Shoaib Ibrahim Reaction On Pahalgam Attack Amid Trolling: टीवी के चर्चित एक्टर शोएब इब्राहिम बीते दिन ट्रोल्स के निशाने पर आ गए। शोएब इब्राहिम और दीपिका कक्कड़ छुट्टियां मनाने जम्मू और कश्मीर गए थे। लेकिन पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद उन्होंने अपडेट दिया कि वे सुबह ही दिल्ली रवाना हो गए थे और आराम से वहां पहुंच भी चुके हैं। लेकिन शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में नीचे लिखा था कि नया व्लॉग जल्द ही आ रहा है। इस बात के लिए शोएब इब्राहिम लोगों के निशाने पर आ गए। सोशल मीडिया यूजर्स ने पहलगाम हमले जैसी परेशानी के बीच व्लॉग की फिक्र करने के लिए शोएब इब्राहिम को जमकर लताड़ा। वहीं ट्रोलिंग के बाद अब शोएब इब्राहिम ने पहलगाम हमले पर अपना रिएक्शन दिया है, जिसमें उन्होंने आतंकियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की भी मांग की है।
शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर आतंकवादियों का स्केच शेयर किया, जिसके कैप्शन में उन्होंने दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। शोएब इब्राहिम ने कुरान शरीफ की आयत साझा करते हुए लिखा, "जो कोई एक मासूम को मारता है, वो पूरी कायनात की हत्या करने के बराबर है।" शोएब इब्राहिम ने पोस्ट में आगे लिखा, "ढूंढो इन्हें और मारो इन्हें।" शोएब इब्राहिम के अलावा दीपिका कक्कड़ ने भी आतंकवादियों को फांसी देने की मांग की थी।

पहलगाम अटैक पर शोएब इब्राहिम ने शेयर की पोस्ट
बता दें कि जम्मू और कश्मीर के पहलगाम में बीते मंगलवार को आतंकवादियों ने पर्यटकों को अपना निशाना बनाया था। आतंकी हमले में करीब 28 लोगों की मौत हो गई है। वहीं दूसरी ओर 17 से ज्यादा लोग घायल हो गए हैं। प्रशासन ने मामले को लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है।
