Exclusive Khushi Dubey Reaction On Jaadu Teri Nazar Going Off Air: टीवी के चर्चित शो 'जादू तेरी नजर' ने सुर्खियां बटोरने में कोई कसर नहीं छोड़ी। गुल खान के सुपर नैचुरल शो 'जादू तेरी नजर' के हर एक किरदार के साथ-साथ इसकी कहानी को भी खूब पसंद किया गया। शुरुआत में सीरियल ने टॉप 5 में भी अपनी जगह बखूबी बनाई थी। हालांकि कुछ दिनों से 'जादू तेरी नजर' (Jaadu Teri Nazar) की टीआरपी लुढ़कती हुई नजर आ रही है। वहीं बीते महीने ही खबर आई थी कि 'जादू तेरी नजर' पर मेकर्स ने ताला लगाने का फैसला कर लिया है। इस शो के बंद होने की खबर ने फैंस को भी हैरान करने में कोई कसर नहीं छोड़ी थी। वहीं अब इस मामले पर 'जादू तेरी नजर' की गौरी यानी खुशी दुबे (Khushi Dubey) ने चुप्पी तोड़ी है। उन्होंने बताया कि कैसे सीरियल के बंद होने की बात ने उन्हें हैरान कर दिया था।
खुशी दुबे (Khushi Dubey) ने जूम/टेली टॉक संग बातचीत के दौरान इस बात की पुष्टि की कि 'जादू तेरी नजर' (Jaadu Teri Nazar) पर जल्द ही ताला लगने वाला है। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए कहा, "असल में मैं हैरान थी। मैं इसकी जरा भी उम्मीद नहीं कर रही थी। हम सभी को काफी झटका लगा। इस चीज को लेकर कोई भी इशारा नहीं दिया गया था और उम्मीद भी नहीं थी इसके बंद होने की, क्योंकि उन दिनों टीआरपी बढ़ रही थी। हम सभी को लग रहा था कि 'जादू तेरी नजर' की टीआरपी में बढ़ोत्तरी होगी। लोगों को भी मेरी और जैन की केमिस्ट्री पसंद आ रही थी। उन्हें 'गौरीहान' से प्यार हो गया था और ये चीज ट्रेंड भी कर रही थी।"
खुशी दुबे (Khushi Dubey) यहीं नहीं रुकीं। उन्होंने इस बारे में बात करते हुए आगे कहा, "ईमानदारी से बताऊं तो मैं हैरान और स्तब्ध थी। मुझे इस बारे में अपने प्रोड्यूसर से पता चला। गुल मैम हमारे लिए परिवार की तरह हैं। मैंने उनके साथ 'आशिकाना' भी किया है और वो काफी हिट था। वो भी एक खूबसूरत सफर था। पूरे इंस्टाग्राम पर हम छाए थे और यही फैनबेस हमें 'जादू तेरी नजर' में भी मिला।" बता दें कि अभी तक 'जादू तेरी नजर' के आखिरी एपिसोड की रिलीज डेट सामने नहीं आई है।
