Benefits Of Green Leaves: हेल्दी रहने के लिए हरी पत्तेदार सब्जियां खाना बेहद जरूरी माना जाता है। हेल्थ एक्सपर्ट्स के मुताबिक अगर आप सिर्फ एक ही तरह की सब्जी खाते हैं, तो शरीर को सभी जरूरी पोषक तत्व नहीं मिल पाते। अलग-अलग पत्तियों में अलग-अलग पोषक तत्व होते हैं। इसलिए रोजमर्रा के भोजन में विभिन्न प्रकार की हरी पत्तियां शामिल करना सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। इससे शरीर को विटामिन, मिनरल्स, फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट भरपूर मात्रा में मिलते हैं। आइए जानते हैं ऐसी ही कुछ हेल्दी हरी पत्तियों के बारे में।
बथुआ (Bathua Leaves)
बथुआ फाइबर से भरपूर होता है, जो पाचन तंत्र के लिए बेहद फायदेमंद माना जाता है। इसका सेवन करने से आंतों की कार्यप्रणाली बेहतर हो सकती है और कब्ज जैसी समस्याओं से राहत मिल सकती है। भारतीय रसोई में बथुआ का इस्तेमाल साग, पराठा, रायता या दाल में मिलाकर किया जाता है। इसके अलावा बथुआ का सूप भी एक हेल्दी विकल्प माना जाता है।
सरसों के पत्ते (Mustard Greens)
सरसों के पत्ते स्वाद और पोषण दोनों के लिहाज से बेहतरीन माने जाते हैं। इनमें विटामिन C अच्छी मात्रा में होता है, जो इम्यून सिस्टम को मजबूत बनाने में मदद करता है। इसके अलावा इसमें मौजूद विटामिन K और कैल्शियम हड्डियों को मजबूत बनाने में सहायक होते हैं। वहीं विटामिन A और बीटा कैरोटीन आंखों की सेहत के लिए भी फायदेमंद माने जाते हैं।
शेपू के पत्ते (Dill Leaves)
शेपू यानी डिल के पत्ते पारंपरिक रूप से पाचन से जुड़ी समस्याओं में उपयोग किए जाते हैं। माना जाता है कि ये पेट फूलना और अपच जैसी दिक्कतों को कम करने में मदद कर सकते हैं। इसके अलावा इनमें एंटीऑक्सीडेंट और एंटीमाइक्रोबियल गुण भी पाए जाते हैं, जो शरीर को संक्रमण से बचाने में सहायक हो सकते हैं।
मेथी के पत्ते (Fenugreek Leaves)
मेथी के पत्ते पोषण से भरपूर हरी सब्जियों में शामिल किए जाते हैं। इनमें आयरन और फाइबर अच्छी मात्रा में पाया जाता है। मेथी के पत्ते पाचन को बेहतर बनाने में मदद कर सकते हैं और ब्लड शुगर को संतुलित रखने में भी सहायक माने जाते हैं। नियमित रूप से मेथी का सेवन शरीर को जरूरी पोषण देने में मदद करता है।
करी पत्ता (Curry Leaves)
भारतीय रसोई में करी पत्ता अक्सर स्वाद और खुशबू बढ़ाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन इसके फायदे सिर्फ स्वाद तक सीमित नहीं हैं। इसमें एंटीऑक्सीडेंट और कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। करी पत्ता पाचन तंत्र को बेहतर बनाने में मदद कर सकता है। साथ ही यह ब्लड शुगर को संतुलित रखने और दिल की सेहत को सपोर्ट करने में भी उपयोगी माना जाता है। इसे दाल, सब्जी या चटनी में आसानी से शामिल किया जा सकता है।
चौलाई के पत्ते (Amaranth Leaves)
चौलाई के पत्ते पोषण से भरपूर होते हैं। इनमें आयरन, कैल्शियम और विटामिन C अच्छी मात्रा में पाया जाता है। ये शरीर की इम्यूनिटी मजबूत करने में मदद करते हैं। साथ ही ये लाल रक्त कोशिकाओं के निर्माण में भी सहायक माने जाते हैं। चौलाई के पत्तों की सब्जी बनाकर या दाल के साथ मिलाकर भी खाया जा सकता है। यह स्वादिष्ट होने के साथ सेहत के लिए भी फायदेमंद होते हैं।
यह लेख मूल रूप से गौरंगी (Gaurangi) द्वारा लिखा गया है, वह टाइम्स नाउ नवभारत के साथ बतौर इंटर्न जुड़ी हुई हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
