बिजनेस

SEBI AI Guidelines : शेयर बाजार में AI के इस्तेमाल पर लगेगी लगाम, सेबी बना रहा नए नियम

शेयर बाजार में AI के बेरोकटोक इस्तेमाल को लेकर सेबी ने सख्ती दिखाई है। इसको लेकर अब बाजार नियामक जल्द ही नए दिशानिर्देश लाने की तैयारी में है।

Image

बाजार में AI के इस्तेमाल पर सेबी सख्त

SEBI AI Guidelines : शेयर बाजार में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है। ट्रेडिंग से लेकर निवेश से जुड़े फैसलों और बाजार के विश्लेषण तक, AI की भूमिका लगातार अहम होती जा रही है। लेकिन इसके साथ निवेशकों की सुरक्षा, जवाबदेही और साइबर जोखिम को लेकर भी चिंताएं बढ़ी हैं। अब इन चुनौतियों से निपटने के लिए बाजार नियामक भारतीय प्रतिभूति और विनिमय बोर्ड (SEBI) नई गाइडलाइंस लाने की तैयारी में है।

SEBI के चेयरमैन तुहिन कांत पांडे ने कहा है कि कैपिटल मार्केट में AI के जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द जारी किए जाएंगे। इनका मकसद तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देने के साथ निवेशकों के हितों और बाजार की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

AI के इस्तेमाल पर क्या होंगी SEBI की शर्तें?

पांडे के मुताबिक, प्रस्तावित गाइडलाइंस में AI के इस्तेमाल के लिए जरूरी सुरक्षा उपाय यानी गार्डरेल्स तय किए जाएंगे। इसमें खास तौर पर तीन पहलुओं पर जोर रहेगा।

पहला, AI के इस्तेमाल को लेकर जरूरी डिस्क्लोजर यानी खुलासा करना होगा। दूसरा, SEBI के दायरे में आने वाली रेगुलेटेड संस्थाओं की जवाबदेही तय की जाएगी। तीसरा, 'ह्यूमन-इन-द-लूप' व्यवस्था पर जोर दिया जाएगा।

इसका मतलब है कि AI भले ही किसी प्रक्रिया या फैसले में मदद करे, लेकिन अहम फैसलों पर इंसानी निगरानी बनी रहेगी। यानी महत्वपूर्ण निर्णय पूरी तरह AI सिस्टम के भरोसे नहीं छोड़े जाएंगे।

जून 2025 में जारी हुआ था कंसल्टेशन पेपर

SEBI ने जून 2025 में ही सिक्योरिटीज मार्केट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और मशीन लर्निंग (AI/ML) के जिम्मेदार इस्तेमाल को लेकर एक कंसल्टेशन पेपर जारी किया था।

इसमें AI और ML आधारित एप्लीकेशन तथा मॉडल के इस्तेमाल के लिए कुछ गाइडिंग प्रिंसिपल प्रस्तावित किए गए थे। इनका उद्देश्य तकनीक से मिलने वाले फायदों को बढ़ाना और उससे जुड़े संभावित जोखिमों को कम करना था।

नियामक का जोर यह सुनिश्चित करने पर है कि AI के बढ़ते इस्तेमाल से निवेशकों के हितों, बाजार की पारदर्शिता और वित्तीय स्थिरता पर नकारात्मक असर न पड़े।

साइबर हमलों और डिजिटल फ्रॉड पर भी SEBI की नजर

AI गाइडलाइंस के साथ SEBI साइबर सुरक्षा को लेकर भी सतर्क है। पांडे ने कहा कि नियामक लगातार अपने साइबर सिक्योरिटी फ्रेमवर्क को मजबूत कर रहा है, ताकि तेजी से बदलते साइबर खतरों से निपटा जा सके।

उन्होंने वित्तीय संस्थानों और क्रिप्टोकरेंसी प्लेटफॉर्म को निशाना बनाकर किए जाने वाले साइबर हमलों पर चिंता जताई। इसके अलावा सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स के जरिए होने वाले डिजिटल फ्रॉड भी नियामक के लिए चिंता का विषय हैं।

साइबर घटनाओं की रिपोर्टिंग के लिए नया सिस्टम

पांडे ने बताया कि उभरते साइबर खतरों को देखते हुए SEBI ने इस साल मई में एक स्ट्रक्चर्ड इंसिडेंट रिस्पॉन्स मैकेनिज्म भी लागू किया था। यह फाइनेंशियल स्टेबिलिटी बोर्ड (FSB) के FIRE रिपोर्टिंग टेम्पलेट के अनुरूप है। इस व्यवस्था का उद्देश्य साइबर सुरक्षा से जुड़ी घटनाओं की रिपोर्टिंग और उन पर प्रतिक्रिया देने की प्रक्रिया को व्यवस्थित करना है।

पांडे ने ये बातें नई दिल्ली में 45वें इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर 2026 में SEBI के पवेलियन के उद्घाटन के दौरान कहीं। नई गाइडलाइंस के जरिए नियामक का प्रयास है कि पूंजी बाजार में AI का इस्तेमाल सुरक्षित, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से हो।

इनपुट एजेंसीज

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article