Parag on Shefali's death: बॉलीवुड और टीवी के गलियारों में कांटा लगा गर्ल के नाम से मशहूर अदाकारा शेफाली जरीवाला ने साल 2025 के जून महीने में अचानक से इस दुनिया को अलविदा कह दिया। शेफाली जरीवाला हमेशा फिट लगती थीं, जिस कारण उनके फैंस को मौत की खबर पर भरोसा न हुआ। शेफाली जरीवाला की मौत की खबर सामने आते ही इंटरनेट पर कई तरह की थ्योरीज भी वायरल होने लगीं, जिनमें उनकी मौत की वजहों को डिस्कस किया जाने लगा। किसी ने कहा कि शेफाली जरीवाला एंटी-एजिंग दवाइयां खाती थीं, जिस कारण वो इस उम्र में भी जवान लगती थीं तो किसी ने कहा कि शेफाली ने व्रत में हैवी डोज की दवाइयां खाई थीं, जिन्हें उनका शरीर सह न सका। शेफाली की मौत को काफी वक्त हो चुका है और उनके फैंस को अब तक समझ नहीं आ रहा है कि शेफाली जरीवाला की मृत्यु अचानक से कैसे हो गई? शेफाली जरीवाला के पति और एक्टर पराग त्यागी ने अपनी पत्नी की मौत से जुड़ी थ्योरीज पर फाइनली चुप्पी तोड़ी है और बताया है कि लोग जो बातें बना रहे हैं, उनमें कतई सच्चाई नहीं है।
पराग त्यागी ने अपना एक यूट्यूब चैनल शुरू किया है, जिसमें एक पॉडकास्ट के दौरान एक्टर ने शेफाली जरीवाला की मौत पर चुप्पी तोड़ी है। पराग त्यागी ने शेफाली जरीवाला की मौत को लेकर किए जा रहे सभी दावों को सिरे से खारिज किया है और कहा है कि सभी को अधूरी जानकारी है। पराग त्यागी ने कहा, "शेफाली जरीवाला रोज मल्टीवाइटामिन नहीं लेती थी। वो रोज दवाइयां लेना भूल जाती थी, जिस कारण वो महीने में सिर्फ एक बार आईवी ड्रिप चढ़वाती थीं। शेफाली की आईवी ड्रिप में मल्टीवाइटामिन, विटामिन सी, कोलेजन और ग्लूटाथियोन जैसे अच्छे ऑक्सूडेंट्स शामिल थे।"
पराग त्यागी ने दवाई वाली थ्योरी के साथ-साथ व्रत वाली थ्योरी पर भी चुप्पी तोड़ी है। कई लोगों ने ये दावा किया था कि जिस दिन शेफाली जरीवाला की मृत्यु हुई, उस दिन उनका व्रत था। उन्होंने कुछ खाया नहीं था और ऊपर से उन्होंने हैवी डोज की दवाइयां ले लीं। पराग त्यारी ने कहा, "उस दिन शेफाली का व्रत जरूर था लेकिन पूजा करने के बाद उसने खाना खाया था। खाना खाने के बाद वो सो गई थी। जब वो नींद से उठी तब उसने फिर से खाना खाया। लोग जो बातें कर रहे हैं कि वो भूखी थी, ऐसा कुछ नहीं था।"
पराग त्यागी ने उन लोगों को भी लताड़ा है, जो ये कहते हैं कि शेफाली जवान रहने के लिए एंटी एजिंग दवाइयां लेती थीं। पराग ने कहा है कि शेफाली संयमित लाइफ जीती थी और सेल्फ केयर करती थी, जिस कारण जवान लगती थी। उनकी जवानी की वजह एंटी-एजिंग ट्रीटमेंट नहीं थी।
पराग त्यागी ने आगे बात करते हुए ये खुलासा भी किया कि शेफाली जरीवाला डाइट पर कंट्रोल रखती थीं और हर चीज का संयमित तरीके से लुत्फ उठाती थी। पराग के अनुसार, "शेफाली ने लम्बे समय से अपनी डाइट पर कंट्रोल कर रखा था लेकिन इसका मतलब यह कतई नहीं था कि वो कुछ खाती नहीं थी। वो सभी चीजें एन्जॉय करती थी। उसे चाइनीज खाना बहुत पसंद था और वो आइसक्रीम की शौकीन थी।" पराग त्यागी ने अपने पॉडकास्ट के जरिए लोगों से गुजारिश की है कि वो शेफाली की मौत के आसपास फालतू की थ्योरी न बनाएं।
