Who is INLD Nafe Singh Rathee: हरियाणा में कानून-व्यवस्था को धत्ता बताते हुए अपराधियों ने इंडियन नेशनल लोकदल (INLD) के हरियाणा अध्यक्ष नफे सिंह राठी की सरेआम गोलियां बरसाकर हत्या कर दी है। नफे सिंह राठी की गाड़ी पर अपराधियों ने एक के बाद एक 30-40 राउंड फायरिंग की, जिसमें उनकी मौत हो गई है। राठी के साथ-साथ एक इनेलो कार्यकर्ता की भी मौत हो गई है। साथ ही उनके 3 निजी अंगरक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
कौन थे नफे सिंह राठी
नफे सिंह राठी हरियाणा की राजनीति के बड़े नामों से एक थे। चौटाला परिवार के खास और हर मुश्किल में ओपी चौटाला के साथ खड़े रहे, पार्टी के विभाजन के बाद भी ये ओपी चौटाला और अभय चौटाला के साथ बने रहे। इनेलो की जिम्मेदारी संभालते रहे। नफे सिंह राठी, विधानसभा से लेकर लोकसभा तक का चुनाव लड़ चुके थे, और जीते भी थे।
नफे सिंह राठी की राजनीतिक यात्रा
नफे सिंह राठी का हरियाणा के बहादुरगढ़ विधानसभा में काफी दबदबा था। नफे सिंह राठी बहादुरगढ़ से दो बार विधायक का चुनाव जीत चुके थे। नफे सिंह बहादुरगढ़ नगर परिषद के चेयरमैन भी रहे हैं। साथ ही कुश्ती संघ (भारतीय स्टाइल) के अध्यक्ष पद भी काम कर चुके हैं। नफे सिंह राठी रोहतक से सांसदी का चुनाव भी लडे़ थे।
इनेलो के साथ हमेशा रहे खड़े
इनेलो को जब ओपी चौटाला के पोते दुष्यंत चौटाला ने तोड़ा और आईएनएलडी का गठन किया, तब भी नफे सिंह राठी इनेलो के साथ बने रहे। इनेलो को मजबूत करते रहे। लोकसभा चुनाव से पहले इनेलो को मजबूत करने के लिए हरियाणा परिवर्तन यात्रा निकाल रहे थे।
सवालों के घेरे में खट्टर सरकार
नफे सिंह राठी की हत्या के बाद से हरियाणा की खट्टर सरकार सवालों के घेरे में है। नफे सिंह राठी पर हमले की आशंका थी, सुरक्षा की मांग की गई थी, लेकिन नफे सिंह राठी को सरकार की ओर से सुरक्षा नहीं दी गई थी। रविवार को जब नफे सिंह राठी पर हमला हुआ तो उनके साथ उनके निजी अंगरक्षक ही साथ थे। जो इस हमले में घायल हुए हैं।
नफे सिंह राठी पर कहां हुआ हमला
बहादुरगढ़ के पूर्व विधायक नफे सिंह राठी जब अपनी फॉर्च्यूनर गाड़ी से जा रहे थे। तब रास्ते में झज्जर जिले के बहादुरगढ़ में कार सवार हमलावरों ने उन पर हमला बोल दिया। नफे सिंह राठी की गाड़ी पर गोलियों की बारिश कर दी। जिसमें कई गोली नफे सिंह राठी को लग गई और उनकी मौत हो गई।
