Shigella Infection: हाल ही में केरल से आई एक खबर ने लोगों को चिंता में डाल दिया। यहां शिगेला इन्फेक्शन की वजह से एक 4 साल की मासूम बच्ची की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे भी इस संक्रमण की चपेट में पाए गए हैं। वायनाड के एक स्कूल से भी बड़ी संख्या में बच्चों के बीमार होने की खबर भी सामने आई है। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी बढ़ा दी है और लोगों से सावधानी बरतने की अपील की है। सवाल यह है कि आखिर शिगेला इन्फेक्शन क्या होता है और यह कितना खतरनाक हो सकता है? चलिए इसके बारे में विस्तार से जानते हैं...
क्या है शिगेला इन्फेक्शन
शिगेला एक तरह का बैक्टीरिया है, जो पेट और आंतों में संक्रमण पैदा करता है। इसकी वजह से व्यक्ति को बार-बार दस्त लग सकते हैं, पेट में तेज दर्द हो सकता है, बुखार आ सकता है और उल्टी भी हो सकती है। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी वाले लोगों में यह संक्रमण ज्यादा गंभीर रूप ले सकता है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: हर कोई AC और कोल्ड ड्रिंक्स के पीछे भाग रहा, मगर रुजुता दिवेकर के गर्मी हराने के ये 3 देसी तरीके आज भी हैं बेमिसाल
केरल में क्यों बढ़ी चिंता
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कोझिकोड में एक 4 साल की बच्ची की मौत के बाद यह मामला चर्चा में आया। वहीं वायनाड के एक स्कूल के दो बच्चों में भी शिगेला संक्रमण की पुष्टि हुई है। स्कूल में कई बच्चों को पेट खराब, उल्टी और बुखार की शिकायत हुई थी, जिसके बाद जांच कराई गई। इन मामलों के सामने आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: 40 की उम्र के बाद हर महिला को पता होने चाहिए ये 5 फूड्स, हार्मोनल उतार-चढ़ाव को कर सकते हैं कंट्रोल
कैसे फैलता है शिगेला इन्फेक्शन
शिगेला आमतौर पर गंदे पानी और दूषित खाने के जरिए फैलता है। अगर खाना बनाने या खाने से पहले हाथ अच्छी तरह न धोए जाएं, तो भी संक्रमण का खतरा बढ़ सकता है। कई बार संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से भी यह बीमारी दूसरे लोगों तक पहुंच सकती है। यही वजह है कि साफ-सफाई को सबसे बड़ा बचाव माना जाता है।
क्या होते हैं शिगेला इन्फेक्शन के लक्षण (shigella symptoms)
बता दें कि अगर कोई बच्चा या बड़ा शिगेला इन्फेक्शन की चपेट में आ गया है तो इसके कई संकेत और लक्षण देखने को मिल सकते हैं, जिनमें शामिल है:
- अचानक बार-बार दस्त लगना
- पेट में ऐंठन होना
- बुखार आना
- या उल्टी शुरू होना
तो इन संकेतों को सामान्य पेट खराब समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। खासकर बच्चों में शरीर में पानी की कमी जल्दी हो सकती है, जिससे हालत बिगड़ सकती है।
शिगेला इन्फेक्शन से बचने के लिए क्या करें
विशेषज्ञों के अनुसार, शिगेला इन्फेक्शन से बचाव के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखना बहुत जरूरी है। ऐसे में आपको कुछ बातों का ध्यान रखना चाहिए जैसे,
- साफ पानी पीना
- ताजा और स्वच्छ भोजन खाना
- शौचालय इस्तेमाल करने के बाद हाथों की सफाई
- और खाना खाने से पहले हाथ धोना बेहद जरूरी है
बच्चों को भी हाथ साफ रखने की आदत सिखानी चाहिए। थोड़ी सी सावधानी इस तरह के संक्रमण से बचाने में बड़ी भूमिका निभा सकती है।
केरल में सामने आए ये मामले एक बार फिर याद दिलाते हैं कि साफ-सफाई और सुरक्षित खानपान सिर्फ आदत नहीं, बल्कि अच्छी सेहत की सबसे मजबूत ढाल हैं।
