बॉलीवुड

Salman Khan की 'Maatrubhumi' की रिलीज पर बड़ा अपडेट, 13 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी फिल्म?

सुपरस्टार सलमान खान की फिल्म 'मातृभूमि' की रिलीज पर सबकी नजरें टिकी हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेकर्स 13 नवंबर की तारीख पर विचार कर रहे हैं, लेकिन सेंसर बोर्ड की मंजूरी अभी बाकी है।

Image

सलमान खान की 'मातृभूमि' को लेकर आया अपडेट (pic credit-instagram)

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान (Salman Khan) की फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' को लेकर फैंस का इंतजार अभी खत्म नहीं हुआ है। फिल्म को सरकार से रिलीज की मंजूरी मिलने की खबर है, लेकिन अब भी सेंसर बोर्ड की हरी झंडी बाकी है। इसी वजह से मेकर्स रिलीज डेट का ऐलान नहीं कर पा रहे हैं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान चाहते हैं कि फिल्म दिवाली के बाद नवंबर में ही सिनेमाघरों में आए। इसके लिए 13 नवंबर की तारीख पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस तारीख पर अंतिम फैसला सेंसर बोर्ड की स्क्रीनिंग के बाद ही होगा। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Bhediya 2 से पहले वरुण-कृति का नया धमाका, हॉरर फिल्म 'Obsession' के लिए की डबिंग)

सेंसर बोर्ड की मंजूरी का इंतजार

रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' पहले अप्रैल में एक अलग नाम से रिलीज होने वाली थी। लेकिन फिल्म में चीन के खिलाफ दिखाए गए मुद्दों पर आपत्ति के बाद इसके नाम और कहानी में कई बदलाव किए गए। सरकार से मंजूरी मिलने के बाद मेकर्स ने अक्टूबर की शुरुआत में केंद्रीय फिल्म प्रमाणन बोर्ड (CBFC) से स्क्रीनिंग के लिए संपर्क किया था। बताया जा रहा है कि सेंसर बोर्ड ने 26 अक्टूबर को फिल्म देखने की बात कही थी, लेकिन ऐसा नहीं हो पाया। अब सलमान खान चाहते हैं कि बोर्ड जल्द से जल्द फिल्म देखे, ताकि नवंबर में रिलीज का रास्ता साफ हो सके। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह इस मामले को आगे बढ़ाने के लिए सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से भी कई बार बात कर चुके हैं।

13 नवंबर की तारीख क्यों है खास?

फिल्म 'मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस' के लिए 20 नवंबर की तारीख पर विचार नहीं किया गया, क्योंकि इससे आयुष्मान खुराना और शरवरी की फिल्म 'ये प्रेम मोल लिया' की रिलीज के बीच कम समय बचता है। यह फिल्म 27 नवंबर को रिलीज होने वाली है। सलमान नहीं चाहते कि उनकी फिल्म से सूरज बड़जात्या की फिल्म पर असर पड़े, क्योंकि वह उन्हें अपने परिवार जैसा मानते हैं। वहीं, 4 दिसंबर की तारीख भी मुश्किल मानी जा रही है। इस दिन श्रद्धा कपूर की फिल्म 'ईथा' रिलीज होने वाली है और दोनों फिल्मों को जियो स्टूडियोज से जुड़ा बताया जा रहा है। दिसंबर में 'एवेंजर्स: डूम्सडे', 'ड्यून' और शाहरुख खान की 'किंग' जैसी बड़ी फिल्मों की रिलीज तय बताई जा रही है। ऐसे में 13 नवंबर की तारीख 'मातृभूमि' के लिए बेहतर विकल्प नजर आती है। हालांकि, रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी की 'रामायण' से टक्कर का खतरा भी है। फिलहाल सबकी नजरें सेंसर बोर्ड की स्क्रीनिंग पर हैं। मंजूरी मिलने के बाद ही साफ होगा कि सलमान खान की यह फिल्म 13 नवंबर को सिनेमाघरों में आएगी या रिलीज की तारीख फिर बदलेगी।

Kumar Sarash
कुमार सरसauthor

कुमार सरस टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में एंटरटेनमेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। उनकी लेखन शैली सरल, स्पष्ट और रोचक है, जो पाठकों को तुरंत जोड़ लेती है। कुमार सरस को बॉलीवुड, टीवी और OTT की ट्रेंडिंग खबरों पर काम करने में खास रुचि है। अब तक उन्होंने 2,500 से अधिक आर्टिकल्स लिखे हैं, जिनमें ब्रेकिंग न्यूज़, एक्सक्लूसिव अपडेट्स और एंटरटेनमेंट फीचर्स शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article