Rujuta Diwekar Tips To Beat Summer Heat: गर्मी लगातार बढ़ रही है। ऐसे में ज्यादातर लोग AC, कूलर और ठंडी ड्रिंक्स का सहारा लेते हैं। लेकिन मशहूर न्यूट्रिशनिस्ट रुजुता दिवेकर का कहना है कि हमारे घरों में पहले से ही ऐसे कई आसान और देसी तरीके मौजूद हैं, जो बिना बिजली के भी शरीर को ठंडक (summer cooling tips) पहुंचाने में मदद कर सकते हैं। खास बात यह है कि ये उपाय सिर्फ शरीर ही नहीं, बल्कि मन और पेट को भी सुकून देने का काम करते हैं।
मटके के पानी में डालें खस की जड़
रुजुता दिवेकर के अनुसार, गर्मियों में मटके के पानी में खस (वेटिवर) की 2-3 जड़ें डालकर रखना फायदेमंद हो सकता है। इससे पानी में हल्की-सी प्राकृतिक मिठास और अच्छी खुशबू आ जाती है। खस को लंबे समय से ठंडक देने वाली जड़ी-बूटी माना जाता रहा है। पहले के समय में लोग गर्मी से राहत पाने के लिए इसका खूब इस्तेमाल करते थे।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: गर्मी में पिएं ये फैट कटर कोल्ड कॉफी, क्या 1 ही महीने में कम हो जाएगा 10 किलो
खस की खुशबू भी देती है सुकून
पुराने जमाने में खस का इस्तेमाल सिर्फ पानी में ही नहीं, बल्कि घरों में भी किया जाता था। गर्म हवा जब खस के पर्दों या चटाइयों से गुजरती थी तो हवा कुछ ठंडी महसूस होती थी। इसकी खुशबू भी मन को शांति देने वाली मानी जाती है। गर्मियों में जब चिड़चिड़ापन बढ़ जाता है, तब ऐसी प्राकृतिक खुशबू अच्छा महसूस करा सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़े: Heatwave में टेम्प्रेचर शॉक कितना खतरनाक, AC से बाहर निकलते ही क्यों चकराने लगता है सिर
बचपन वाला मेहंदी का तरीका फिर अपनाइए
रुजुता का दूसरा सुझाव है मेहंदी। आजकल लोग मेहंदी को सिर्फ सजावट से जोड़कर देखते हैं, लेकिन पहले गर्मियों में इसे ठंडक के लिए भी लगाया जाता था। हाथों पर लगाई गई प्राकृतिक मेहंदी ठंडक का एहसास दे सकती है। साथ ही इसकी खुशबू भी काफी सुकून देने वाली होती है।
खुशबू का मूड पर भी पड़ता है असर
रुजुता बताती हैं कि मेहंदी की प्राकृतिक सुगंध मन को शांत करने में मदद कर सकती है। गर्मी में कई लोगों को बेचैनी, थकान और चिड़चिड़ापन महसूस होता है। ऐसे में मेहंदी और खस जैसी प्राकृतिक चीजें अच्छा महसूस कराने में मदद कर सकती हैं।
यह भी रखें ध्यान
हेल्थ एक्सपर्ट्स की मानें तो गर्मियों में सबसे जरूरी है शरीर में पानी की कमी न होने देना। मटके का पानी और खस जैसे पारंपरिक उपाय लोगों को आराम महसूस करा सकते हैं। हालांकि अगर किसी को तेज कमजोरी, चक्कर या ज्यादा परेशानी हो रही हो तो डॉक्टर से सलाह जरूर लेनी चाहिए।
