Bael Sharbat Benefits: गर्मी का मौसम आते ही कई लोगों को पेट से जुड़ी दिक्कतें शुरू हो जाती हैं। किसी को बार-बार एसिडिटी होती है, तो किसी का पेट फूला हुआ महसूस होता है। कई लोग कब्ज, दस्त या पेट में जलन जैसी परेशानियों से भी जूझते हैं। ऐसे समय में लोग तुरंत दवा या सप्लीमेंट लेने की सोचते हैं, लेकिन हमारी रसोई में मौजूद कुछ पारंपरिक चीजें भी पेट (Gut Health) को आराम पहुंचाने का काम कर सकती हैं।
क्लिनिकल डाइटिशियन और हेल्थ इंफ्लुएंसर प्रियंका मित्तल के मुताबिक, बेल का शरबत गर्मियों का ऐसा देसी पेय है जो सिर्फ प्यास ही नहीं बुझाता, बल्कि पेट की सेहत का भी ख्याल रखता है।
पेट को ठंडक पहुंचाता है बेल
बेल को लंबे समय से गर्मियों के लिए फायदेमंद फल माना जाता रहा है। इसका शरबत शरीर और पेट दोनों को ठंडक देने में मदद करता है। गर्मी के कारण पेट में होने वाली जलन और बेचैनी को कम करने में भी यह सहायक माना जाता है। यही वजह है कि पुराने समय में लोग गर्मियों में बेल का सेवन जरूर करते थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: क्या है शिगेला इन्फेक्शन, जिसने केरल में ली मासूम की जान, 2 और बच्चे मिले संक्रमित
गैस, पेट फूलने और कब्ज में मिल सकती है मदद
अगर खाना खाने के बाद पेट भारी लगता है या बार-बार गैस बनती है, तो बेल का शरबत राहत देने में मदद कर सकता है। प्रियंका मित्तल बताती हैं कि पका हुआ बेल पाचन को बेहतर बनाने में सहायक माना जाता है। यह पेट को आराम देता है और कब्ज की समस्या को कम करने में भी मदद कर सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: हर कोई AC और कोल्ड ड्रिंक्स के पीछे भाग रहा, मगर रुजुता दिवेकर के गर्मी हराने के ये 3 देसी तरीके आज भी हैं बेमिसाल
दस्त होने पर भी फायदेमंद माना जाता है
दिलचस्प बात यह है कि बेल का फल पेट को संतुलित रखने का काम करता है। जहां पका हुआ बेल कब्ज में मदद कर सकता है, वहीं पारंपरिक तौर पर इसका उपयोग दस्त की समस्या में भी किया जाता रहा है। यही वजह है कि इसे पेट का दोस्त फल भी कहा जाता है।
दादी-नानी के नुस्खों में छिपा है विज्ञान
प्रियंका मित्तल के अनुसार, बेल, सत्तू और छाछ जैसे पारंपरिक भारतीय पेय सिर्फ स्वाद के लिए नहीं बनाए गए थे। इनका मकसद शरीर को ठंडा रखना, पानी की कमी से बचाना और पाचन को बेहतर बनाए रखना था। आज भी ये चीजें उतनी ही फायदेमंद मानी जाती हैं।
ज्यादा नहीं नियमित सेवन है जरूरी
बेल का शरबत कोई जादुई इलाज नहीं है, लेकिन गर्मियों में पेट की देखभाल के लिए यह एक अच्छा और प्राकृतिक विकल्प हो सकता है। अच्छी सेहत का राज महंगी चीजों में नहीं, बल्कि सही खानपान और नियमित अच्छी आदतों में छिपा होता है। इसलिए मौसम के अनुसार बेल जैसी पारंपरिक चीजों को अपनी डाइट में शामिल करना फायदेमंद हो सकता है।
