रणबीर कपूर की 'रामायण' (Ramayana) को लेकर अब एक ऐसा अपडेट सामने आया है, जो इस फिल्म का पूरा प्लान बदल सकता है। जिस कहानी को मेकर्स दो फिल्मों में खत्म करने की तैयारी कर रहे थे, वह अब तीन हिस्सों में भी दर्शकों के सामने आ सकती है। फिल्म के प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा ने खुद इस संभावना के संकेत दिए हैं। इतना ही नहीं, उन्होंने दूसरी फिल्म की रिलीज को लेकर भी बड़ा बदलाव किया है। पहले 'रामायण: पार्ट 2' साल 2027 में रिलीज होने वाली थी, लेकिन अब इसके लिए 2028 का इंतजार करना होगा। (Times Now Navbharat पर ये भी पढ़ें-Munna Bhai 3 को लेकर आया बड़ा अपडेट, 2027 में शुरू होगी शूटिंग?)
दो पार्ट नहीं, तीन फिल्मों में दिख सकती है रामायण
Review Nation को दिए इंटरव्यू में नमित मल्होत्रा ने बताया कि 'रामायण' की कहानी को पहले तीन फिल्मों में दिखाने की योजना थी। हालांकि, बाद में मेकर्स ने इसे दो हिस्सों में बनाने का फैसला किया। अब पहले पार्ट को दुनियाभर के दर्शकों से मिलने वाली प्रतिक्रिया के आधार पर इस फैसले पर दोबारा विचार किया जा सकता है। नमित का कहना है कि फिल्म देखने के बाद अगर कहानी में कुछ और जोड़ने या हटाने की जरूरत महसूस हुई, तो मेकर्स फिर से इस पर काम कर सकते हैं।
नमित मल्होत्रा ने E! News को बताया कि दूसरी फिल्म के लिए एक साल का अतिरिक्त समय इसलिए लिया गया है, ताकि कहानी के आखिरी हिस्से को बड़े स्तर पर तैयार किया जा सके। मेकर्स किसी भी जल्दबाजी में फिल्म पूरी नहीं करना चाहते। उनका मकसद दर्शकों को ऐसा शानदार अनुभव देना है, जिसके साथ कहानी को सही तरीके से खत्म किया जा सके। बता दें कि नमित ने यह भी बताया कि फिल्म को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाने के लिए इसके दो अलग-अलग वर्जन तैयार किए गए हैं। इनमें से एक वर्जन के लिए अंग्रेजी स्क्रिप्ट को नए तरीके से लिखा गया है। नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी इस फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण के किरदार में नजर आएंगे। वहीं, सनी देओल हनुमान और रवि दुबे लक्ष्मण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का पहला पार्ट 5 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगा। अब देखना होगा कि दर्शकों की प्रतिक्रिया के बाद मेकर्स दो फिल्मों की योजना पर कायम रहते हैं या इसे तीन हिस्सों में बनाने का फैसला करते हैं।
