शहर

Noida News: एलिवेटेड रोड अब दिसंबर से पहले नहीं खुलेगी! बंद लेन पर टूटे हिस्से का पूरा पैनल बदला जाएगा

Noida News: नोएडा के सेक्टर 61 से सेक्टर 18 की जाने वाली एलिवेटेड रोड की लेन के इस महीने खुलने की संभावना नहीं है। यहां सेक्टर-33 के सामने क्षतिग्रस्त हुए कंक्रीट पैनल नए सिरे से बनाया जाना है।

Image

अभी नहीं खुलेगा नोएडा एलिवेटेड रोड!

Noida News: नोएडा सेक्टर 61 से सेक्टर 18 के बीच बने नोएडा बायपास (एलिवेटेड रोड) के खुलने का इंतजार कर रहे लोगों के लिए बुरी खबर है। इस रोड के अभी खुलने की उम्मीद नहीं है। जैसा कि आप जानते हैं सेक्टर 33 के पास इस एलिवेटेड रोड पर एक बड़ा गड्ढा हो गया था, जिसके बाद इसकी एक लेन को बंद कर दिया गया था। अब सेक्टर 61 से सेक्टर 18 की ओर आने वाली लेन के इस महीने खुलने के आसान नहीं हैं।

मरम्मत के काम और तकनीकी जांच को देखते हुए दिसंबर से पहले इस लेन पर ट्रैफिक शुरू होना मुश्किल दिख रहा है। ऐसे में सेक्टर-62 और सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली गाड़ियों को फिलहाल एलिवेटेड रोड के नीचे की सड़क का ही इस्तेमाल करते रहना होगा।

नोएडा अथॉरिटी ने ट्रैफिक पुलिस को इस हिस्से पर 15 दिन और काम चलने की जानकारी दी थी। हालांकि, मरम्मत की स्थिति को देखते हुए क्षतिग्रस्त हिस्से को पूरी तरह ठीक करने और ट्रैफिक बहाल करने में लगभग 20 दिन लगने की पूरी संभावना है। ऐसा इसलिए क्योंकि इस गड्ढे को भरने के बजाय पूरे क्षतिग्रस्त कंक्रीट पैनल को ही नए सिरे से तैयार किया जा रहा है।

कब से बंद है एलिवेटेड रोड की यह लेन?

सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली लेन में 18 अक्टूबर 2026 को पहली बार गड्ढा हुआ था। अथॉरिटी ने तुरंत इसकी मरम्मत कराकर गड्ढा भरवा दिया था, लेकिन 20 अक्टूबर को उसी जगह फिर से गड्ढा हो गया। इसके बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 21 अक्टूबर को इस लेन पर यातायात बंद कर दिया गया।

इस तरह से लगभग 25 दिन से यह हिस्सा बंद है। इस दौरान सेक्टर-62, सेक्टर-61 और आसपास के क्षेत्रों से सेक्टर-18 की ओर जाने वाली गाड़ियों को नीचे की सड़क से गुजरना पड़ रहा है। मरम्मत में लगने वाले अतिरिक्त समय के कारण उन्हें अभी इसी रास्ते का इस्तेमाल करना होगा।

11 मीटर लंबा है क्षतिग्रस्त पैनल

नोएडा अथॉरिटी के अधिकारियों के मुताबिक, एलिवेटेड रोड के जिस हिस्से में गड्ढा हुआ है, वहां कंक्रीट का पैनल लगभग 11 मीटर लंबा और 2.5 मीटर चौड़ा है। इस एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रीकास्ट तकनीक से किया गया है। इसमें अलग-अलग पैनल और गर्डर आपस में जुड़े हुए हैं। इसलिए किसी एक पैनल को बदलने के लिए भी आसपास के हिस्से में काम करना पड़ रहा है।

IIT रुड़की के इंजीनियरों के सुझाव के आधार पर क्षतिग्रस्त पैनल के कंक्रीट को नए सिरे से तैयार करने की योजना है। इसके लिए गड्ढे के आसपास के हिस्से को भी तोड़ा जा रहा है। प्राधिकरण ने आईआईटी रुड़की की अंतिम जांच रिपोर्ट आने से पहले ही मरम्मत का काम शुरू करा दिया है।

IIT Roorkee की रिपोर्ट के बाद ही खुलेगी लेन

एलिवेटेड रोड की तकनीकी जांच के लिए आईआईटी रुड़की की टीम को जिम्मेदारी सौंपी गई थी। इसकी अंतिम रिपोर्ट अभी नहीं आई है और प्राधिकरण को उसका इंतजार है। मरम्मत पूरी होने के साथ जरूरी तकनीकी जांच भी की जाएगी। इसके बाद ही बंद लेन पर ट्रैफिक शुरू करने का फैसला लिया जाएगा।

फिलहाल गाड़ियों को नीचे की सड़क से ही निकलना होगा। अगर आप सेक्टर-62 या सेक्टर-61 से सेक्टर-18 की ओर जा रहे हैं, तो सफर के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें। बंद लेन खुलने की तारीख मरम्मत और जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगी।

Digpal Singh
दिगपाल सिंहauthor

दिगपाल सिंह टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में सिटी टीम को लीड कर रहे हैं। शहरों से जुड़ी ताजाखबरें, लोकल मुद्दे, चुनावी कवरेज और एक्सप्लेनर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। 2006 से पत्रकारिता में सक्रिय दिगपाल सिंह को प्रिंट और डिजिटल दोनों माध्यमों में काम करने का अनुभव है। दोनों प्लेटफॉर्म्स पर काम करते हुए उन्होंने ग्राउंड-लेवल रिपोर्टिंग से लेकर सेंट्रल डेस्क पर बड़ी खबरों की हैंडलिंग तक हर स्तर पर अनुभव हासिल किया है। अब तक 30,000 से अधिक खबरें लिख चुके दिगपाल हाइपर-लोकल न्यूज की बारीकियों, शहरों की समस्याओं और लोगों से जुड़े वास्तविक मुद्दों को समझने की विशेष क्षमता रखते हैं।

और पढ़ें
End of Article