा नेता ने मुकदमा दर्ज कराया था। शिकायतकर्ता के अधिवक्ता संतोष कुमार पांडेय ने बताया कि 13 अक्टूबर को विशेष सांसद-विधायक अदालत के न्यायाधीश शुभम वर्मा ने इस मामले में फैसला सुनाने के लिए 26 अक्टूबर की तारीख तय की थी। उन्होंने कहा कि रायबरेली से कांग्रेस सांसद राहुल गांधी को सोमवार को अदालत में व्यक्तिगत रूप से पेश होना होगा।

अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी

भाजपा नेता और जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष विजय मिश्रा ने चार अगस्त 2018 को राहुल गांधी के खिलाफ मानहानि की शिकायत दर्ज कराई थी। आरोप है कि गांधी ने उसी वर्ष बेंगलुरु में एक चुनावी सभा के दौरान अमित शाह के खिलाफ आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। अदालत ने 27 नवंबर 2023 को गांधी को मुकदमे का सामना करने के लिए तलब किया था। इसके बाद वह अदालत में पेश हुए थे, जहां उन्हें जमानत मिल गई थी।

बाद में मिश्रा ने राहुल गांधी के आवाज के नमूने का मिलान कराने की अर्जी दी थी, जिसे निचली अदालत ने खारिज कर दिया था। इसके खिलाफ दायर पुनरीक्षण याचिका को सत्र अदालत ने भी खारिज कर दिया। इलाहाबाद उच्च न्यायालय ने भी दोनों अदालतों के आदेशों को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी थी। राहुल इस मामले में आज 26 अक्टूबर को अदालत में चौथी बार व्यक्तिगत रूप से पेश होंगे।

सुलतानपुर के पुलिस अधीक्षक विनीत जायसवाल ने बताया कि सोमवार को गांधी के लखनऊ से सड़क मार्ग से सुलतानपुर आने का कार्यक्रम है और उनके सुबह 10 बजे तक आने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस दौरान दीवानी न्यायालय में सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष अभिषेक सिंह राणा ने भी गांधी के सुलतानपुर आने की पुष्टि की है।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article