भारत की अंडर-19 टीम के कप्तान लक्ष्य रायचंदानी ने रविवार को सलामी बल्लेबाज आर्यवीर सहवाग की तारीफ करते हुए उन्हें शानदार इंसान और बेहतरीन बल्लेबाज बताया। उन्होंने कहा कि आर्यवीर की सहज और आक्रामक बल्लेबाजी से दूसरे छोर पर मौजूद बल्लेबाज पर दबाव कम हो जाता है।
आर्यवीर ने भारत की अंडर-19 एशिया कप खिताबी जीत में अहम भूमिका निभाई। उन्होंने पांच पारियों में 361 रन बनाकर टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज का गौरव हासिल किया और टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी चुने गए।
रायचंदानी ने पीटीआई से कहा, "हां, वह (आर्यवीर) बहुत अच्छे बल्लेबाज और शानदार इंसान हैं। जब वह बल्लेबाजी करते हैं तो उनके खेलने के अंदाज से दूसरे छोर के बल्लेबाज पर दबाव कम हो जाता है।"
उन्होंने कहा, "इससे पिच पर बल्लेबाजी करना भी आसान हो जाता है क्योंकि वह विपक्षी गेंदबाजों पर दबाव बनाते हैं और गेंदबाजों को दूसरे बल्लेबाज को ढीली गेंदें डालने पर मजबूर करते हैं।" भारत ने शनिवार को ओमान के अल अमेरात में खेले गए रोमांचक फाइनल में चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान को एक विकेट से हराकर अंडर-19 एशिया कप का खिताब जीता।
रायचंदानी ने कहा, "यह बहुत अच्छा अनुभव रहा। टीम के सभी खिलाड़ियों के बीच शानदार तालमेल था और कुल मिलाकर यह बेहतरीन अनुभव रहा। मुझे अपने खिलाड़ियों पर गर्व है और इस टीम की अगुआई करना मेरे लिए सौभाग्य की बात है।"
उन्होंने कहा कि टीम की रणनीति पावरप्ले में अच्छी शुरुआत हासिल करने और उसका पूरा फायदा उठाने की थी। कप्तान ने कहा, "मेरी रणनीति सरल थी। अगर एक छोर पर कोई बल्लेबाज अच्छी तरह जम जाता है और पारी को आगे तक ले जाता है तो लक्ष्य का पीछा करना काफी आसान हो जाता है। हमारी रणनीति स्पष्ट थी और पावरप्ले में अच्छी शुरुआत करना महत्वपूर्ण था।"
भारत को एशिया कप के ग्रुप चरण में पाकिस्तान के खिलाफ तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा था लेकिन टीम ने शानदार वापसी करते हुए फाइनल में उसे हराकर खिताब अपने नाम किया। रायचंदानी ने कहा, "पहले मुकाबले में हमारी रणनीति काफी सरल थी। हार के बाद हमने उन क्षेत्रों को पहचाना जहां हम सुधार कर सकते थे और बेहतर प्रदर्शन कर सकते थे। यह हमारे लिए एक महत्वपूर्ण सीख थी। हालांकि, कुल मिलाकर हमारी रणनीति वही रही और हमें अपने तरीके पर भरोसा था।"
उन्होंने कहा, "हमने कभी विश्वास नहीं खोया। हम काफी सकारात्मक थे और अंत तक अपनी टीम पर भरोसा बनाए रखा।" ऑलराउंडर कुशाग्र ओझा ने लक्ष्य का पीछा करते हुए आखिरी समय में टीम के खिलाड़ियों पर बने दबाव के बारे में बताया।
उन्होंने कहा, "बहुत अच्छा महसूस हो रहा है। हम काफी तनाव में थे, खासकर आखिरी समय में जब स्थिति थोड़ी मुश्किल हो गई थी। लेकिन भारत और पाकिस्तान का मुकाबला हो तो दबाव महसूस होना स्वाभाविक है। हालांकि, अब भी ऐसा लग रहा है कि भगवान ने हमारी मदद की और यह सब कुछ किसी सपने जैसा लग रहा है।"
ओझा ने कहा, "पिछले मुकाबले में उन्होंने भी हमारे खिलाफ जीत का जश्न मनाया था। हम ओमान में खेल रहे थे इसलिए दर्शकों का बड़ा हिस्सा उनका समर्थन कर रहा था और भारतीय खिलाड़ियों पर तंज भी कस रहा था। ऐसे में हमारे मन में यह भावना थी कि हमें यह मुकाबला जीतना ही है। जिस अंदाज में हमने आखिरकार जीत हासिल की, उससे यह और भी खास बन गया। इसलिए स्वाभाविक रूप से खिलाड़ियों में काफी जोश था।’’
(भाषा)
