Overactive Bladder Control Tips: कई लोगों की जिंदगी में एक ऐसी परेशानी होती है, जिसके बारे में वे खुलकर बात भी नहीं कर पाते। घर से बाहर निकलते ही सबसे पहले उनकी नजर वॉशरूम पर जाती है। लंबा सफर हो, मीटिंग हो या कोई पारिवारिक कार्यक्रम, हर समय उनकी यही चिंता बनी रहती है कि कहीं अचानक पेशाब न लग जाए। अगर आपके साथ भी ऐसा हो रहा है, तो यह ओवरएक्टिव ब्लैडर की समस्या हो सकती है।
यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट यूरोलॉजिस्ट डॉ. एम. गोपीचंद बताते हैं कि इस समस्या में बार-बार पेशाब लगना, अचानक तेज पेशाब महसूस होना और कई बार पेशाब रोक न पाना जैसी दिक्कतें हो सकती हैं। अच्छी बात यह है कि कुछ आसान लाइफस्टाइल में बदलाव (lifestyle changes) करके इसके लक्षणों को काफी हद तक कम किया जा सकता है।
पानी कम नहीं सही मात्रा में पिएं
अक्सर लोग सोचते हैं कि अगर बार-बार पेशाब आ रही है तो पानी पीना कम कर देना चाहिए। लेकिन यह तरीका सही नहीं है। डॉ. गोपीचंद के मुताबिक बहुत ज्यादा या बहुत कम पानी पीना, दोनों ही ब्लैडर को परेशान कर सकते हैं। इसलिए शरीर की जरूरत के हिसाब से संतुलित मात्रा में पानी पीना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: क्या Heatwave में रक्तदान करना सुरक्षित है, जानिए सेहत पर क्या पड़ता है असर और किन गलतियों से बचें
चाय-कॉफी की ज्यादा आदत बढ़ा सकती है परेशानी
अगर आपका दिन कई कप चाय या कॉफी के बिना नहीं गुजरता, तो यह आदत ओवरएक्टिव ब्लैडर के लक्षण बढ़ा सकती है। चाय, कॉफी, सॉफ्ट ड्रिंक्स और शराब जैसी चीजें बार-बार पेशाब लगने की समस्या को बढ़ा सकती हैं। ऐसे में इनका सेवन कम करना फायदेमंद हो सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: फैमिली में कौन-सी बीमारियां विरासत में मिल सकती हैं, एक बीमारी पूरे परिवार की जिंदगी कैसे बदल देती है
ब्लैडर को भी ट्रेनिंग की जरूरत होती है
जैसे शरीर के दूसरे अंगों को बेहतर बनाने के लिए अभ्यास किया जाता है, वैसे ही ब्लैडर को भी ट्रेनिंग दी जा सकती है। डॉक्टर बताते हैं कि हर बार पेशाब लगते ही वॉशरूम भागने के बजाय धीरे-धीरे समय बढ़ाने की कोशिश करनी चाहिए। इससे ब्लैडर की क्षमता बेहतर हो सकती है और बार-बार पेशाब जाने की आदत कम हो सकती है।
कुछ आसान एक्सरसाइज भी करती हैं मदद
डॉ. गोपीचंद के अनुसार, पेल्विक फ्लोर मांसपेशियों को मजबूत करने वाली एक्सरसाइज काफी फायदेमंद हो सकती हैं। ये वही मांसपेशियां हैं जो पेशाब को कंट्रोल करने में मदद करती हैं। नियमित अभ्यास से पेशाब रोकने की क्षमता बेहतर हो सकती है और लीक होने की परेशानी भी कम हो सकती है।
बढ़ता वजन और कब्ज भी बन सकते हैं वजह
कई लोग नहीं जानते कि ज्यादा वजन भी इस समस्या को बढ़ा सकता है। पेट के आसपास जमा अतिरिक्त चर्बी ब्लैडर पर दबाव डालती है। वहीं कब्ज होने पर भी परेशानी बढ़ सकती है। इसलिए रोजाना थोड़ी शारीरिक गतिविधि, फाइबर से भरपूर खाना और सक्रिय जीवनशैली अपनाना जरूरी है।
खानपान पर भी रखें नजर
हर व्यक्ति का शरीर अलग होता है। कुछ लोगों को मसालेदार खाना, कोल्ड ड्रिंक्स, बहुत ज्यादा खट्टी चीजें या कृत्रिम मिठास वाले खाद्य पदार्थ खाने के बाद परेशानी बढ़ सकती है। अगर आपको भी किसी खास चीज के बाद बार-बार पेशाब की समस्या ज्यादा महसूस होती है, तो उसे कम करने की कोशिश करें।
यह भी रखें ध्यान
ओवरएक्टिव ब्लैडर कोई ऐसी समस्या नहीं है जिसे चुपचाप सहते रहना पड़े। सही खानपान, नियमित एक्सरसाइज, वजन पर नियंत्रण और कुछ अच्छी आदतें अपनाकर इस परेशानी को काफी हद तक कम किया जा सकता है। अगर समस्या लंबे समय तक बनी रहे या रोजमर्रा की जिंदगी को प्रभावित करने लगे, तो डॉक्टर से सलाह जरूर लें।
