Shoaib Ibrahim Fell Ill Gives His Health Update: टीवी के चर्चित एक्टर शोएब इब्राहिम ने सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। शोएब इब्राहिम इन दिनों भले ही छोटे पर्दे से दूर हैं, लेकिन अक्सर व्लॉग शेयर कर फैंस के साथ जुड़े रहते हैं। शोएब इब्राहिम बीते कुछ वक्त से दीपिका कक्कड़ के स्वास्थ्य की वजह से उलझे हुए थे। एक्ट्रेस को स्टेज 2 लिवर कैंसर हो गया था। उनकी सर्जरी से लेकर हर एक चीज का शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने खूब ख्याल रखा। लेकिन अब शोएब इब्राहिम की खुद की तबीयत खराब हो गई है। इस बात का खुलासा खुद शोएब ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में किया। उन्होंने बताया कि बीते कुछ दिनों से वह कमजोर महसूस कर रहे हैं। साथ ही उन्होंने अपना ब्लड टेस्ट भी कराया है।
शोएब इब्राहिम (Shoaib Ibrahim) ने अपने लेटेस्ट व्लॉग में बीते कुछ दिनों से वीडियोज शेयर न करने का कारण भी साझा किया। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए कहा, "मैं पिछले कुछ दिनों से यू-ट्यूब के लिए वीडियो नहीं बना रहा था, क्योंकि मुझे सिर में दर्द हो रहा था। मैं काफी कमजोर महसूस कर रहा था और इसी वजह से मैंने अपना ब्लड टेस्ट भी कराया। मैं दुआ कर रहा हूं कि कुछ परेशानी न सामने आए।" शोएब इब्राहिम की बातें सुनकर फैंस भी उनके लिये दुआ कर रहे हैं। इससे इतर व्लॉग में दीपिका कक्कड़ और शोएब इब्राहिम एक्ट्रेस के पिता का जन्मदिन भी मनाते नजर आए।
बता दें कि दीपिका कक्कड़ (Dipika Kakar) की भले ही लिवर कैंसर सर्जरी हो गई है, लेकिन अभी भी दीपिका कक्कड़ के सिर से खतरा नहीं टला है। शोएब इब्राहिम और दीपिका ने बताया था कि अभी एक्ट्रेस का इलाज लंबा चलने वाला है। वहीं टार्गेट थेरेपी के कारण दीपिका कक्कड़ के मुंह में छाले आ गए थे, जिससे उनका खाना-पीना भी मुश्किल हो गया था।
