हेल्थ

खाने के बाद शतपावली की सलाह देते हैं डॉ. श्रीराम नेने, जानिए क्या है ये और इसके फायदे

डॉ. नेने के मुताबिक, 100 कदम की गिनती महज एक परंपरा है, असली मकसद शरीर को यह आदत डालना है कि खाना खाने के बाद तुरंत एक जगह बैठना नहीं है।

Image

खाना खाने के बाद सिर्फ 100 कदम चलना सेहत के लिए क्यों है वरदान? जानें क्या कहते हैं डॉ. नेने (Photo: Dr Nene fb)

लोग फिट रहने के लिए ना जाने क्या-क्या करने को तैयार रहते हैं। महंगे जिम से लेकर तमाम तरह के वेलनेस ऐप्स का सहारा लेने से भी नहीं कतराते। इसमें कोई बुराई भी नहीं है, लेकिन हमारी भारतीय परंपरा में सदियों से एक बेहद आसान नियम चला आ रहा है - खाना खाने के बाद थोड़ा टहलना। मशहूर कार्डियोथोरेसिक सर्जन डॉ. श्रीराम नेने ने हाल ही में सोशल मीडिया पर इसी पुरानी परंपरा के फायदों के बारे में बताया है। इसे शतपावली कहा जाता है। इसका सीधा सा मतलब है दोपहर या रात के भोजन के बाद आराम से 100 कदम चलना।

क्या है शतपावली और इसका असली मकसद?

डॉ. नेने का कहना है कि इसके लिए आपको न तो जिम के कपड़ों की जरूरत है और न ही किसी भारी-भरकम टारगेट की। बस खाने के बाद 2 से 5 मिनट तक हल्की-फुल्की चहलकदमी करनी है। डॉ. नेने के मुताबिक, 100 कदम की गिनती महज एक परंपरा है, असली मकसद शरीर को यह आदत डालना है कि खाना खाने के बाद तुरंत एक जगह बैठना नहीं है।

पाचन और एसिडिटी में मिलती है मदद

दूसरे एक्सपर्ट्स भी मानते हैं कि खाना खाने के बाद शरीर के शांत या स्थिर रहने से पाचन क्रिया धीमी पड़ जाती है। खाने के तुरंत बाद बैठने या सीधे लेटने से पेट का एसिड ऊपर की ओर जा सकता है, जिससे सीने में जलन और एसिड रिफ्लक्स की समस्या बढ़ती है। हल्का टहलने से पेट जल्दी खाली होता है, अंदर का दबाव कम होता है और खाना पचाने वाले रस बेहतर तरीके से काम करते हैं। इसके अलावा, यह आंतों को सक्रिय रखता है, जिससे गैस, पेट फूलने और कब्ज जैसी परेशानियों से बिना दवा के राहत मिलती है।

ब्लड शुगर कंट्रोल करने में भी कारगर

डॉक्टर्स मानते हैं कि लंच या डिनर के बाद 100 कदम चलना ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने में बड़ी भूमिका निभाता है। यह शरीर में इंसुलिन को प्राकृतिक रूप से बढ़ावा देने जैसा काम करता है। जो लोग सुबह की सैर करते हैं, अगर वे खाने के बाद भी थोड़ा टहल लें, तो शुगर मैनेज करने में अतिरिक्त मदद मिलती है।

टहलते समय इन बातों का रखें ध्यान

डॉक्टरों की सलाह है कि खाने के तुरंत बाद टहलने की रफ्तार हमेशा धीमी और आरामदायक होनी चाहिए। इस समय तेज चलना, दौड़ना या बहुत लंबी वॉक करना पेट में असहजता पैदा कर सकता है। साथ ही, टहलते समय मोबाइल फोन पर स्क्रॉल करने से बचें, क्योंकि इससे शरीर का पॉश्चर बिगड़ता है और टहलने का पूरा लाभ नहीं मिल पाता।

Suneet Singh
सुनीत सिंहauthor

सुनीत सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में डिप्टी न्यूज एडिटर के रूप में कार्यरत हैं और लाइफस्टाइल सेक्शन में स्पेशल स्टोरीज प्रोजेक्ट का नेतृत्व कर रहे हैं। टीवी और डिजिटल पत्रकारिता में 13 वर्षों के अनुभव के साथ, सुनीत उन बहुमुखी पत्रकारों में शामिल हैं जिन्होंने न्यूजरूम और फील्ड—दोनों मोर्चों पर खुद को साबित किया है। माइक, कैमरा और एडिटिंग डेस्क तीनों से उनकी सहज जुगलबंदी ने उन्हें एक संतुलित और विश्वसनीय मीडिया प्रोफेशनल के रूप में स्थापित किया है। पिछले 10 वर्षों से सुनीत लाइफस्टाइल, लिटरेचर, सिनेमा और संस्कृति से जुड़ी गहन व विश्लेषणात्मक स्टोरीज लिखते रहे हैं और अबतक 12,000 से अधिक आर्टिकल पब्लिश कर चुके हैं। उनकी लेखन शैली गहराई, मौलिक दृष्टिकोण और रिसर्च-आधारित प्रस्तुति से पहचानी जाती है। वे विषयों की बारीकियों को पकड़कर उन्हें सरल, प्रभावी और पाठकों से जुड़ने वाली भाषा में ढालने में दक्ष हैं।

और पढ़ें
End of Article