What Hands Can tell about health in hindi: क्या आप जानते हैं कि आपके हाथ सिर्फ मेहनत या खूबसूरती ही नहीं दिखाते, बल्कि आपकी सेहत का हाल भी बयां करते हैं? मशहूर हेल्थ इन्फ्लुएंसर और हॉर्मोन व गट हेल्थ डाइटिशियन मनप्रीत कौल कहती हैं कि हाथों पर दिखने वाले छोटे-छोटे बदलाव अक्सर हमारे शरीर के भीतर छिपी हुई बीमारियों का राज खोलते हैं। ठंडे हाथ, झनझनाहट, कांपना या नाखूनों पर सफेद धब्बे ये सब मामूली नहीं, बल्कि पोषण की कमी और गंभीर समस्याओं के संकेत हो सकते हैं। चलिए जानते हैं हाथों पर दिखने वाले ये खास लक्षण आपकी सेहत के बारे में क्या बताते हैं।
ठंडे हाथ
अगर आपके हाथ अक्सर ठंडे रहते हैं तो यह शरीर में आयरन की कमी का नतीजा हो सकता है। आयरन की कमी से शरीर में खून की कमी और थकान जैसी परेशानियां बढ़ सकती हैं। इसे पूरा करने के लिए पालक, चुकंदर, खजूर और राजगीरा जैसे आहार को डाइट में शामिल करना जरूरी है।
कांपते हाथ
हाथों का कांपना सिर्फ कमजोरी नहीं, बल्कि यह स्ट्रेस और एंग्जायटी का संकेत भी हो सकता है। मनप्रीत कौल के अनुसार, रोजाना अश्वगंधा का सेवन करना और सोने से पहले कैमोमाइल टी पीना तनाव को कम करने और नींद को बेहतर बनाने में मददगार है।
झनझनाहट या सुन्नपन
अगर आपके हाथों या उंगलियों में बार-बार झनझनाहट या सुन्नपन होता है, तो यह विटामिन B12 की कमी की वजह से हो सकता है। इसकी भरपाई के लिए आहार में दही, इडली, डोसा और मशरूम जैसे फर्मेंटेड फूड्स शामिल करना फायदेमंद होता है।
हथेलियों में पसीना
हथेलियों में लगातार पसीना आना हाइपरथायरॉइडिज्म का संकेत हो सकता है। यह हार्मोनल असंतुलन से जुड़ी समस्या है। ऐसे में सुबह खाली पेट धनिया के बीज की चाय पीना शरीर को संतुलित करने में मदद कर सकता है।
नाखूनों पर सफेद धब्बे
अगर आपके नाखूनों पर सफेद धब्बे दिख रहे हैं तो इसे हल्के में न लें। यह जिंक की कमी का लक्षण हो सकता है। कद्दू के बीज, बादाम, अलसी और चिया सीड्स का सेवन जिंक की कमी को दूर करने में असरदार माना जाता है।
अब से न करें इग्नोर
आपके हाथ आपकी सेहत की असली कहानी कह सकते हैं, बस आपको इन संकेतों को समझने की जरूरत है। डाइटिशियन मनप्रीत कौल मानती हैं कि हाथों पर दिखने वाले बदलावों को हल्के में लेना बड़ी गलती हो सकती है। अगर आप ठंडे हाथ, झनझनाहट, पसीना या सफेद धब्बों जैसे लक्षण देख रहे हैं, तो इन्हें नजरअंदाज न करें और सही डाइट व जांच से अपनी सेहत को सुरक्षित रखें।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
