Akshay Kumar Eye Surgery: आजकल आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्याएं तेजी से बढ़ रही हैं। लंबे समय तक मोबाइल और लैपटॉप स्क्रीन पर काम करने, गलत लाइफस्टाइल और बढ़ते प्रदूषण के कारण कम उम्र में ही लोगों को चश्मा लग रहा है। ऐसे में कई लोग चश्मे और कॉन्टैक्ट लेंस से छुटकारा पाने के लिए दृष्टि सुधार सर्जरी यानी Vision Correction Surgery का सहारा ले रहे हैं। हाल ही में अभिनेता Akshay Kumar की आंखों की सर्जरी की खबर ने भी इस विषय को चर्चा में ला दिया है। इसको लेकर हमने बात की डॉ. रश्मि मित्तल, वरिष्ठ सलाहकार, नेत्र रोग विशेषज्ञ, अमृता हॉस्पिटल से। आइए जानते हैं कि यह सर्जरी क्या होती है, कितने दिनों में रिकवरी होती है और किन बातों का ध्यान रखना जरूरी होता है।
क्या होती है Vision Correction सर्जरी?
डॉ. रश्मि मित्तल के अनुसार Vision Correction यानी दृष्टि सुधार सर्जरी ऐसी प्रक्रिया है, जिसके जरिए आंखों की रोशनी से जुड़ी समस्याओं को ठीक किया जाता है। इसका उद्देश्य चश्मा या कॉन्टैक्ट लेंस पर निर्भरता कम करना होता है। आमतौर पर यह सर्जरी मायोपिया (नजदीक का कम दिखना), हाइपरमेट्रोपिया (दूर का कम दिखना) और एस्टिग्मेटिज्म जैसी समस्याओं के लिए की जाती है।
आंखों की रोशनी के सुधार के लिए सबसे ज्यादा लोकप्रिय तकनीकों में LASIK, SMILE और PRK सर्जरी शामिल हैं। इन प्रक्रियाओं में लेजर तकनीक का इस्तेमाल कर कॉर्निया की शेप को बदला जाता है, जिससे रोशनी सही तरीके से रेटिना पर फोकस हो सके। यह सभी सर्जरी Vision Correction सर्जरी के नाम से ही जानी जाती हैं।
सर्जरी में कितना समय लगता है?
Vision Correction Surgery आमतौर पर बहुत कम समय में पूरी हो जाती है। लेजर प्रक्रिया में केवल 10 से 20 मिनट का समय लगता है। ज्यादातर मामलों में मरीज को सर्जरी वाले दिन ही घर भी भेज दिया जाता है। डॉ. रश्मि मित्तल के अनुसार, सर्जरी के दौरान आंखों को सुन्न करने के लिए आई ड्रॉप्स का इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए मरीज को ज्यादा दर्द महसूस नहीं होता है। हालांकि सर्जरी के बाद कुछ घंटों तक हल्की जलन या धुंधलापन महसूस हो सकता है।
रिकवरी में कितने दिन लगते हैं?
डॉ. रश्मि मित्तल, बताती हैं, कि Vision Correction के लिए LASIK जैसी सर्जरी के बाद अधिकतर लोग 24 से 48 घंटे के भीतर सामान्य काम शुरू कर सकते हैं। हालांकि आंखों को पूरी तरह स्थिर होने में कुछ सप्ताह का समय लग सकता है।
वहीं कुछ मरीजों को शुरुआती दिनों में रोशनी से परेशानी, आंखों में सूखापन या हल्की खुजली महसूस हो सकती है। जिससे निजात पाने के लिए डॉक्टर द्वारा दी गई आई ड्रॉप्स और दवाएं नियमित रूप से लेना जरूरी होता है।
सर्जरी के बाद कौन-सी सावधानियां रखें?
दृष्टि सुधार (Vision Correction) सर्जरी के बाद आंखों की देखभाल बेहद जरूरी हो जाती है। क्योंकि इसके बाद लापरवाही करने पर संक्रमण या दूसरी तरह की समस्याओं का खतरा बढ़ सकता है। आप आगे बताए कुछ पॉइंट नोट कर सकते हैं।
- आंखों को बार-बार छूने या रगड़ने से बचें।
- कुछ दिनों तक स्क्रीन टाइम कम रखें।
- धूल, धुएं और तेज धूप से आंखों को बचाएं।
- डॉक्टर द्वारा दिए गए चश्मे या आई शील्ड का इस्तेमाल करें।
- स्विमिंग और भारी एक्सरसाइज से कुछ समय दूरी बनाएं।
- समय-समय पर फॉलो अप जांच जरूर कराएं।
डॉ. रश्मि मित्तल, की मानें तो आधुनिक तकनीकों की वजह से Vision Correction सर्जरी को काफी सुरक्षित माना जाता है। इसके बाद भी किसी भी तरह की सर्जरी की में कुछ जोखिम हो सकते हैं। इसलिए किसी अनुभवी आई स्पेशलिस्ट से सलाह लेना और पूरी जांच कराने के बाद ही आंखों की सर्जरी कराना जरूरी है।
