Chetan Hansraj on Yash Playing 'Ravana' Role: नितेश तिवारी के निर्देशन में बन रही 'रामायण' बॉलीवुड की सबसे चर्चित और बड़े बजट वाली फिल्मों में शामिल है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे सितारों से सजी यह पौराणिक फिल्म इस साल 8 नवंबर को सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है। फिल्म की मुख्य स्टारकास्ट के साथ कई शानदार कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे। इन्हीं में से एक नाम अभिनेता चेतन हंसराज का है। टीवी और फिल्मों में अपनी पहचान बना चुके चेतन इस फिल्म में राजा माली का किरदार निभा रहे हैं। खास बात यह है कि उनका किरदार रावण के नाना यानी मातामह का है। हाल ही में एक एक्सक्लूसिव बातचीत में चेतन ने अपने किरदार की तैयारी और यश के साथ काम करने का अनुभव साझा किया। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: धर्मेंद्र की 'Batwara' ने 37 साल पहले मचाया था तहलका, क्या Sunny Deol की 'Batwara 1947' दोहराएगी इतिहास?)
'रामायण' में राजा माली का किरदार निभाएंगे चेतन
चेतन हंसराज ने बताया कि राजा माली का किरदार निभाने के लिए उन्होंने खुद काफी रिसर्च की। उनके मुताबिक किसी भी किरदार को पर्दे पर प्रभावी तरीके से निभाने के लिए पहले उसके बारे में गहराई से समझना जरूरी है। अभिनेता ने बताया कि उन्होंने राजा माली के चरित्र को समझने के साथ-साथ निर्देशक नितेश तिवारी की सोच को भी जानने की कोशिश की। इसके अलावा फिल्म की टीम से उन्हें काफी मदद मिली।
चेतन के मुताबिक इस किरदार को तैयार करने में निर्देशक नितेश तिवारी और एक्शन डायरेक्टर टेरी नोटरी के इनपुट भी महत्वपूर्ण रहे। सभी ने मिलकर तय किया कि राजा माली को किस अंदाज में पर्दे पर पेश किया जाना चाहिए।
फिल्म की शुरुआत में ही दिखेगा दमदार किरदार
चेतन ने बताया कि उनका किरदार फिल्म की शुरुआत में ही दिखाई देता है, इसलिए उसमें खास तरह की ताकत और प्रभाव होना जरूरी था। इसी वजह से किरदार की तैयारी पर काफी ध्यान दिया गया। उन्होंने कहा कि यह पूरी प्रक्रिया एक टीम एफर्ट थी, जिसमें उनकी अपनी तैयारी के साथ नितेश तिवारी और टेरी नोटरी की सोच भी शामिल रही। (टाइम्स नाउ नवभारत पर इसे भी पढ़ें: Jr NTR की शोल्डर सर्जरी के बाद Prashanth Neel ने बदला प्लान, 'Salaar 2' पर काम होगा शुरू?)
यश को देखकर बोले- 'ये परफेक्ट रावण हैं'
बातचीत के दौरान चेतन हंसराज ने यश के साथ काम करने का अनुभव भी साझा किया। उन्होंने यश को बेहद शानदार, शांत और जमीन से जुड़ा हुआ इंसान बताया। चेतन ने कहा कि यश इस प्रोजेक्ट को लेकर काफी उत्साहित हैं। पहली बार उन्हें रावण के लुक और किरदार में देखकर चेतन को लगा कि यश इस भूमिका के लिए बिल्कुल परफेक्ट हैं। यश फिल्म में रावण का किरदार निभा रहे हैं, ऐसे में उनके लुक और परफॉर्मेंस को लेकर दर्शकों के बीच पहले से ही जबरदस्त उत्सुकता है। चेतन हंसराज ने यह भी बताया कि उन्हें भारतीय पौराणिक कथाओं से बचपन से ही लगाव रहा है। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत में बीआर चोपड़ा की 'महाभारत' में भी काम किया था।
