क्रिकेट

न्यूजीलैंड के बैटिंग कोच ने तीसरे वनडे से पहले की भारत के युवा पेस अटैक की जमकर तारीफ

न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने सीरीज के तीसरे वनडे मैच से पहले भारतीय युवा पेस अटैक की जमकर तारीफ की है।

Image

गुरनूर बराड़ (फोटो क्रेडिट BCCI X)

हैमिल्टन: न्यूजीलैंड के बल्लेबाजी कोच ल्यूक रोंची भारतीय टीम के युवा तेज गेंदबाजी आक्रमण से काफी प्रभावित हैं। उन्होंने कहा कि भारत के युवा तेज गेंदबाजों ने पहले दो एकदिवसीय मुकाबलों में मेजबान टीम के बल्लेबाजों के सामने लगातार कड़ी चुनौती पेश की जिनमें मेजबान टीम क्रमश: 185 और 134 रन पर सिमट गई थी। अर्शदीप सिंह, आकिब नबी, अंशुल कंबोज और गुरनूर बरार की चौकड़ी ने ऑकलैंड और वेलिंगटन में न्यूजीलैंड के 20 विकेट में से 17 विकेट हासिल किए।

कीवी बल्लेबाजों से पूछ रहे हैं मुश्किल सवाल

पूर्व विकेटकीपर बल्लेबाज रोंची ने कहा, 'हां, उन्होंने काफी अच्छी गेंदबाजी की है। वे बल्लेबाजों से लगातार मुश्किल सवाल पूछ रहे है। उनके लिए यह अच्छा अनुभव होगा। वे ऐसे मुकाबलों में खेल रहे हैं जहां गेंद ज्यादा स्विंग नहीं कर रही बल्कि उन्हें पिच से मदद मिल रही है और वे इससे खुश होंगे।'

अनुकूल परिस्थितियों में भारतीय गेंदबाजों ने हासिल की सही लेंथ

रोंची इस बात से भी प्रभावित हैं कि उपमहाद्वीप की सपाट पिचों पर गेंदबाजी करने के आदी होने के बावजूद भारतीय युवा गेंदबाजों ने तेज गेंदबाजों की अनुकूल परिस्थितियों में सही लेंथ हासिल की है। उन्होंने कहा,'उन्हें सपाट पिचों पर गेंदबाजी करने की आदत है। ऐसे में यह समझना जरूरी है कि सही लेंथ और लाइन क्या होनी चाहिए, गेंद थोड़ी स्विंग कर रही हो तो बल्लेबाजों के लिए मुश्किलें बढ़ाने के लिए किस तरह गेंदबाजी करनी है। उन्होंने यह काम बखूबी किया है। उन्होंने हमारे बल्लेबाजों को चुनौती दी है और शुरुआती विकेट हासिल किए हैं। अलग-अलग मुकाबलों में उनका प्रभाव भी अलग रहा है। युवा खिलाड़ियों को टीम में जगह बनाते और अच्छा प्रदर्शन करते देखना रोमांचक है।'

टेस्ट सीरीज के लिए मददगार होंगे गेंदबाजी के अनुकूल पिचें

रोंची ने माना कि भारत के खिलाफ मौजूदा एकदिवसीय शृंखला में तेज गेंदबाजी की अनुकूल पिचें दोनों टीम को 19 नवंबर से शुरू होने वाली दो टेस्ट मैच की शृंखला की बेहतर तैयारी में मदद करेंगी। रोंची ने तीसरे एकदिवसीय की पूर्व संध्या पर पत्रकारों से बातचीत में कहा,'तकनीकी रूप से हां, इससे दोनों टीम को तैयारी में मदद मिलेगी क्योंकि यहां पारंपरिक रूप से टेस्ट क्रिकेट के लिए ऐसी ही पिचें होती हैं, जिन पर घास अधिक रहती है। वेलिंगटन की पिच टेस्ट मैच के अनुकूल थी। ऐसे में उस अनुभव को समझना और उससे सीखना दोनों टीम के लिए फायदेमंद होगा।'

जल्दी लय हासिल कर लेंगे सीफर्ट

रोंची ने आक्रामक सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट का भी समर्थन करते हुए कहा कि वह 50 ओवर के क्रिकेट में जल्द ही अपनी बल्लेबाजी की लय हासिल कर लेंगे। उन्होंने कहा,'उन्होंने पिछले करीब दो वर्षों से टी20 क्रिकेट के अलावा कोई दूसरा प्रारूप नहीं खेला है। इसलिए यह रणनीति के लिहाज से उनके लिए चुनौती है। इसके अलावा पिचें भी बल्लेबाजी के अनुकूल नहीं रही हैं।'

(भाषा)

Navin Chauhan
नवीन चौहानauthor

नवीन चौहान टाइम्स नाउ नवभारत की स्पोर्ट्स टीम में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं। जर्नलिज़्म में पीजी डिप्लोमा प्राप्त करने के बाद वे पिछले 15 वर्षों से सक्रिय रूप से मीडिया जगत में जुड़े हैं। प्रिंट मीडिया और डिजिटल—दोनों माध्यमों में काम करने के अनुभव ने उन्हें खेल पत्रकारिता में व्यापक दृष्टिकोण और गहरी समझ प्रदान की है। अपने लंबे करियर में नवीन ने कई बड़े राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजनों को कवर किया है। इनमें आईपीएल, बैडमिंटन प्रीमियर लीग, इंडियन सुपर लीग, टी20 विश्व कप, आईसीसी विश्व कप, और तीन ओलंपिक—लंदन, रियो और टोक्यो—जैसे प्रतिष्ठित टूर्नामेंट शामिल हैं। नवीन चौहान ने अपने करियर में कई प्रसिद्ध भारतीय खिलाड़ियों और कोचों के इंटरव्यू भी किए हैं, जिनमें पीवी सिंधू, विजेंदर सिंह और पुलेला गोपीचंद जैसे नाम शामिल हैं। अब तक नवीन 15,000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुके हैं, जिनमें ग्राउंड रिपोर्टिंग, विश्लेषणात्मक लेख, स्पेशल स्टोरीज़, प्लेयर प्रोफाइल और टूर्नामेंट-आधारित एक्सप्लेनर शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article