एक्टर वरुण धवन और एक्ट्रेस कृति सेनन की जोड़ी एक बार फिर साथ आई है, लेकिन इस बार बड़े पर्दे पर नहीं, बल्कि अपनी आवाज के जरिए। दोनों कलाकारों ने हॉलीवुड की हॉरर फिल्म ऑब्सेशन (Obsession) के हिंदी वर्जन के लिए डबिंग की है। इस खबर के सामने आने के बाद उन फैंस को भी झटका लग सकता है, जो दोनों को 'भेड़िया 2' में साथ देखने का इंतजार कर रहे हैं। सोशल मीडिया पर दोनों के एक वीडियो के बाद उनकी दोबारा साथ आने की चर्चा तेज हो गई थी। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Tiger Shroff फायरिंग केस में MCOCA लागू, आरोपियों की बढ़ीं मुश्किलें)
ऑब्सेशन में किसे मिली कौन-सी भूमिका?
निर्देशक करी बार्कर की फिल्म ऑब्सेशनमें कृति सेनन ने निक्की के किरदार को अपनी आवाज दी है। ओरिजिनल फिल्म में यह किरदार इंडे नवरेट ने निभाया है। वहीं, वरुण धवन ने बेयर के किरदार के लिए डबिंग की है, जिसे अंग्रेजी वर्जन में माइकल जॉनस्टन ने निभाया है। यह फिल्म हिंदी और अंग्रेजी, दोनों भाषाओं में जियोहॉटस्टार के पिकॉक हब पर उपलब्ध होगी। कृति सेनन ने इस प्रोजेक्ट को अपने लिए नया और चुनौती भरा अनुभव बताया। उन्होंने कहा कि उन्हें फिल्म और कलाकारों का काम काफी पसंद आया। उनके मुताबिक, इसकी कहानी दिलचस्प होने के साथ-साथ अजीब और डरावनी भी है। वरुण धवन ने कहा कि हिंदी वर्जन के लिए काम करते हुए उन्हें फिल्म को एक अलग नजरिए से समझने का मौका मिला। कहानी को करीब से देखने पर उन्हें कई ऐसी बातें भी समझ आईं, जिन पर पहली बार फिल्म देखते समय उनका ध्यान नहीं गया था।
क्या है ऑब्सेशन की कहानी?
बताते चलें कि फिल्म ऑब्सेशन की कहानी बेयर नाम के एक शर्मीले युवक के इर्द-गिर्द घूमती है, जो अपनी पसंद की लड़की निक्की का प्यार पाने के लिए 'वन विश विलो' नाम की रहस्यमयी चीज का सहारा लेता है। लेकिन उसकी यह इच्छा जल्द ही डरावने रूप में बदल जाती है। निक्की का जुनून खतरनाक होने लगता है और बेयर की जिंदगी एक बुरे सपने में बदल जाती है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, करीब 7.5 लाख डॉलर के बजट में बनी इस फिल्म ने दुनिया भर में 50 करोड़ डॉलर से ज्यादा की कमाई की है। फिल्म 30 अक्टूबर को जियोहॉटस्टार पर रिलीज होगी।
