Munawar Faruqui 32nd Birthday, Mehzabeen Faruqui Showers Love On Him: मशहूर स्टैंडअप कॉमेडियन और 'बिग बॉस 17' विजेता मुनव्वर फारूकी अपने अंदाज के लिए अक्सर सुर्खियों में रहते हैं। मुनव्वर फारूकी का आज 32वां जन्मदिन है और इस खास मौके पर फैंस से लेकर स्टार्स तक मुनव्वर पर जमकर प्यार लुटा रहे हैं। मुनव्वर फारूकी ने अपना जन्मदिन परिवार के साथ सेलिब्रेट किया, जिससे जुड़ी झलकियां भी मेहजबीन कोटवाला ने सोशल मीडिया पर शेयर की हैं। जहां एक फोटो में मुनव्वर फारूकी (Munawar Faruqui) के लिए मेहजबीन ने रोमांटिक बातें लिखीं तो वहीं अगली पोस्ट में स्टैंडअप कॉमेडियन केक काटते हुए दिखाई दिये। मुनव्वर फारूकी के बर्थडे सेलिब्रेशन से जुड़ी फोटो और वीडियो देखते ही देखते सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गई है।
मुनव्वर फारूकी (Munawar Faruqui) के बर्थडे सेलिब्रेशन की झलकियां मेहजबीन कोटवाला ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर साझा कीं। तस्वीरों में मुनव्वर फारूकी के लिए केक रखा हुआ दिखाई दिया, जिसपर लिखा था, "बेस्ट पति और पिता।" इस तस्वीर पर मेहजबीन कोटवाला ने लिखा, "जन्मदिन की ढेर सारी शुभकामनाएं माय लव।" मुनव्वर फारूकी और मेहजबीन कोटवाला के अलावा दोनों बच्चे भी सेलिब्रेशन में मौजूद नजर आए। वहीं वीडियो में मुनव्वर फारूकी ने केक काटकर जहां पहली बाइट अपनी पत्नी मेहजबीन कोटवाला को खिलाई तो वहीं बाद में खुद केक खाया। मुनव्वर फारूकी ने एक केक के टुकड़े में से दो हिस्से करके दोनों बच्चों को भी खिलाया। मुनव्वर के जन्मदिन पर उनके फैंस उन्हें बधाइयां देते नहीं थक रहे हैं।
बता दें कि मुनव्वर फारूकी (Munawar Faruqui) ने स्टैंडअप कॉमेडी से अपनी पहचान बनाई थी। वह कंगना रनौत के शो 'लॉकअप' का भी हिस्सा रह चुके हैं, जिसमें उन्होंने जीत दर्ज की थी। इसके बाद मुनव्वर फारूकी सलमान खान के शो 'बिग बॉस 17' में दिखाई दिये, जिसमें उन्होंने ट्रॉफी अपने नाम की। रियलिटी शोज के अलावा मुनव्वर फारूकी वेबसीरीज में भी हाथ आजमा चुके हैं। बीते साल उनकी 'फर्स्ट कॉपी' रिलीज हुई थी, जिसमें उनके साथ क्रिस्टल डिसूजा और आशी सिंह ने मुख्य भूमिका अदा की थी।
