Mira Rajput Stretch Marks: खूबसूरत दिखने के लिए जरूरी नहीं कि आपकी त्वचा बिल्कुल बेदाग हो। शरीर पर मौजूद छोटे-छोटे निशान भी आपकी जिंदगी की कहानी का हिस्सा हो सकते हैं। हाल ही में मीरा कपूर के स्ट्रेच मार्क्स सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गए। उनकी तस्वीरों में पेट पर दिखाई देने वाले इन निशानों को देखकर लोगों ने अपनी-अपनी प्रतिक्रियाएं दीं। कुछ ने इसे नेचुरल बॉडी और मां बनने के बाद होने वाले बदलावों से जोड़ा, तो कुछ ने उनकी बेफिक्र अदाओं की तारीफ की।
लेकिन बता दें कि, स्ट्रेच मार्क्स सिर्फ प्रेग्नेंसी के बाद ही नहीं आते। अचानक वजन बढ़ने, वजन घटने, किशोरावस्था में शारीरिक विकास और मांसपेशियों के तेजी से बढ़ने पर भी त्वचा पर ऐसी धारियां बन सकती हैं। अच्छी बात यह है कि समय के साथ इनका रंग हल्का हो सकता है। आइए समझते हैं कि आखिर स्ट्रेच मार्क्स क्या हैं और इनकी देखभाल कैसे की जा सकती है।
आखिर क्यों आते हैं स्ट्रेच मार्क्स?
स्ट्रेच मार्क्स को मेडिकल भाषा में स्ट्राई (Striae) कहा जाता है। ये त्वचा पर दिखाई देने वाली पतली धारियां होती हैं। जब शरीर का आकार तेजी से बदलता है, तो त्वचा के अंदर मौजूद कोलेजन और इलास्टिन नाम के प्रोटीन फाइबर प्रभावित हो सकते हैं। यही फाइबर त्वचा को लचीला और मजबूत बनाए रखने में मदद करते हैं। इनके प्रभावित होने पर त्वचा पर निशान उभरने लगते हैं।
प्रेग्नेंसी के दौरान पेट का आकार बढ़ना इसका एक आम कारण है। इसके अलावा अचानक वजन बढ़ना या कम होना, किशोरावस्था में लंबाई तेजी से बढ़ना और जिम में एक्सरसाइज के कारण मांसपेशियों का आकार बढ़ना भी स्ट्रेच मार्क्स की वजह बन सकता है। कुछ लोगों में जेनेटिक कारणों से भी इनकी संभावना अधिक होती है।
स्ट्रेच मार्क्स को कैसे ठीक किया जा सकता है
स्ट्रेच मार्क्स को हल्का करने के लिए बाजार में कई तरह के तेल, लोशन और क्रीम उपलब्ध हैं। हालांकि, हर उत्पाद के काम करने का वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। कोको बटर, बादाम तेल और विटामिन ई त्वचा को मॉइस्चराइज कर सकते हैं, लेकिन इनसे पुराने स्ट्रेच मार्क्स पूरी तरह गायब हो जाएंगे, ऐसा कहना सही नहीं होगा। कुछ शुरुआती स्ट्रेच मार्क्स में हायलूरोनिक एसिड वाले उत्पाद मदद कर सकते हैं। वहीं, रेटिनॉइड क्रीम कुछ लोगों में शुरुआती निशानों को हल्का कर सकती हैं। लेकिन इनका इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए। गर्भावस्था और स्तनपान के दौरान रेटिनॉइड से बचना जरूरी है।
लेजर ट्रीटमेंट
अगर स्ट्रेच मार्क्स ज्यादा दिखाई देते हैं और आप इन्हें कम करना चाहते हैं, तो डर्मेटोलॉजिस्ट से सलाह ले सकते हैं। डॉक्टर त्वचा की स्थिति के अनुसार लेजर थेरेपी, माइक्रोनीडलिंग या दूसरे त्वचा उपचार सुझा सकते हैं। इन प्रक्रियाओं से निशानों की रंगत और बनावट में सुधार हो सकता है। हालांकि, कोई भी ट्रीटमेंट इन्हें पूरी तरह मिटाने की गारंटी नहीं देता।
