एक्सप्लेनर्स

उपचुनाव रिजल्ट 2025: BJP-AAP-TMC ने बरकरार रखी अपनी-अपनी सीट, केरल में कांग्रेस ने वाम को झटका दे नीलांबुर में लहराया परचम

उपचुनाव रिजल्ट 2025: देश के चार राज्यों (गुजरात, पंजाब, पश्चिम बंगाल और केरल) में पांच सीटों पर उपचुनाव हुआ था। जिसमें से आप को दो, बीजेपी को एक, टीएमसी को एक और कांग्रेस को एक सीट मिली है।

Image

उपचुनाव रिजल्ट 2025

उपचुनाव रिजल्ट 2025: चार राज्यों की पांच विधानसभा सीटों पर उपचुनाव का रिजल्ट आ चुका है। चारों राज्यों में सिर्फ कांग्रेस ने बडा उलटफेर किया है बाकी पार्टियों ने अपनी-अपनी सीट बरकरार रखी है। उपचुनाव में आम आदमी पार्टी को 2 सीट, बीजेपी को 1, टीएसी को 1 और कांग्रेस को 1 सीट मिली है। आप ने अपनी दोनों सीट बरकरार रखा है, बीजेपी और टीएमसी ने भी अपनी एक-एक सीट को बरकरार रखा है।

कौन सी पार्टी कहां जीती

चार राज्यों में हुए विधानसभा उपचुनावों में सोमवार को आम आदमी पार्टी (आप) के गोपाल इटालिया ने गुजरात की विसावदर सीट पर जीत दर्ज की वहीं उनकी पार्टी ने पंजाब में लुधियाना पश्चिम सीट भी बरकरार रखी, जबकि केरल में कांग्रेस नीत यूडीएफ ने सत्तारूढ़ वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) से नीलांबुर सीट छीन ली। वहीं, गुजरात में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने कडी सीट बरकरार रखी, जबकि तृणमूल कांग्रेस ने पश्चिम बंगाल के नदिया जिले की कालीगंज विधानसभा सीट पर फिर से जीत दर्ज की।

विसावदर सीट उपचुनाव रिजल्ट 2025 (Visavadar Seat By-election Result 2025)

निर्वाचन आयोग द्वारा साझा किये गए आंकड़ों के अनुसार, ‘आप’ की गुजरात इकाई के पूर्व अध्यक्ष इटालिया ने जूनागढ़ जिले की विसावदर सीट पर अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भाजपा उम्मीदवार किरीट पटेल को 17,554 मतों के अंतर से हराया। राज्य में अपना लगभग पूर्ण प्रभुत्व रखने के बावजूद, भाजपा 2007 से विसावदर सीट नहीं जीत पाई है। ‘आप’ के तत्कालीन विधायक भूपेंद्र भयानी के इस्तीफा देने और सत्तारूढ़ भाजपा में शामिल होने के बाद दिसंबर 2023 में यह सीट खाली हो गई थी।

लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट उपचुनाव रिजल्ट 2025 (Ludhiana West Assembly Seat By-election Result 2025)

पंजाब में सत्तारूढ़ ‘आप’ ने लुधियाना पश्चिम विधानसभा सीट पर अपना कब्जा बरकरार रखा। उसके उम्मीदवार संजीव अरोड़ा ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं कांग्रेस उम्मीदवार भारत भूषण आशु को 10,637 मतों के अंतर से हराया। निर्वाचन आयोग के आंकड़ों के अनुसार, अरोड़ा को 35,179 जबकि आशु को 24,542 वोट मिले। भाजपा के जीवन गुप्ता को 20,323 वोट मिले जबकि शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के परोपकार सिंह घुम्मण को महज 8,203 वोट ही हासिल हुए। जनवरी में ‘आप’ विधायक गुरप्रीत बस्सी गोगी का निधन हो जाने के कारण इस सीट पर उपचुनाव कराना जरूरी हो गया था।

कडी विधानसभा सीट उपचुनाव रिजल्ट 2025 (Kadi Assembly Seat By-election Result 2025)

भाजपा के राजेंद्र चावड़ा ने अनुसूचित जाति (एससी) के लिए आरक्षित मेहसाणा जिले की कडी सीट पर कांग्रेस के रमेश चावड़ा को 39,452 मतों के अंतर से हराया। यह सीट भाजपा विधायक करसन सोलंकी का फरवरी में निधन हो जाने के कारण रिक्त हुई थी। कांग्रेस की गुजरात इकाई के अध्यक्ष शक्तिसिंह गोहिल ने कडी और विसावदर विधानसभा क्षेत्रों में पार्टी उम्मीदवारों की हार की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए अपने पद से इस्तीफा दे दिया।

नीलांबुर विधानसभा सीट उपचुनाव रिजल्ट 2025 (Nilambur Assembly Seat By-election Result 2025)

केरल में पिनराई विजयन के नेतृत्व वाली एलडीएफ सरकार को झटका लगा क्योंकि कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) ने नीलांबुर विधानसभा सीट 11,077 मतों के अंतर से उससे छीन ली। कांग्रेस के आर्यदान शौकत ने मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) के प्रदेश सचिवालय सदस्य एम स्वराज को हराया। यह मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के नेतृत्व वाले एलडीएफ के लिए पिनराई विजयन सरकार के दूसरे कार्यकाल के दौरान चौथा उपचुनावी झटका है। एलडीएफ इससे पहले पुथुपल्ली, पलक्कड़ और थ्रिक्काकारा विधानसभा सीट पर हुए उपचुनावों में भी हार चुका है। सत्तारूढ़ माकपा ने कहा कि वह जनादेश को स्वीकार करती है। महत्वपूर्ण बात यह है कि पहली बार एलडीएफ ने अपनी मौजूदा सीट अपने राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी के हाथों गंवायी है। नीलांबुर सीट एलडीएफ समर्थित निर्दलीय और दो बार के विधायक पी वी अनवर के इस्तीफा देने के बाद खाली हुई थी।इस उपचुनाव ने व्यापक ध्यान आकर्षित किया क्योंकि इसे पिनराई विजयन सरकार के लिए सेमीफाइनल के रूप में देखा गया। यह सरकार के कार्यकाल का चौथा वर्ष है। यूडीएफ के लिए यह जीत अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले मनोबल बढ़ाने वाली होगी।

कालीगंज विधानसभा सीट उपचुनाव रिजल्ट 2025 (Kaliganj assembly seat by-election result 2025)

पश्चिम बंगाल में, कालीगंज विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में सत्तारूढ़ तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार अलीफा अहमद ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी एवं भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार आशीष घोष को 50,049 मतों के भारी अंतर से हराया। अलीफा अहमद ने अपने पिता नसीरुद्दीन अहमद के 2021 के जीत के अंतर को बेहतर किया, जिनका इस साल फरवरी में निधन होने के कारण यह सीट खाली हुई थी। निर्वाचन आयोग की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, अंतिम 23वें चक्र की मतगणना के बाद अलीफा को 1,02,759 वोट मिले, जबकि घोष को 52,710 वोट मिले। वाम दलों द्वारा समर्थित कांग्रेस उम्मीदवार काबिल उद्दीन शेख 28,348 मतों के साथ तीसरे स्थान पर रहे।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article