Bigg Boss 19 Written Update 22 September, 2025: टीवी की दुनिया का चर्चित शो 'बिग बॉस 19' अक्सर सुर्खियों में नजर आता है। शो में आए दिन कंटेस्टेंट्स के बीच बवाल देखने को मिलता है। 'बिग बॉस 19' के 22 सितंबर के एपिसोड में भी कंटेस्टेंट्स के बीच महाभारत छिड़ी नजर आई। शो में दिखाया गया कि किचन ड्यूटीज को लेकर जीशान कादरी और कुनिका सदानंद में जमकर लड़ाई हुई। इस झगड़े के बीच कुनिका सदानंद ने जीशान कादरी को थप्पड़ मारने की धमकी भी दी। वहीं दूसरी ओर तान्या मित्तल के बाद अब नीलम गिरी से भी कुनिका सदानंद की दोस्ती खतरे में नजर आ रही है।
'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) की शुरुआत झगड़े से भरपूर रही। दरअसल, शो में जीशान कादरी, अमाल मलिक और मृदुल तिवारी में ड्यूटी को लेकर कंफ्यूजन थी। वहीं नीलम ने जीशान से बताया कि कुनिका मैम उन्हें दूसरों की मदद के लिए मना करती हैं और कहती हैं कि तभी तुम्हें लोग पीपल प्लीजर कहते हैं। इस बात से जीशान कादरी बिफर पड़े और कुनिका सदानंद से बोले कि अपने काम से काम रखा करो। उनकी बहस यहीं खत्म नहीं हुई। ड्यूटीज पर चर्चा के लिए जीशान को बाहर बुलाया गया, लेकिन वो नहीं आए। इसपर कुनिका सदानंद ने नाराजगी जाहिर की। वहीं जीशान कादरी का भी पारा चढ़ गया और बोले 'मैं कुनिका जी से कुनिका' पर आ जाऊंगा। उनकी इस बात पर कुनिका सदानंद ने झापड़ मारने की धमकी दी, साथ ही कहा, "वासेपुर जाओ। खुद को वासेपुर का गुंडा समझते हो ना तो मैं भी मुंबई की महारानी हूं।"
नीलम गिरी से भी हुई खींचतान
'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) में कुनिका सदानंद ने नीलम गिरी पर जीशान कादरी के कान भरने का आरोप लगाया। कुनिका ने कहा कि मैंने नीलम तान्या से ये बात जीशान से कहने के लिए मना की थी, लेकिन इसने फिर भी कही। तान्या ने कुनिका को मनाने की कोशिश की, लेकिन वह उनसे बात करने के लिए भी तैयार नहीं हुईं। वहीं मृदुल तिवारी ने नीलम से कहा कि तुम सबकी सेवा में लगी रहती हो। इस बीच आवेज दरबार ने भी कहा कि लोग यूं ही उसका फायदा उठाते हैं। आवेज की बात नीलम को पसंद नहीं आई और एक्ट्रेस ने आवेज पर भड़ास निकाल दी। यहां तक कि बाकी घरवालों के सामने भी फफककर रोती नजर आईं।
कुनिका सदानंद और बसीर अली में हुआ झगड़ा
'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) में जब मृदुल तिवारी ने रोटी मांगी तो कुनिका सदानंद ने कहा कि रोटी खत्म हो गई है। वह मामले के लिए अशनूर कौर को बुलाने लगीं, इसपर बसीर अली ने कहा कि रोटी की ड्यूटी तान्या की थी तो अशनूर को क्यों बुलाया जा रहा है। इस बात पर दोनों की बहस छिड़ गई। वहीं अगली सुबह भी चॉपिंग की ड्यूटी पर जमकर बवाल हुआ। कुनिका सदानंद और बसीर अली के बीच झगड़ा इतना बढ़ गया कि एक्टर ने कुनिका को 'शैतान' तक बता दिया।
अभिषेक बजाज और फरहाना भट्ट में छिड़ी जंग'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) में फरहाना भट्ट, प्रणित मोरे और बाकी ग्रुप के सदस्य को बताने की कोशिश कर रही थीं कि कुनिका सदानंद ने अशनूर को झगड़े में खींचने की कोशिश की थी। लेकिन बसीर ने वहां उन्हें टोका। लेकिन फरहाना के बात पूरी करने से पहले ही अभिषेक बजाज बोलने लगे। ऐसे में दोनों के बीच बहस शुरू हो गई। झगड़ा इतना बढ़ गया कि जहां फरहाना ने अभिषेक को ताना मारा कि तुझे कैप्टेंसी भीख में मिली है, वहीं अभिषेक बजाज ने भी कहा कि फरहाना लेटकर बात कर। 'बिग बॉस 19' में बसीर अली ने अभिषेक बजाज की कैप्टेंसी पर भी सवाल उठाया और उन्हें बतौर कैप्टन फेल कहा।
नॉमिनेशन के लिए बटी टीम
'बिग बॉस 19' (Bigg Boss 19) में नॉमिनेशन की प्रक्रिया कमेंट्री टास्क के साथ हुई, जिसके लिए दो टीम बटी। एक टीम में शहबाज बडेशा, अमाल मलिक, तान्या मित्तल, जीशान कादरी, कुनिका सदानंद, फरहाना भट्ट और बसीर अली थे तो वहीं दूसरी टीम प्रणित मोरे की थी। प्रक्रिया में कमेंट्री के लिए सबसे पहली जोड़ी प्रणित और नीलम की गई। लेकिन ये देखना दिलचस्प होगा कि कौन सी जोड़ी इसमें जीत दर्ज करती है।
